डालिम्स सनबीम स्कूल जखनियां में धूमधाम से मनाई गई अम्बेडकर जयंती

गाजीपुर। जखनिया क्षेत्र में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर DALIMSS Sunbeam School, जखनिया के साथ-साथ डॉक्टर भीम राव अम्बेडकर इंटर कॉलेज, साबिर अली प्राइवेट आईटीआई, साबिर अली गर्ल्स डिग्री कॉलेज तथा मदरसा मुहम्मद अली दीनी असरी दारुल उलूम, जखनिया में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।


सभी संस्थानों में कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा भाषण, कविता, नाटक एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें डॉ. अम्बेडकर के जीवन संघर्ष, उनके सामाजिक योगदान, संविधान निर्माण में उनकी भूमिका तथा शिक्षा और समानता के महत्व पर प्रकाश डाला गया।


DALIMSS Sunbeam School की डायरेक्टर रुबीना अली ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अम्बेडकर एक महान विचारक, समाज सुधारक और संविधान निर्माता थे, जिनके विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि “शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है,” और विद्यार्थियों को ईमानदारी, मेहनत तथा अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


अन्य संस्थानों के शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को संविधान के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंत में सभी संस्थानों में उपस्थित लोगों ने डॉ. अम्बेडकर के आदर्शों पर चलने, समाज में समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने तथा शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.