भूगोल विभाग की 33 छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण दल पश्चिम बंगाल रवाना

भूगोल विभाग की 33 छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण दल पश्चिम बंगाल रवाना

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के भूगोल विभाग की 33 छात्राओं का दल भौगोलिक क्षेत्र भ्रमण एवं सर्वेक्षण कार्य के लिए शनिवार को पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुआ। दल को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने रवाना किया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने कहा कि ज्ञान हासिल करने का सबसे व्यावहारिक तरीका भ्रमण है। शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों की जड़ता को तोड़ने के साथ उन्हें देश के विभिन्न भौगोलिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों से परिचित कराता है। उन्होंने छात्राओं से यात्रा के दौरान प्रबंधन, अनुशासन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों में समझने के लिए क्षेत्र भ्रमण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष अवलोकन, सर्वेक्षण और अध्ययन का अवसर मिलता है।

33 छात्राओं का यह शैक्षणिक दल डॉ. निरंजन कुमार यादव के नेतृत्व में भ्रमण एवं सर्वेक्षण कार्य पूरा करेगा। छात्राओं के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए डॉ. शिव कुमार और डॉ. ओम शिवानी भी दल के साथ रवाना हुए हैं। भ्रमण के दौरान छात्राएं पश्चिम बंगाल के प्रमुख भौगोलिक एवं पर्यटन स्थलों कोलकाता, गंगासागर और दीघा बीच का भ्रमण करेंगी। इस दौरान क्षेत्र की भौगोलिक संरचना, प्राकृतिक परिवेश, सामाजिक जीवन एवं स्थानीय परिस्थितियों का अध्ययन और सर्वेक्षण किया जाएगा।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.