महिला पीजी कॉलेज में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

राजकीय महिला पीजी कॉलेज, गाजीपुर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन

गाजीपुर। रविवार को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से राजकीय महिला पीजी कॉलेज महुआबाग में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के आवासीय परिसर, शैक्षणिक परिसर एवं दक्षिणी परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनीता कुमारी, डॉ शंभू शरण प्रसाद, डॉ सारिका सिंह, एनसीसी अधिकारी डॉ शशि कला, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारियों तथा महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए प्रत्येक वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संदेश दिया। प्राचार्या ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएँ और उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करें।


राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामनाथ ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। वृक्षारोपण अभियान के जिला नोडल डॉ हसीन अहमद ने एक पेड़ मां के नाम का संदेश देते हुए कहा कि हर व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। जनपद गाजीपुर में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 20,000 से अधिक पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारीगण ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.