स्नातक एमएलसी चुनाव से पहले मतदाता बनाने में दावेदारों ने झोंकी ताकत
गाजीपुर। वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाग्य आजमाने की तैयारी में जुटे दावेदार चुनाव से पहले अपने पक्ष में अधिक से अधिक मतदाता बनाने की लड़ाई लड़ रहे हैं और अपनी ताकत झोंक दी है। चुनाव में अब करीब सात महीने ही बचे हैं, ऐसे में उम्मीदवारों ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को जीतने के लिए दृढ़ संकल्पित माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय मंत्री चौधरी दिनेश चंद्र राय शिक्षकों और स्नातकों तक पहुंचने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों में सीधे भाग ले रहे हैं। उनका कहना है कि वह गरीब और बेरोजगार युवाओं के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। उनकी समस्याओं को अपनी समस्या मानते हैं। दिनेश चंद्र राय शिक्षक के साथ ही साथ तीन दशक से सामाजिक क्षेत्रों में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्हें स्नातक चुनाव क्षेत्र में सभी वर्गों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।

वहीं, शिक्षक कोटे से सपा के वर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव भी लगातार मतदाता बढ़ाने और कॉलेजों पर जनसंपर्क कर रहें हैं। शिक्षकों की समस्या को लेकर सदन में उठाने की बात कर रहें हैं।
उधर किसी भी प्रमुख दल ने अभी तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है लेकिन दावेदार अपनी तैयारी में जुट गए हैं।
इनसेट –
दावेदार चला रहे मतदाता बनाने का कार्य
खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में हर बार नई मतदाता सूची बनाई जाती है और उसी के अनुसार चुनाव होता है। आमतौर पर स्नातक मतदाता बनने में रुचि नहीं दिखाते। दावेदार ही अपने समर्थकों के माध्यम से स्नातकों का विवरण लेते हैं और आवेदन पत्र भरकर निर्वाचन कार्यालय में जमा करते हैं। ऐसे में दावेदार ही मतदाता बनाने का क्रम चला रहे है।
इनसेट –
इंटरनेट मीडिया पर चला रहे अभियान
दावेदारों के समर्थक नौकरीपेशा लोगों एवं अन्य स्नातकों के बीच जाकर उन्हें मतदाता फार्म भरवाए जा रहे हैं। इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों के जरिए लोगों तक यह सूचना भी पहुंचाई जा रही है। लोगों से उनके दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। राजनीतिक दलों ने भी अपने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक मतदाता बनाने के काम में लगा दिया है। बूथ स्तर तक स्नातकों को चिह्नित कर उन्हें मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने का काम जोरों पर है।
इनसेट –
ये बन सकेंगे मतदाता
खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में वे ही लोग मतदाता बन सकते हैं, जिन्होंने अक्टूबर 2025 तक अपना स्नातक पूरा कर लिया है। मतदाता बनने के लिए आवेदन पत्र के साथ स्नातक का अंकपत्र एवं एक पहचान पत्र की प्रति जमा करनी होगी।