मोदी और योगी के नेतृत्व में देश व प्रदेश का हो रहा सर्वांगीण विकास:विजय मिश्र

गाजीपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जनपद के मनिहारी प्रथम मंडल के अकराव महाविद्यालय पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन सत्र गरिमामय वातावरण में रविवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर विजय मिश्र ने उपस्थित सम्मानित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प तथा देश के तीव्र एवं सर्वांगीण विकास पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को पक्के घर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, उज्ज्वला योजना से माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति मिली है, आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। वहीं स्वच्छ भारत मिशन ने देश को स्वच्छता की दिशा में नई पहचान दी है तथा हर घर जल योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

श्री मिश्र ने आगे कहा कि देश में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं—सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का तीव्र विस्तार हुआ है। साथ ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण एवं जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का हटाया जाना देश की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक अस्मिता को सुदृढ़ करने वाले ऐतिहासिक निर्णय हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा संगठन की विचारधारा को मजबूत करें। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह, जिलामंत्री हंसराज राजभर, आनंद शंकर सिंह, वीरेंद्र चौहान, विजय सिंह सहित आदि सम्मनित कार्यकर्ता उपस्थित रहे, कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिलेश सिंह ने किया एवं संचालन ओंकार सिंह ने किया।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.