वाराणसी खंड शिक्षक-स्नातक निर्वाचन की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा
संवेदनशील बूथों का चिन्हांकन, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश
गाजीपुर। वाराणसी खंड शिक्षक/स्नातक निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को रायफल क्लब में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में समस्त प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में पूरा किए जाएं। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर संवेदनशील बूथों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहकर मतदाताओं को प्रभावित करने वाले कारकों पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में मतदान केंद्रों पर मतदान कार्मिकों की व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी उपजिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने को कहा गया। मतदेय स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल तथा बूथ निर्माण सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी, उपजिलाधिकारी एवं संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने आगामी विधानसभा निर्वाचन 2027 के दृष्टिगत भी सभी उपजिलाधिकारियों को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत बूथों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में निर्वाचन से जुड़े सभी प्रभारी अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।