“हमारी बेटियां, हमारा गौरव” कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन

माहवारी पर चुप्पी तोड़ने और खुलकर संवाद को बढ़ावा देने हेतु प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन


गाजीपुर। जनपद में किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य, जागरूकता एवं सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “हमारी बेटियां, हमारा गौरव” कार्यक्रम के अंतर्गत किशोर-किशोरियों एवं युवा लीडरों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन कम्फर्ट इन शुभ्रा होटल, महुआबाग में मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य माहवारी (Menstruation ) से जुड़े विषयों पर चुप्पी तोड़ना, झिझक समाप्त करना तथा खुलकर संवाद को बढ़ावा देना। कार्यक्रम में माहवारी स्वच्छता, किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा समाज में प्रचलित भ्रांतियों एवं मिथकों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि आज भी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अनेक किशोरियां माहवारी से जुड़ी सही जानकारी के अभाव में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं सामाजिक संकोच का सामना कर रही हैं। ऐसे में जागरूकता, सुरक्षित साधनों का उपयोग, पोषणयुक्त आहार तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच अत्यंत आवश्यक है।


             संवाद कार्यक्रम के दौरान किशोर-किशोरियों एवं युवा लीडरों ने खुलकर अपने अनुभव साझा किए तथा माहवारी से जुड़े मिथकों, चुनौतियों एवं बदलाव की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर किशोर-किशोरी लीडर नीतू, अंजली, उम्मे साहिबा, पूजा, पूजा राजभर, चन्दन एवं प्रिंस द्वारा साझा अनुभवों के माध्यम से दिया गया। कार्यक्रम में महिला चिकित्सक डॉ. नम्रता श्रीवास्तव एवं डॉ. प्रीति पाल (सीनियर मेडिकल ऑफिसर) द्वारा विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें माहवारी क्या है, स्वच्छता, पोषण, दर्द, अनियमितता, सावधानियां एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियों पर चर्चा की गई। साथ ही “झिझक छोड़ो दृ खुलकर पूछो” प्रश्न मंच का आयोजन किया गया, जिसमें गोपनीय प्रश्न भी स्वीकार किए गए और किशोर-किशोरियों को विशेषज्ञों से खुलकर बातचीत करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के अंतर्गत “महीने के वो 5 दिन” विषय पर रोल प्ले भी प्रस्तुत किया गया, जिससे माहवारी के दौरान किशोरियों द्वारा अनुभव की जाने वाली चुनौतियों को समझने का प्रयास किया गया। वहीं आशा, अर्चना, श्वेता, जीनत, अंजू एवं अंजली राजभर द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वक्ताओं ने कहा कि “हमारी बेटियां, हमारा गौरव” कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के स्वास्थ्य, सम्मान, शिक्षा एवं आत्मविश्वास को मजबूत करना है। किशोरियों को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाकर ही एक स्वस्थ एवं समानतापूर्ण समाज की स्थापना संभव है।


कार्यक्रम में जिले के समस्त मीडिया प्रभारी, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने माहवारी स्वच्छता एवं किशोर स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर संवाद को व्यापक रूप से सामने लाने में अपनी भूमिका निभाई।
        कार्यक्रम में लालसा भारद्वाज, बृजकिशोर यादव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, शिक्षकगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किशोर-किशोरियां उपस्थित रहीं। संस्था की ओर से संस्था निदेशक शमीम अब्बासी, कार्यक्रम प्रबंधक अर्शी, असिस्टेंट डायरेक्टर फरहीन, डॉ. संतोष त्रिपाठी, जवाहरलाल, आमिर सिद्दीकी, शाकिर अब्बासी, साजिद, ओसामा, इंतजार, फैज़ान, जैकी, आशा कुशवाहा, नसरीन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को माहवारी स्वच्छता से संबंधित जागरूकता सामग्री वितरित की गई तथा सभी को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.