बी.सी.सी.आई के प्रेस वार्ता सम्पन्न, इस वर्ष का सबसे बड़ा फैन पार्क होगा गाजीपुर में:अमित सिद्धेश्वर





गाजीपुर।जनपद के होटल नन्द रेजीडेंसी के नक्षत्र हाल में बी.सी.सी.आई के प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया ।इस प्रेस वार्ता में बी.सी.सी.आई पर्यवेक्षक अमित सिद्धेश्वर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के गवर्निंग कौंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह और गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने पत्रकारों को संबोधित किया। इस दौरान बी.सी.सी.आई पर्यवेक्षक अमित सिद्धेश्वर ने आईपीएल फैन पार्क के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गत वर्ष दर्शकों की अपार भीड़ को देखते हुए तथा संजीव कुमार सिंह के अनुरोध पर इस वर्ष फैन पार्क के परिक्षेत्र को बढ़ाया गया है। इस फैन पार्क में एंट्री पूर्णतः निःशुल्क है। सभी आयु वर्ग के महिलाओं पुरुषों तथा बच्चों के मनोरंजन का पूरा ध्यान रखा गया है।यह फैन पार्क 29 और 31 मई को पुलिस लाइन ग्राउंड गाजीपुर में लगेगा। दर्शकों के आईपीएल फैन पार्क का गेट शाम 05:30 बजे खोल दिया जाएगा | उन्होंने सभी दर्शको से अपील किया शांतिपूर्ण तरीके से पंक्ति बद्ध होकर फैन पार्क में प्रवेश करें और सौहार्दपूर्वक शांति-व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय प्रशासन तथा आयोजन मंडल को सहयोग प्रदान करें | दर्शकों के लिए लकी ड्रा का प्रबंध किया गया है । लकी ड्रा के विजेता को खिलाड़ियों के हस्ताक्षर युक्त आकर्षक टी शर्ट दिया जाएगा ।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के गवर्निंग कौंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह ने बी.सी.सी.आई के सीईओ हेमांग अमीन तथा उपाध्यक्ष राजीव शुक्ल के प्रति आभार व्यक्त किया। जिन्होंने पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए लगातार पांचवीं बार गाजीपुर जनपद में आईपीएल फैन पार्क के आयोजन को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने बताया कि गत वर्ष आयोजित आईपीएल फैन पार्क में 27 हज़ार से अधिक दर्शकों ने फैन पार्क का आनंद उठया था। इस वर्ष उन्होंने उम्मीद जताई है कि दर्शकों की संख्या 35 हज़ार से ऊपर ही होगी।
गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हम सभी का यह सौभाग्य कि जनपद में आईपीएल फैन पार्क आयोजन हो रहा है। मेरी पूरी टीम इस ऐतिहासिक आयोजन में पूरी निष्ठां में अपना योगदान दे रही है, ताकि क्रिकेट प्रेमियों को एक बेहतर माहौल में स्टेडियम का आनंद मिल सके। प्रति वर्ष दर्शकों की संख्या में हो रही वृद्धि आईपीएल फैन पार्क के सफलता को दर्शा रही है। उन्होंने जनपद सहित आस-पास के परिक्षेत्र के सभी क्रिकेट प्रेमियों से अपील किया कि समय से आकर आईपीएल फैन पार्क का आनंद उठायें। कार्यक्रम के अंत मे आयोजन समिति के तरफ से सीपीसी अध्यक्ष वैभव सिंह ने कार्यक्रम में शामिल सभी पत्रकारों को धन्यवाद ज्ञापित किया ।
इस प्रेस वार्ता में बी.सी.सी.आई के तरफ से अमित सिद्धेश्वर, मोहित, जावेद, रोहित, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के यूपीटी20 के को-चेयरमैन व गवर्निंग कौंसिल के सदस्य तथा टाटा आईपीएल के स्थानीय अधिकृत लाईजनिंग अधिकारी संजीव कुमार सिंह, गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह, आयोजन समिति के अध्यक्ष वैभव सिंह उपस्थित थे।