डालिम्स स्कूल जखनिया में रही टीचर्स डे की धूम
बच्चों ने शिक्षकों के साथ केक काटकर मनाया शिक्षक दिवस, डायरेक्टर आमिर अली ने दी शुभकामनाएं
जखनिया (गाजीपुर)। डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। बच्चों ने शिक्षकों के साथ केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति अपनी कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त किया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा। शिक्षकों ने भी बच्चों को शिक्षा के महत्व तथा गुरु-शिष्य संबंध की गरिमा के बारे में जानकारी देते हुए जीवन में अनुशासन, संस्कार और मेहनत का महत्व बताया। विद्यालय के डायरेक्टर आमिर अली ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने के साथ ही उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी अहम योगदान देता है। उन्होंने बच्चों को अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह और उल्लास के वातावरण में हुआ।