कोई भी पात्र महिला शासन की योजनाओं से न रहे वंचित: उपाध्यक्ष चारु चौधरी

गाजीपुर। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत छावनी लाइन प्रसादपुर स्थित जन सेवा केंद्र पर शुक्रवार को  उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने महिलाओं एवं बच्चों से संवाद करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 02 महिलाओं का गोदभराई कराया तथा शिशुओं को अन्नप्राशन संस्कार किया तथा  उपाध्यक्ष ने उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।


इस अवसर पर उपाध्यक्ष ने उपस्थित महिलाओं से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिलाओं से पूछा कि उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है अथवा नहीं। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

चारु चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र महिला शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने आश्वस्त किया कि जो भी पात्र महिला अभी तक किसी योजना का लाभ प्राप्त नहीं कर सकी है, उसे संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र लाभान्वित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव भी माननीय उपाध्यक्ष के समक्ष रखे, जिनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण का आश्वासन दिया गया। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी/जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनी, वन स्टाफ सेन्टर के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, आशा बहुएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.