गाजीपुर से बलिया स्थानांतरण पर एसपी डॉ. ईरज राजा को भावभीनी विदाई
गाजीपुर। पुलिस लाइन स्थित सभागार में गुरुवार को निवर्तमान पुलिस अधीक्षक आईपीएस डॉ. ईरज राजा के स्थानांतरण के अवसर पर भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। डॉ. ईरज राजा का स्थानांतरण पुलिस अधीक्षक, जनपद बलिया के पद पर हुआ है। समारोह में जनपद के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. ईरज राजा के करीब दो वर्ष तीन माह के कार्यकाल को याद किया। वक्ताओं ने उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई तथा पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं संवेदनशीलता बढ़ाने से जुड़े प्रयासों का उल्लेख किया।

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. ईरज राजा भावुक नजर आए। उन्होंने गाजीपुर पुलिस की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकाल के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्परता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। टीम के सामूहिक प्रयासों से जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी इसी ऊर्जा और निष्ठा के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक तथा विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों सहित पुलिसकर्मियों ने निवर्तमान एसपी को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट किए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सुखद, उज्ज्वल भविष्य तथा बलिया जनपद में सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुलिस विभाग के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

