शहर कांग्रेस कैंप कार्यालय पर मनाई गई कांशीराम की जयंती

गाजीपुर। शहर कांग्रेस कैंप कार्यालय पर रविवार को बहुजन समाज के महान समाज सुधारक एवं प्रखर चिंतक मान्यवर कांशीराम जी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों को स्मरण किया और सामाजिक न्याय, समानता तथा संविधान की रक्षा के लिए उनके संघर्ष को याद किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि कांशीराम जी ने अपना पूरा जीवन दलित, शोषित और वंचित समाज को अधिकार दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने समाज के दबे-कुचले वर्गों को राजनीतिक भागीदारी का रास्ता दिखाया और उन्हें संगठित कर सामाजिक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी।
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि कांशीराम जी का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि समाज में समानता और न्याय स्थापित करने के लिए सतत संघर्ष आवश्यक है। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में मार्गदर्शन देते हैं।
पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे ने कहा कि कांशीराम ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने सामाजिक न्याय की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद किया और वंचित वर्गों को सम्मानपूर्वक जीने का अधिकार दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष किया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
वहीं एआईसीसी सदस्य रविकांत राय एवं पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ मार्कंडेय सिंह ने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी का संघर्ष सामाजिक चेतना का प्रतीक है। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज में बराबरी, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से लाल साहब यादव,अजय कुमार श्रीवास्तव, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, विद्याधर पांडे, डॉक्टर गुड्डू, उमाशंकर सिंह, कृष्णा तिवारी, राघवेंद्र चतुर्वेदी, उदित नारायण राय, ओम प्रकाश यादव, आलोक यादव, दिवाकर सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।