गाजीपुर में जर्जर विद्यालय भवनों पर चला ध्वस्तीकरण अभियान, 196 में से 171 भवन ध्वस्त
25 जर्जर भवनों का ध्वस्तीकरण बाकी, करीब 87 फीसदी कार्य पूरा; सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश
गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में नौनिहालों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निष्प्रयोज्य एवं अत्यंत जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण का अभियान तेजी से चल रहा है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों की निगरानी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराई जा रही है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी अद्यतन रिपोर्ट के अनुसार, जनपद में कुल 196 जर्जर विद्यालय भवन चिह्नित किए गए थे। इनमें से अब तक 171 भवनों का सुरक्षित ध्वस्तीकरण पूरा कराया जा चुका है। इस तरह करीब 87 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है, जबकि 25 जर्जर भवनों का ध्वस्तीकरण अभी शेष है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शेष 25 जर्जर भवनों से संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपनी व्यक्तिगत निगरानी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अविलंब पूरा कराएं। ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के साथ ही विद्यार्थियों को कार्यस्थल से सुरक्षित दूरी पर रखने और भवनों से निकले मलबे का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के कारण विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित न हो और बच्चों के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण बना रहे।