डीएम की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना की हुई समीक्षा बैठक

डीएम की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना की हुई समीक्षा बैठक

गाजीपुर।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की गई। बैठक में परियोजना अधिकारी द्वारा योजनान्तर्गत वित्तिय वर्ष 2026-27 के अन्त तक जनपद गाजीपुर के कुल 7009 घरों पर सोलर रूफटॉप की स्थापना लक्ष्य के सापेक्ष वर्तमान में जनपद में कुल 3479 सोलर रूफटॉप स्थापना कार्य पूर्ण होने के संबंध में अवगत कराया गया। जिसके उपरान्त वर्तमान में बैंकों में कुल 1088 लम्बित लोन पत्रावलियों के संबंध में जिलाधिकारी को बताया गया, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित बैंक शाखाओं में लम्बित पत्रावलियों के संबंध में रोष व्यक्त करते हुए बैठक में उपस्थित जिला अग्रणी प्रबंधक एवं समस्त बैंकों के जिला समन्वयकों को विशेष अभियान चलाकर एवं संबंधित बैंक शाखाओं में सम्पर्क कर 01 माह से अधिक दिनों की लम्बित पत्रावलियों को 03 दिवस में तथा 01 माह के अन्दर की लम्बित लोन पत्रावलियों को 07 दिवस में आवश्यक कार्यवाही कर उनका डिस्बर्सल सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए तथा यह भी निर्देशित किया गया कि अनावश्यक किसी भी पत्रावलियों का रिजेक्शन बैंक शाखाओं द्वारा न किया जाए, लोन निर्गमन में बैंक शाखाओं द्वारा अनावश्यक बिलंब अथवा हीला-हवाली करने वाले शाखा प्रबन्धको को चिन्हित कर उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु संबंधित बैंक मुख्यालय को पत्र प्रेषित किया जाए। जिलाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित समस्त अधिशासी अभियन्तागणों को विद्युत विभाग के अन्तर्गत इंस्पैक्शन कार्य को पोर्टल पर 03 दिवसों के अन्दर समाप्त करने तथा मीटर की स्थापना, कान्फीग्रेशन कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये गये। साथ ही विद्युत बिल संशोधन के कार्यों हेतु समस्त डिविजनों पर मेगा कैम्प आयोजित कर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी द्वारा समस्त वेण्डरों को निर्देशित किया गया कि जनपद की प्रमुख सार्वजनिक जगहों यथा- तहसील भवन, नगर पालिका कार्यालय, शिक्षा विभाग के कार्यालयों एवं विद्युत वितरण खण्ड/उपखण्डों पर कैम्प के माध्यम से लोगों को योजनान्तर्गत सोलर रूफटॉप की स्थापना कराए जाने के संबंध में जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार भी किए जाए। बैठक में आलोक प्रसाद मुख्य विकास अधिकारी, सच्चिदानन्द तिवारी, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, राजदेव कुमार, जिला अग्रणी प्रबंधक (बैंक), समस्त जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी, समस्त अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड /मीटर परीक्षण खण्ड-गाजीपुर, पीयूष कुमार, जी०एम०आर० स्मार्ट मीटर के प्रतिनिधि, समस्त जिला समन्वयक राष्ट्रीयकृत बैंक, गाजीपुर, एवं अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.