11 सूत्रीय मांगों को लेकर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

जमानिया पालिका में सभासदों का आंदोलन नौवें दिन भी जारी, सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

11 सूत्रीय मांगों को लेकर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध, बढ़े गृहकर समेत अन्य मामलों की न्यायिक जांच की मांग

जमानिया। नगर पालिका परिषद जमानिया में कथित भ्रष्टाचार, गृहकर व ट्रेड शुल्क में वृद्धि, आउटसोर्सिंग कर्मियों के पीएफ में कथित अनियमितता, निर्माण कार्यों में मनमानी तथा सभासदों द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर सभासदों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को नौवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के दौरान सभासदों ने काली पट्टी बांधकर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया। सभासदों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। साथ ही जिलाधिकारी के समक्ष सामूहिक त्यागपत्र देने का निर्णय भी लिया गया है। वार्ड संख्या 14 के सभासद एवं भाजपा नगर महामंत्री राकेश प्रजापति ने कहा कि सभासदों की 11 सूत्रीय मांगों पर तत्काल निर्णय नहीं लिया गया तो सभी सभासद जिलाधिकारी गाजीपुर के समक्ष सामूहिक त्यागपत्र देने को मजबूर होंगे। उन्होंने पालिका प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे जनता में आक्रोश बढ़ रहा है और इसका प्रतिकूल प्रभाव भाजपा की छवि पर भी पड़ रहा है। वार्ड संख्या 10 के भाजपा सभासद सुरेंद्र चौधरी उर्फ साहू ने गृहकर में हुई भारी वृद्धि को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बढ़े हुए हाउस टैक्स से आम जनता परेशान है और इसका सीधा असर भाजपा की छवि पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनके वार्ड की जनता ने भाजपा को एकतरफा समर्थन दिया, इसके बावजूद विकास कार्य अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो रहे हैं। वहीं, वार्ड संख्या 20 के भाजपा सभासद विकास जायसवाल ‘जुगनू’ ने नगर पालिका प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है, जो नगर और पार्टी दोनों के हित में नहीं है। उन्होंने मांग की कि तत्काल बोर्ड की बैठक बुलाकर बढ़े हुए गृहकर समेत अन्य शुल्कों पर पुनर्विचार किया जाए और जनता को राहत दी जाए। जुगनू ने 11 सूत्रीय मांगों और गृहकर में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के लिए न्यायिक जांच टीम गठित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। धरने के दौरान सभासद सचिन वर्मा, प्रमोद यादव, राजा चौधरी, मनीष यादव, राहुल वर्मा, मोहन गुप्ता, अंजनी गुप्ता, आशिमा खां समेत अन्य सभासद मौजूद रहे। सभासदों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.