डीएम ने किया मॉडल कंपोजिट स्कूल का स्थलीय निरीक्षण

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद द्वारा विकास खंड मनिहारी में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय भवन के निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्यों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न भागों का निरीक्षण करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल शासन की एक महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होेने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल के निर्माण पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं।
जिलाधिकारी ने सरकार द्वारा बन रहे योजना के अन्तर्गत इस विद्यालय का निरीक्षण किया।  इस योजना को सरकार की महत्वपूर्ण योजना बताते हुए कहा कि विद्यालय में 1 से 12 तक के बच्चों को एक जगह पढ़ने की व्यवस्था की गई है, यह विद्यालय अटल आवासीय विद्यालय के तर्ज पर बना है और यह विद्यालय हर जिला में बन रहा है। यह विद्यालय भी नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा, जिलाधिकारी ने कहा कि इस विद्यालय को बनाने के लिए समय से कम चल रहा है एवं गुणवत्ता के लिए इलाहाबाद एमएनआईटी प्रयागराज से जांच भी करवाई जा चुकी है जिससे गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई अगर आगे चलकर कोई गुणवत्ता में कमी पायी जाती है तो कार्यदायी संस्था के ऊपर एग्रीमेंट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्य में उदासीनता को देखते हुये कार्य में तेजी लाते हुए मजदूरो की संख्या बढ़ाते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने निर्माण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं जैसे स्मार्ट कक्षाएं, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेल मैदान, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था एवं शौचालय आदि उच्च मानकों के अनुरूप विकसित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
इसी क्रम में अनुपम शुक्ला ने के0जी0बी0वी मनिहारी एकेडमिक ब्लॉक निर्माण का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था को गुणवत्तपूर्ण के साथ समयाअवधि में कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कहीं भी मानकों के अनुरूप कार्य नहीं पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.