गाजीपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जनपद गाजीपुर में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम घोषित किया गया है। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्राविधानों के तहत आदर्श चुनाव आचार संहिता के सभी संबंधित उपबंध पूरे जनपद में प्रभावी हो गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आदर्श चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आचार संहिता के प्रावधानों के पालन पर प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।