साबिर अली आईटीआई में 30 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
जखनियां/गाजीपुर। साबिर अली आईटीआई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में संस्थान के 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी मेहनत, लगन और उपलब्धियों की सराहना की गई। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।प्रतियोगिता में मेराज अंसारी ने प्रथम, अजय यादव ने द्वितीय, गोधन मौर्य ने तृतीय तथा हितेश गिरी ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं खुशी कुमारी चौरसिया सहित अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरनाथ यादव एवं प्रबंधक आमिर अली ने छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और मेहनत की बदौलत उन्हें यह सफलता हासिल हुई है।

प्रबंधक आमिर अली ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए निरंतर मेहनत की है और विद्यार्थियों के परिणाम उसी मेहनत की सफलता को प्रमाणित कर रहे हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने और पढ़ाई के प्रति अनुशासित रहने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।उन्होंने बताया कि संस्थान की ओर से समय-समय पर कैंप आयोजित कर विद्यार्थियों को महिंद्रा, टाटा, मारुति सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्थान से चयनित होकर कई विद्यार्थी आज विभिन्न कंपनियों में कार्यरत हैं, जो विद्यालय के लिए गौरव की बात है।

समारोह में प्रधानाचार्य अमरनाथ यादव, प्रबंधक आमिर अली, धर्मवीर भारद्वाज, अजय कुमार, राधेश्याम यादव, प्रताप यादव, गोविंद कुमार, संदीप कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।