गाजीपुर। जनपद फिरोजाबाद के पुलिस लाइन में खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाकर सुर्खियों में आए सिपाही मनोज कुमार का तबादला गाजीपुर हो गया है। जहां सिपाही अब गाजीपुर पुलिस लाइन की पोल खोलने के साथ ही व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है। बता दें कि वायरल वीडियो में सिपाही ने पुलिस लाइन के मेस एवं शौचालय की साफ-सफाई के साथ जर्जर व्यवस्था को दिखाया है। वायरल वीडियो में सिपाही मनोज बता रहा है कि मैं वहीं सिपाही हूं, जिसने फिरोजाबाद के पुलिस लाइन में बने खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाया था और बवाल हुआ था। इसके बाद सिपाही भोजनालय कक्ष के बाहर का दृश्य दिखाता है, जहां कूड़ा फैला रहता है। फिर शौचालय और बाथरूम की गंदगी को दिखाने के साथ बाथरूम के जर्जर फर्श को दिखाकर पुलिस लाइन की पूरी व्यवस्था को आईना दिखा रहा है। मालूम हो कि फिरोजाबाद से कुछ ही दिन पूर्व सिपाही की गाजीपुर तैनाती हुई है। फिलहाल वह पुलिस लाइन में तैनात है। इसके द्वारा पुलिस लाइन की व्यवस्था पर उठाए जा रहे सवाल से उच्चाधिकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।





