मांगों को लेकर डाक सेवकों ने किया हड़ताल

गाजीपुर। अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ भीमापार उप मंडल से जुड़े ग्रामीण डाक सेवकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इस मौके पर डाक सेवकों ने उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा व पेंशन देने, विभागीय कर्मचारियों के समान वेतन और आठ घंटे की ड्यूटी समेत 11 सूत्री मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। शुक्रवार को ग्रामीण डाक सेवक भीमापार स्थित मुख्य डाकघर में एकत्र हुए। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि वह विषम परिस्थितियों में लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन विभाग लगातार उनकी जायज मांगों की अनदेखी करता रहा है। अन्य विभागीय कर्मचारियों की तरह उन्हें अच्छी सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से अभी तक कमलेश चंद्र कमेटी की सिफारिशें भी पूर्ण रूप से लागू नहीं की गई हैं। इस मौके पर विभाग से उनकी जायज मांगों के निराकरण की मांग की गई। धरना प्रदर्शन करने वालों में शशिकांत सिंह, नीलम सिंह, रामाश्रय कुशवाहा, सन्तोष यादव, संजय यादव, प्रमोद सिंह, सुनीता पाल, अमित यादव, रचना सिंह, अखिलेश यादव आदि शामिल रहे।

एक हफ़्ते के अंदर बीसी सखियों के समस्याओं का हो निस्तारण:- सीडीओ

गाजीपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत कार्यरत बी0सी सखी योजना के प्रगति समीक्षा
हेतु विकास भवन सभागार में गुरूवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद के 16 विकास खण्ड़ो से अच्छे कार्य करने वाली कुल 80 बी0सी0 सखी द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बी०सी० सखियो से उनकी समस्याओ के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए उसके त्वरित निस्तारण हेतु बैंकिग पार्टनर पे-नियरबाई के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बी0 सी0 सखियो द्वारा बताया गयी प्रमुख समस्याओ में टी०डी०एस० कटौती, रू 5000/- तक की ही निकासी की अनुमति होना, डीवाईस खराब होना एवं बैंकिग पार्टनर का अपेक्षित सहयोग न मिलना ,जिस पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा पे- नियरबाई के उपस्थित अधिकारियो पर नाराजगी व्यक्त की गयी व निर्देशित किया गया कि 1 सप्ताह के अन्द्र बी0 सी0 सखियो का पूर्णत: सहयोग करते हुए इनकी समस्त समस्याओ का
निराकरण किया जाये। बैठक में उपस्थित पे-नियरबाई के अधिकारियो द्वारा आश्वस्त किया गया कि आगामी सप्ताह
से प्रत्येक विकास खण्ड में कैम्प का आयोजन करते हुए बी0सी0 सखियो को जागरूक करते हुए उनकी समस्त समस्याओ का निस्मारण किया जायेगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा पे-नियरबाई के अधिकारियो को निर्देशित किया गया कि माह दिसम्बर 2023 में जनपद की कुल 989 आपरेशनल बी०सी० सखियों की अनिवार्य रूप से सक्रिय करते हुए मानक के अनुसार माह में प्रति बी०सी० सखी कम से कम 15 ट्रांजेक्शन कराया जाये। किसी भी दशा में कोई भी बी0सी0 सखी इनेक्टिव नही होनी चाहिये। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा समस्त बी0सी0 सखियो को नियमित रूप से ट्रांजेक्शन करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही हर सम्भव मदद का भी भरोसा दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रत्येक विकास खण्ड से अच्छा कार्य करने वाली कुल 16 बी0सी सखी को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया। साथ ही बी०सी० सखी को निर्देशित किया गया कि माह दिसम्बर 2023 में अच्छा कार्य करने वाली बी०सी० सखियो को माह जनवरी 2024 में सम्मानित किया जायेगा। बैठक में उपायुक्त स्वत: रोजगार, पे-नियरबाई के अधिकारी उपस्थित रहे।

खाद्य विभाग ने 53 मिलावट खोरों पर लगाया 6 लाख रुपए का जुर्माना

गाजीपुर। खाद्य विभाग की तरफ से मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर जिले में अभियान चलाया गया था। इस दौरान लिए गए नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया था। खाद्य विश्लेषक की ओर से जांच में 53 खाद्य पदार्थों में मिलावट की पुष्टि हुई थी। इनमें छेना, टाफी, सूजी, साबुदाना, तेल,खोवा, अन्नास का जूस, दूध, गुलाब जामुन, पनीर, बादाम पट्टी शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट प्राप्त करने के बाद अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)-न्याय निर्णायक अधिकारी के न्यायालय में वाद प्रस्तुत किया गया। न्याय निर्णायक अधिकारी (वि./रा.) अरुण कुमार सिंह के न्यायालय ने विचार के बाद 53 वादों पर छह लाख एक हजार रुपये का अर्थदण्ड लगाया। जिसमें कम से कम दस हजार रुपये का जुर्माना और अधिकतम 13 हजार रुपये का जुर्माना लगा है। अर्थदंड समय से जमा न किये जाने पर आरसी के माध्यम से वसूली की जाएगी। 53 लोगों के ऊपर लगे इस जुर्माने से जिले के कई दुकानदारों में खलबली मची हुई है।

सुप्रीम कोर्ट ने दिया अफजाल अंसारी को बड़ी राहत

नई दिल्ली। गाज़ीपुर से बसपा के पूर्व सांसद अफजाल अंसारी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। गैंगस्टर मामले में चार साल की सजा मिलने के बाद संसद की सदस्यता गंवा चुके बीएसपी के पूर्व सांसद अफजाल अंसारी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट का आदेश आया है। अफजाल अंसारी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। अफजाल की दोषसिद्धि पर सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम रोक लगाई है। हाईकोर्ट को 30 जून 2024 तक अफजाल के मामले की सुनवाई पूरी कर फैसला देने का आदेश दिया गया है। गाजीपुर लोकसभा सीट पर उप चुनाव नहीं होगा। एमपी लैड स्कीम के पैसे का इस्तेमाल हो सकेगा।
सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस सूर्यकांत की बेंच ने यह फैसला सुनाया है। अफजाल अंसारी को सुप्रीम कोर्ट से राहुल गांधी की तर्ज पर राहत दिए जाने की मांग की गई थी। अपनी याचिका में अफजाल अंसारी ने 2007 के गैंगस्टर एक्ट मामले में अपनी दोषसिद्धि को निलंबित करने की मांग सुप्रीम कोर्ट से की थी।

सीएमओ कार्यालय में स्वास्थ्यकर्मियों को मिला प्रशिक्षण

टीबी नोटिफिकेशन बढ़ाने व ज्यादा से ज्यादा स्क्रीनिंग, जांच करने पर दिया जाए ज़ोर

सीएमओ कार्यालय में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्यकर्मियों को मिला प्रशिक्षण

नोटिफिकेशन के साथ ही टीबी रोगियों का सफलतापूर्वक उपचार पूरा करना भी आवश्यक

वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करना हम सभी की की प्राथमिकता



गाज़ीपुर। जनपद के गोरा बाजार स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में बुधवार को राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अंतर्गत समस्त प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के स्वास्थ्य कर्मियों और एनटीईपी के कर्मचारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के निर्देशन व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल के नेतृत्व में सीएचसी व पीएचसी के लैब टेकनीशियन (एलटी), लैब असिस्टेंट (एलए) और कोविड-19 एलटी समेत एनटीईपी के सभी कर्मचारियों को टीबी नोफिकेशन बढ़ाने और अधिक से स्क्रीनिंग व जांच करते हुए प्रिविलेन्स ऑफ टीबी रिएक्टिव (पीटीआर) के लिए प्रशिक्षण दिया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ मनोज कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) डॉ मिथलेश कुमार सिंह और डब्ल्यूएचओ के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ वीजे विनोद ने समस्त 60 स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिया। डीपीसी डॉ मिथलेश कुमार ने बताया कि शासन समेत जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश के क्रम में जनपद में टीबी नोटिफिकेशन बढ़ाने पर पूरा ज़ोर दिया जा रहा है। इसके लिए समय समय पर अभियान और विशेष शिविर लगाकर लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। एनटीईपी के सभी कर्मी, सीएचसी-पीएचसी के स्वास्थ्यकर्मियों और स्वास्थ्यकर्ताओं को लगातार प्रशिक्षित किया जा रहा है। वर्तमान में जनपद में टीबी का नोटिफिकेशन रेट लक्ष्य के सापेक्ष 74 प्रतिशत चल रहा है जिसको वर्ष के अंत तक शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नोटिफिकेशन अधिक होने के साथ ही टीबी रोगियों का सफलतापूर्वक उपचार पूरा करना भी आवश्यक है। वर्तमान में जनपद का टीबी सक्सेस रेट 88 प्रतिशत चल रहा है। टीबी रोगियों को लगातार निक्षय मित्रों द्वारा गोद लेकर उनके उपचार व पोषण में मदद की जा रही है। साथ ही उन्हें भावनात्मक सहयोग भी दिया जा रहा है। वर्तमान में जनपद में 235 निक्षय मित्रों ने 402 मरीजों को गोद लिया है, जिनका उपचार चल रहा है।



दवा का पूरा कोर्स जरूरी

डॉ मिथलेश ने बताया कि यदि टीबी के लक्षणों के आधार इसकी पहचान शुरुआती दिनों में हो जाए तो मरीज छह माह के सम्पूर्ण उपचार से ठीक हो जाता है। टीबी का इलाज अधूरा छोड़ने पर यह गंभीर रूप लेकर मल्टी ड्रग रेजिस्टेंट (एमडीआर) टीबी के रूप में सामने आता है। टीबी के मरीज ड्रग रेजिस्टेंट न हों इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और जिला टीबी नियंत्रण इकाई मरीजों का नियमित फॉलोअप कर रही है। टीबी मरीजों को निक्षय पोषण योजना के तहत उपचार के दौरान प्रतिमाह 500 रुपये पोषण भत्ते के रूप में सीधे मरीज के खाते में भेजे जाते हैं।

वर्ष 2025 तक प्राप्त करना है लक्ष्य

डब्ल्यूएचओ के डॉ वीजे विनोद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व स्तर पर निर्धारित समय सीमा से पांच साल पहले यानि साल 2025 तक भारत से टीबी उन्मूलन के लिए एक अभियान शुरू किया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, टीबी के उन्मूलन का मतलब होगा कि वर्ष 2025 तक देश की एक लाख की आबादी पर टीबी के अधिक से अधिक 44 मामले से अधिक न हों। डब्ल्यूएचओ ग्लोबल टीबी रिपोर्ट 2023 के अनुसार वर्तमान में देश की एक लाख की आबादी पर 199 टीबी रोगी मौजूद हैं जिसको वर्ष 2025 तक बेहद कम कर लक्ष्य को प्राप्त करना हम सभी की प्राथमिकता है।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही सरकार की लाभकारी योजनाएं:-एमएलसी

एमएलसी चंचल ने पात्र लाभार्थियों को दिया प्रमाण पत्र

समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही सरकार की लाभकारी योजनाएं:-एमएलसी



गाज़ीपुर। (सैदपुर) विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत ग्राम सभा बहेरी स्थित कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में एवं देवकली ब्लाक के ग्राम सियावा मे बुधवार को लोक संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसका मुख्य अतिथि भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने कहाँ की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी सोच का प्रमाण है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अब गांव – गांव तक पहुंच रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का कहना था कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अगर समाज के अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंच रही हैं तो वह सरकार विफल है। लेकिन आज केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास, राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना, विश्वकर्मा योजना आदि के तहत पात्र होने पर पंजीकरण कराकर लाभ दिला रहे हैं।

चौपाल में उपस्थित जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जब तक एक-एक व्यक्तियों का कार्य पूर्ण न हो जाए तब तक चौपाल में ही रुके रहे। कहाँ की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंधित सभी अधिकारी आमजन के बीच ग्राम सभा में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा पात्र व्यक्तियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिला रहे हैं। भारत को संपूर्ण विकास की दिशा में ये संकल्प यात्रा की एक महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत तभी विकास की ओर अग्रसर रहेगा जब गांव विकसित होगे। इस दौरान एडीओ पंचायत गंगासागर कुशवाहा ने ग्रामीणों को पंचप्रण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में योजनाओं से लाभान्वित हुए पात्रों में प्रमाण पत्र भी वितरित किया गया। इस अवसर पर शैलू सिंह , संतोष चौहान, मिथिलेश दीक्षित, लाल बहादुर यादव, अचल सिंह, बाबूलाल यादव, ग्राम प्रधान चंद्रशेखर, परियोजना निदेशक मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का संचालन बीडीओ सैदपुर ने किया।

रियाज अंसारी पर अन्यायपूर्ण कार्रवाई कर रही जिला प्रशासन:जिलाध्यक्ष

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह से मिलकर बहादुर गंज जिला पंचायत के चेयरमैन रियाज अंसारी एवं उनकी पत्नी निकहत अंसारी के खिलाफ राजनैतिक विद्वेष से दर्ज किए जा रहे फर्जी मुकदमें, रजिस्ट्री शुदा जमीन पर किये गये ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने की मांग किया। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि रियाज अंसारी पार्टी के वरिष्ठ नेता होने के साथ साथ पांच बार से बहादुर गंज नगर पंचायत के निर्वाचित चेयरमैन रहे‌ है। वह जनता को बीच काफी लोकप्रिय हैं। जनता के बीच उनकी लोकप्रियता और बढ़ते वर्चस्व के चलते उनके विरोधी द्वेष एवं ईर्ष्यावश लगातार उनके खिलाफ साजिश रचते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिस मकान पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हुई है वह बैनामा शुदा है और रजिस्ट्री के समय जितना उस जमीन पर निर्माण हुआ था उतना ही आज भी है। रियाज अंसारी द्वारा उस जमीन पर एक भी ईंट नहीं रक्खीं गयी है। उन्होंने कहा कि रियाज अंसारी पर कोई भी आपराधिक मुकदमा पहले से नहीं रहा है। इसके बावजूद उनके साथ जिला एवं पुलिस प्रशासन अन्यायपूर्ण कारवाई कर रहा है। उन्होंने रियाज अंसारी और उनकी पत्नी पर दर्ज किए गए फर्जी मुकदमे को जांच कर खत्म किये जाने की मांग किया। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य रामधारी यादव, जिला सचिव एवं मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष अमित ठाकुर,नगर अध्यक्ष दिनेश यादव,पुर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव, बलिराम यादव,सुभाष यादव आदि शामिल थे।

जिले को मिली नई एम्बुलेंस की सौगात

नई एंबुलेंस मिलने से जिले की स्वास्थ्य सुविधा पकड़ेगी रफ्तार

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा स्वास्थ्य सुविधा को बेहतर बनाने के लिए लगातार कवायद किया जा रहा हैं। इसी क्रम में जनपद को शासन की तरफ से 8 नए 102 एम्बुलेंस की सौगात मिली है। जिसको मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने हरी झंडी दिखाकर विभिन्न ब्लॉकों के लिए रवाना किया।

102 और 108 एंबुलेंस के प्रभारी दीपक राय ने बताया कि जनपद में कुल 102 के 42 एंबुलेंस और 108 के 33 एम्बुलेंस चल रहे हैं। जिसमें से बहुत सारे एम्बुलेंस पुराने होने की वजह से बार-बार खराब होने की शिकायतें आ रही थी। जिसको देखते हुए शासन की तरफ से गाजीपुर जनपद को कुल 25 नई एंबुलेंस दिए गए। जिसमें से 8 एम्बुलेंस मंगलवार को गाजीपुर भेजे गए। जिसे मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने हरी झंडी दिखाकर विभिन्न ब्लॉकों के लिए रवाना किया।

उन्होंने बताया कि नए एंबुलेंस के आ जाने से स्वास्थ्य सुविधा में गति पकड़ेगी। वहीं अब पुराने व कंडम हो चुके एंबुलेंस को वापस भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि नई मिले एंबुलेंस में 4 मनिहारी ब्लॉक, 2 जखनिया ,2 देवकली, 1 मिर्जापुर ,2 मोहम्दाबाद, 2 कासिमाबाद ,2 बाराचवर के साथ ही अन्य ब्लाकों के साथ ही जिला मुख्यालय पर भी एंबुलेंस दिया गया है।

खाद्य पदार्थों में मिली मिलावट

गाजीपुर। सोमवार और मंगलवार को सहायक आयुक्त (खाद्य ) वाराणसी मण्डल द्वारा एफ0एस0डब्ल्यू वैन के माध्यम से सदर तहसील क्षेत्र में विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 69 नमूनें जॉच किये गये। सोमवार को एफ0एस0डब्ल्यू वैन के माध्यम से दूध से बनी मिठाईयों के 9 नमूनें, अन्य स्वीट्स के 4 नमूनें, मसालें के 5 नमूने, अनाज के 4 नमूनें, दाल के 3 नमूनें, पनीर के 2 नमूनें, सब्जी का 1 नमूना एवं अन्य के 7 नमूनें कुल 35 नमूनें जॉच किये गये, जिनमें से मिल्क स्वीट के 3 नमूनें में (स्टार्च) बाह्य पदार्थ युक्त पाया गया। मंगलवार को एफ0एस0डब्ल्यू वैन के माध्यम से मिल्क के 3 नमूनें, खोवा का 1 नमूना, छेना का 1 नमूना, मिल्क स्वीट्स के 13 नमूनें, अन्य स्वीट्स के 4 नमूनें, दाल के 4 नमूनें, मसाला के 4 नमूनें, खाद्य तेल का 1 नमूना एवं अन्य खाद्य पदार्थ के 3 नमूनें कुल 34 नमूनें जॉच किये गये, जिनमें से चटनी व मसाले के 1-1 नमूनें मे सिन्थेटिक कलर पाया गया एवं मिल्क स्वीट के 4 नमूनें में (स्टार्च) बाह्य पदार्थ युक्त पाया गया।

जिसको देखते हुए मौके पर ही खाद्य कारोबारकर्ताओं को जॉच रिपोर्ट से अवगत कराया गया एवं उन्हें भविष्य में खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता में सुधार हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान मौके पर उपस्थित आम जनमानस को खाद्य पदार्थों में मिलावट के सम्बन्ध में जागरूक भी किया गया।  एफ0एस0डब्ल्यू वैन का संचालन  मो० हनीफ लैब टेक्नीशियन एवं समला प्रसाद यादव खाद्य सुरक्षा अधिकारी, अवधेश कुमार खाद्य सुरक्षा अधिकारी, विरेन्द्र खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं नबीउल्लाह खाद्य सहायक गाजीपुर द्वारा किया गया।

Uttar Pradesh Fast News