डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में हर्षोल्लास से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व
राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा सबका मन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से कृष्णमय हुआ विद्यालय परिसर
जखनिया (गाजीपुर)। डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण और राधा का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसे देखकर उपस्थित लोग भावविभोर हो उठे।

बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुंदर मंचन किया। भजन, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों की मनमोहक छवि ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया।

इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर आमिर अली ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक क्षमता और प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
