गाजीपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदर्शनी का आयोजन

गाजीपुर के रायफल परिसर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान–जन सेवा से देश सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत सूचना विभाग द्वारा योजनाओं, परियोजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है।
17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में रोजगार एवं सरकारी नौकरी, एयरपोर्ट विस्तार, एमएसएमई, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तिकरण, कृषि, स्वास्थ्य, कौशल विकास, स्वरोजगार और डिजिटल सुविधाओं से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की गई है।
इसके साथ ही ड्रोन आधारित कृषि, पीएम कुसुम योजना, सोलर पंप, कृषि यंत्र, ई-नाम, ओडीओपी, स्वयं सहायता समूह, वन स्टॉप सेंटर, कन्या सुमंगला योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है।
काशी, अयोध्या और प्रयागराज सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों तथा महापुरुषों के सम्मान से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।
इस अवसर पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सच्चिदानन्द तिवारी, सूचना विभाग से संजोग सिंह सहित स्कूली छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित रहे।