दत्तक ग्रहण इकाई का निरीक्षण,नवजातों को बांटे कपड़े,खिलौने और जरूरी सामग्री

राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई का निरीक्षण कर नवजात बच्चों को वितरित किए कपड़े, खिलौने एवं आवश्यक सामग्री प्रदान किए

ग़ाज़ीपुर।किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट अर्पिता सिंह एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह द्वारा शुक्रवार को राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा इकाई में आवासित अज्ञात नवजात बच्चों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता एवं देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। इस अवसर पर किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट अर्पिता सिंह एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह द्वारा नवजात बच्चों को आशीर्वाद स्वरूप कपड़े, खिलौने एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। उन्होंने बच्चों के प्रति स्नेह एवं आत्मीयता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दत्तक ग्रहण इकाई में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इकाई में आवासित बच्चों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न हो, बच्चों की सुरक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही बच्चों के लिए निर्धारित सभी मानकों एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य माया सिंह, पेशकार नीरज, पेशकार सुरेंद्र, चाइल्ड हेल्पलाइन के को ऑर्डिनेटर संतोष कुमार सिंह तथा राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई की अधीक्षिका प्रीति श्रीवास्तव, रागिनी सिंह, जूही राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.