जंगीपुर नवीन मंडी में गंदगी और अतिक्रमण पर निदेशक सख्त, मंडी सचिव निलंबित

जंगीपुर नवीन मंडी में गंदगी और अतिक्रमण पर निदेशक सख्त, मंडी सचिव निलंबित

गाजीपुर। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को नवीन मंडी स्थल, जंगीपुर का स्थलीय निरीक्षण कर मंडी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में सफाई व्यवस्था बेहद खराब और असंतोषजनक मिली। वहीं नालों पर कब्जे और विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण की स्थिति भी सामने आई।

निदेशक ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश की मंडी व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और किसान-केंद्रित बनाया जाए। किसानों को मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि मंडी परिसर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को पूर्व में बार-बार निर्देश दिए जा रहे थे, लेकिन इसके बावजूद मंडी सचिव द्वारा अपेक्षित स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, नालों से कब्जे हटाने और अतिक्रमण की समस्या के समाधान में बरती गई शिथिलता को निदेशक ने गंभीरता से लिया। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में गंभीर लापरवाही एवं अपेक्षित कार्रवाई न किए जाने के दृष्टिगत मंडी सचिव मुकेश जायसवाल के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।

निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मंडी परिसरों में स्वच्छता, सुव्यवस्था, अतिक्रमणमुक्त वातावरण और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और शासन की मंशा के अनुरूप किसानों के हित में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि मंडी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं किसान हितैषी बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और अनुश्रवण जारी रहेगा। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.