महिला पीजी कॉलेज में प्रवेश हेतु छात्राओं के लिए जरूरी सूचना

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 में 15 जुलाई 2026 को बीए/ बीएससी प्रथम सेमेस्टर प्रवेश काउंसलिंग का द्वितीय चरण पूर्ण हो गया। प्राचार्य प्रोफेसर अनीता कुमारी की अध्यक्षता में प्रवेश समन्वय समिति, समर्थ समिति एवं प्रवेश प्रभारियो की बैठक में शैक्षिक 2026-27 के अब तक हुए प्रवेश प्रकिया की समीक्षा की गई। बैठक में डॉक्टर शंभू शरण प्रसाद, डॉ शिवकुमार, डॉ सारिका सिंह, डॉ शशि कला जायसवाल, डॉ आनंद चौधरी, डॉ रामनाथ केसरवानी, डॉ मनीष सोनकर आदि शामिल रहे। इस अवसर पर वर्तमान शैक्षिक सत्र में प्रवेश प्रक्रिया के साथ-साथ शैक्षणिक कार्य को भी संपादित करने तथा प्रवेश संबंधी अनेक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए ।
अब तक बीए में कुल 320 तथा बीएससी में 112 छात्राओं ने प्रवेश काउंसलिंग करा लिया हैं। प्रवेश के समय अभिलेख सत्यापन एवं विषय आवंटन के साथ-साथ छात्रों का समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण एवं प्रोफाइल अपडेट करने की प्रक्रिया राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार जारी है। जिन छात्राओं ने अभी तक समर्थ पोर्टल पर अपना पंजीकरण या प्रोफाइल अपडेशन नहीं कराया है। वे तत्काल बी ए एवं बीएससी समर्थ पोर्टल प्रभारी क्रमशः डॉ आनंद चौधरी एवं डॉ मनीष सोनकर से संपर्क कर अपनी समर्थ पोर्टल की प्रक्रिया ससमय संपन्न कर लें। प्रवेश काउंसलिंग एवं समर्थ पोर्टल संबंधी प्रक्रियाएं पूर्ण कर चुकी छात्राएं 20 जुलाई तक अपना शुल्क ऑनलाइन जमा करना सुनिश्चित करें।
महाविद्यालय में बीए /बीएससी प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की तिथि 25 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी गई है। प्रवेश की इच्छुक छात्राएं प्रवेश पंजीकरण के पश्चात प्रतिदिन 1:00 बजे से 3:00 के मध्य महाविद्यालय में बीए प्रथम सेमेस्टर में हेतु प्रवेश डॉ शिव कुमार से राजर्षि टंडन अध्ययन केंद्र कक्ष में तथा बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु डॉ दिवाकर मिश्रा से जंतु विज्ञान विभाग में संपर्क कर प्रवेश काउंसलिंग कराते हुए प्रवेश लेना सुनिश्चित करें। यह प्रक्रिया महाविद्यालय में बीए/ बीएससी सीट रिक्त रहने तक जारी रहेगी।
प्रवेश के पश्चात महाविद्यालय शुल्क जमा करने वाली छात्राएं अपनी लाइब्रेरी कार्ड एवं परिचय पत्र के लिए पुस्तकालय प्रभारी डॉ संगीता एवं मुख्य शास्ता डॉ सारिका सिंह से प्रतिदिन 1:00 बजे से 3:00 के मध्य संपर्क कर बनवा लें। नव प्रवेशी बी ए प्रथम सेमेस्टर के छात्राओं की कक्षाएं 20 जुलाई से प्रारंभ होगी।
जबकि बी ए तृतीय सेमेस्टर, पंचम सेमेस्टर एवं एम ए तृतीय सेमेस्टर के छात्राओं की कक्षाएं दिनांक 16 जुलाई से पुराने समय सारणी की अनुरूप संचालित होगी। सभी छात्राएं उपरोक्त समय सारणी के अनुसार अपनी कक्षाओं में नियमित रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करें तथा अपने संबंधित विभाग प्रभारी के संपर्क में रहे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.