बारिश ने खोल दी सीवर पाइपलाइन कार्य की पोल
सीवर पाइपलाइन कार्य के कारण सड़के बनी तालाब
गाजीपुर। शहर में चल रहे सीवर पाइपलाइन के चलते बारिश का पानी नगर में हर जगह इकट्ठा हो गया जिससे आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। जल निगम द्वारा पाइप लाइन और उसका चेंबर बनाने के लिए खोदे गए गड्ढे से नगर पालिका क्षेत्र के सड़कों का बुरा हाल हो गया है। मेन बाजार सहित सड़कों में बरसाती पानी से सड़क व गली लबालब हो गईं। बरसाती पानी के साथ नालों व नालियों का गंदा पानी भी सड़कों पर आ गया। पानी निकालने के लिए दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बता दें कि नगर में कल शनिवार को शाम 4:30 बजे से शुरू हुई बारिश 5 बजे तक लगातार जारी रही। सुबह से ही नगर का बाजार, गली, चौराहा, सड़कें नाले, नालियां और चौक सीवर पाइपलाइन कार्य के चलते लबालब भरी रही। बारिश के कारण नगरवासियों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव और पाइप लाइन कार्य के कारण वाहनों को निकलने में दिक्कतें होती रही। लोगों को गड्ढों व नालियों का अंदाजा जलभराव में नहीं हो पा रहा था। आसपास के लोग राहगीरों को चिल्लाकर सावधान कर रहे थे।

नगर में कुछ जगहों पर सीवर पाइपलाइन का कार्य होने के बाद सड़कों को तो ठीक कर दिया गया लेकिन बारिश के कारण ठीक हुए सड़कों की पोल खुल गई। जगह जगह सड़के बारिश के कारण धसी हुई दिखाई देने लगी। देखा जाए तो नगर के नाले और नालियों की सफाई न होने से भी कुछ जगहों पर बारिश का पानी ठहरा दिखाई दिया। मालूम हो कि शहर में इन दिनों कई जगहों पर सीवर पाइपलाइन का कार्य कराया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर सीवर लाइन के लिए खोदाई चल रही है। वहीं कई जगह पर पाइप लाइन डालने के लिए सड़कें खोदकर डाल दी गई। इसी क्रम में महुआबाग, मिश्राबाजार और ललदारवाजा के आगे से एक सप्ताह पहले खोदाई को शुरू कराई गई थी। सड़क को खोदने के बाद पाइन लाइन डालते हुए गड्ढे को भर दिया गया, लेकिन उसे पूरी तरह से सही करना भूल गए। पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क हादसों का सबब बन गया। इसमें बच्चे गिरकर घायल हो रहे हैं। दूसरी तरफ वाहन भी आए दिन आकर फंस जाते हैं। वाहनों को फंसने पर उन्हें निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी जिम्मेदार सड़क को सही नही कर पा रहे है। नगर के नागरिकों का कहना है कि उनकी सड़क काफी बेहतर थी। उसे खोदने के बाद सही करने की अधिकारियों को फुर्सत नहीं मिली है, जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। इस संबंध में नगर पालिका के चेयरमैन प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल ने कहा कि सीवर पाइपलाइन कार्य की वजह से शहर में वाटर लीकेज की समस्या उत्पन्न हो गई है। सिवर पाइपलाइन कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में से मोटर लगाकर जो पानी निकाली जा रही है वह मिट्टी युक्त है। जिसके कारण नालियां उस पानी के जाने से जाम हो जा रही हैं। जिसके कारण बारिश होते ही जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। उन्होंने कहा कि सीवर कार्य के वजह से नगरपालिका की छवि धूमिल हो रही है। फिर भी नगर पालिका अपने स्तर से नाले और नालियों की सफाई में लगी हुई है। सीवर पाइपलाइन की वजह से शहर की पूरी सड़क खुदी हुई है। उन्होंने कहा कि सीवर पाइपलाइन का जो कार्य किया जा रहा है वह भी ठीक तरीके से नहीं किया जा रहा है। जिससे आम जनता काफी परेशान है। और नगर पालिका की छवि भी जनता की नजर में खराब हो रही है।
