65वें राष्ट्रीय ललित कला पुरस्कार से सम्मानित हुए सम्भावना कला मंच के चित्रकार पंकज शर्मा
गाजीपुर। जिले के मुहम्मदाबाद क्षेत्र के हरिबल्लमपुर गांव निवासी चित्रकार पंकज शर्मा को राष्ट्रीय ललित कला अकादमी, नई दिल्ली की ओर से आयोजित 65वें राष्ट्रीय ललित कला पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान उनकी रेखांकन कृति ‘हेलोड ट्रैवलर-2nd’ के लिए प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के साथ पंकज शर्मा ने गाजीपुर जिले से राष्ट्रीय ललित कला अकादमी का यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त करने वाले पहले चित्रकार के रूप में अपना नाम दर्ज कराया है। पंकज शर्मा, हरिबल्लमपुर निवासी अमर देव शर्मा एवं रम्भा देवी के ज्येष्ठ पुत्र हैं। वह पिछले करीब 15 वर्षों से स्वतंत्र कलाकार के रूप में कला साधना कर रहे हैं। उन्होंने चित्रकला में स्नातकोत्तर की शिक्षा राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर से तथा स्नातक (पेंटिंग) की शिक्षा इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने भारत भवन, भोपाल और दिल्ली में स्वतंत्र कलाकार के रूप में कई वर्षों तक अपनी कला साधना जारी रखी। शिक्षा के दौरान पंकज शर्मा ने प्रख्यात चित्रकार डॉ. राज कुमार सिंह के साथ मिलकर गाजीपुर में ‘सम्भावना कला मंच’ की नींव रखी। मंच के माध्यम से वह निरंतर कला गतिविधियों, प्रदर्शनियों, कार्यशालाओं और विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों से जुड़े रहे हैं।
पंकज शर्मा की अब तक करीब आठ एकल चित्रकला प्रदर्शनियां आयोजित हो चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने देश-विदेश की अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सामूहिक कला प्रदर्शनियों, कला शिविरों और कार्यशालाओं में भी सहभागिता की है। उनकी कलाकृतियां देश-विदेश के अनेक कला-प्रेमियों एवं कला संग्रहकर्ताओं के निजी संग्रहों में शामिल हैं। कला के क्षेत्र में उन्हें विभिन्न छात्रवृत्तियां, फेलोशिप, पुरस्कार एवं सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं। 65वें राष्ट्रीय ललित कला पुरस्कार के लिए चयन पंकज शर्मा की करीब डेढ़ दशक लंबी कला-साधना और निरंतर रचनात्मक प्रयोगों की राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है। उनकी कला में गाजीपुर की मिट्टी, ग्रामीण जीवन और मानवीय संबंधों की गहरी संवेदनाएं दिखाई देती हैं, जिसने उन्हें राष्ट्रीय कला परिदृश्य में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। पंकज शर्मा को यह सम्मान 29 सितंबर 2026 को ललित कला अकादमी, नई दिल्ली के रविन्द्र भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया। समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल, संयुक्त सचिव के.के. मिश्र तथा ललित कला अकादमी के सचिव प्रभारी राजीव कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बताया गया कि 29 सितंबर का कार्यक्रम पुरस्कार प्राप्त कलाकारों के सम्मान समारोह के रूप में आयोजित किया गया था। राष्ट्रीय ललित कला पुरस्कार से सम्मानित कलाकारों को अक्टूबर माह में राष्ट्रपति के हाथों औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय पंकज शर्मा ने अपने माता-पिता, गुरुजनों और पत्नी श्रीमती चंचल शर्मा को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ सम्भावना कला मंच और पूरे गाजीपुर में हर्ष और गौरव का माहौल है। पंकज शर्मा की उपलब्धि ने चित्रकला के क्षेत्र में गाजीपुर का नाम राष्ट्रीय फलक पर पहुंचाया है।