रामलीला मार्गों का संयुक्त निरीक्षण, दो-तीन दिन में दुरुस्त होंगी सड़कें
नगर पालिका चेयरमैन व ईओ ने दिए नालियों पर ढक्कन, पोखरा सफाई और नाव की व्यवस्था के निर्देश
गाजीपुर। अतिप्राचीन चलायमान रामलीला के आगामी आयोजन को लेकर नगर पालिका प्रशासन और रामलीला कमेटी ने सोमवार को रामलीला रथ यात्रा के निर्धारित मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क, नाली और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

हरिशंकरी रामलीला कमेटी द्वारा आगामी 6 अक्टूबर से चलायमान रामलीला का मंचन किया जाएगा। परंपरा के अनुसार भगवान श्रीराम और लक्ष्मण हाथ से खींचे जाने वाले रथ पर सवार होकर श्रद्धालुओं के साथ नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए लंका मैदान पहुंचेंगे। रथ यात्रा हरिशंकरी, झुन्नूलाल चौराहा, आमघाट, कारगिल मार्केट, महुआबाग, सकलेनाबाद, विशेश्वरगंज और कौवा बारी (अर्बन बैंक के समीप) होते हुए लंका मैदान पहुंचेगी।

इस दौरान कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य, नगर पालिका के सभासद, प्रतिनिधि और इंजीनियर मौजूद रहे। निरीक्षण में कई स्थानों पर खराब सड़क, गड्ढे और खुली नालियां मिलने पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धीरेंद्र कुमार राय और चेयरमैन श्रीमती सरिता अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर पालिका प्रशासन ने दो से तीन दिनों के भीतर खराब सड़कों की मरम्मत, जरूरत वाले स्थानों पर नालियों को ढक्कनदार कराने तथा पहाड़ खान पोखरा की सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रभु श्रीराम के सुरसरी पार करने की परंपरा को देखते हुए पोखरे में नाव की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए गए।

20 अक्टूबर को लंका मैदान में विजयादशमी का आयोजन होगा। लंका विजय के बाद भगवान श्रीराम की रथ यात्रा बाजे-गाजे के साथ इन्हीं मार्गों से वापस हरिशंकरी पहुंचेगी। इसे देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने पूरे रथ यात्रा मार्ग को समय रहते दुरुस्त कराने का भरोसा दिया है। नगर पालिका परिषद ने रामलीला मार्गों के साथ-साथ दुर्गा पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले मार्गों को भी जनहित में सुगम और दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि हरिशंकरी की यह चलायमान रामलीला सैकड़ों वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक एवं धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। इसके आयोजन में नगर पालिका परिषद के साथ जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों तथा नगर के नागरिकों का सहयोग मिलता रहा है।