जिला जेल में बंदियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण


गाजीपुर। उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति (लखनऊ) के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देशानुसार, जिला अपराध निरोधक कमेटी द्वारा मंगलवार को जिला कारागार में निःशुल्क त्वचा रोग (चर्मरोग) परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर महर्षि विश्वामित्र स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा के विशेष सहयोग से आयोजित हुआ। शिविर में चिकित्सा महाविद्यालय और जेल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने कुल 533 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। गहन जांच के दौरान 58 बंदी त्वचा रोग से ग्रसित पाए गए। चिकित्सकों ने सभी प्रभावित बंदियों का लक्षण के आधार पर परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क औषधियां वितरित कीं।

स्वास्थ्य जांच और त्वरित उपचार मिलने से बंदियों और जेल प्रशासन में खुशी और संतोष का माहौल रहा। इस स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. अभय शक्ति, डॉ. संजय जायसवाल, डॉ. शिशिर शैलेश तथा फार्मासिस्ट विकास यादव एवं अदीप कुमार ने अपनी सेवाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान जिला अपराध निरोधक समिति के जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह, संगठन सचिव वसीम रज़ा और सुनील सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने जिला अपराध निरोधक कमेटी के इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की और समिति के पदाधिकारियों को बधाई व धन्यवाद दिया। इस अवसर पर जेलर शेषनाथ यादव और डिप्टी जेलर राजेश कुमार सहित कारागार प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.