गाज़ीपुर। सुहवल थाना क्षेत्र के ढढनी भानमल राय गांव में सोमवार को एक महिला ने अपने तीन बच्चों को चाय में जहर मिलाकर पिला दिया। जिससे एक बच्चे की मौत हो गई जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। बता दें कि रेवतीपुर थाना क्षेत्र के साईत बांध निवासी सुनीता देवी अपने दो पुत्रों बब्बी उर्फ हिमांशु (11), प्रियांशु उर्फ पीयूष (8) और पुत्री दिव्यांशु (7) के साथ रक्षाबंधन के दिन मायके ढढनी भानमल राय गांव आई हुई थी। करीब दो दिन पूर्व मोबाइल पर पति और देवर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिससे वह काफी नाराज थी। इसी बात को लेकर सुनीता यादव ने अपने दोनों पुत्रों बब्बी और प्रियांशु के साथ पुत्री दिव्यांशु को चाय में जहर दे दिया। जिससे तीनों मासूमों की हालत गंभीर हो गई। मायके के लोग उन्हें उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान प्रियांशु उर्फ पियूष, बड़े पुत्र बब्बू उर्फ हिमांशु और पुत्री दिव्यांशु की मौत हो गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।