गाजीपुर में भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
गाजीपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत जनपद में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व में विशाल एवं भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ आडिटोरियम परिसर से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर किया।

रैली में जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस बल, एनसीसी-एनएसएस कैडेट, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आमजन ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा रैली आडिटोरियम परिसर से प्रारंभ होकर कचहरी, महुआबाग, विशेश्वरगंज चौराहा एवं मिश्रबाजार होते हुए सदर कोतवाली पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के नारों ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ से गूंजता रहा। हाथों में लहराते तिरंगों से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि तिरंगा रैली का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करना तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों पर गर्व और सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं तथा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाएं।
