वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य की प्राप्ति में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका:डीएम

प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य की प्राप्ति में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका:डीएम

गाजीपुर।जनपद को उत्तर प्रदेश की ‘‘वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी‘‘ के लक्ष्य में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जिले की अर्थव्यवस्था को अधिक सुदृढ़, गतिशील एवं विकासोन्मुख बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य की प्राप्ति में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उद्योग, व्यापार, कृषि, उद्यान, सेवा एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर जनपद की आर्थिक प्रगति को नई गति दी जा सकती है। इसके लिए विभागीय स्तर पर नवाचार अपनाते हुए अधिक से अधिक निवेश, उत्पादन और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सभी लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल लोगों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि जनपद की समग्र आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी चन्द्रशेखर प्रसाद ने वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए जनपद की अर्थव्यवस्था की खण्डीय संरचना पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों तथा संभावनाओं की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की। साथ ही विभिन्न आर्थिक संकेतकों एवं विभागवार प्रगति की समीक्षा भी कराई गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि, उद्यान, राज्यकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को उत्पादन में निरंतर वृद्धि करने, विभागीय आंकड़ों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने तथा सभी सूचनाओं की शुद्धता के साथ समयबद्ध डाटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सही एवं प्रमाणिक आंकड़े ही प्रभावी योजना निर्माण और विकास की दिशा तय करने का आधार होते हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना से समिति को अवगत कराया। अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से समन्वित प्रयासों के माध्यम से जनपद को आर्थिक विकास के नए आयाम स्थापित करने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में उप कृषि निदेशक सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.