स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव: डीएम और एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
वेबकास्टिंग, बिजली, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को हो रहे मतदान के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने पूरे दिन भ्रमणशील रहकर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया और निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सिटी इंटर कॉलेज गाजीपुर, हनुमान सिंह इंटर कॉलेज देवकली, विकास खंड जखनियां, नेशनल इंटर कॉलेज कासिमाबाद तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जमानियां सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग, विद्युत, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मतदान कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ मतदान संपन्न कराने को कहा। वहीं, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा मतदान केंद्रों पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

प्रशासन के अनुसार, शुक्रवार को शाम चार बजे तक वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 21,926 मत पड़े, जो 43.61 प्रतिशत मतदान रहा। वहीं, वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 4,306 मत पड़े और मतदान का प्रतिशत 69.52 दर्ज किया गया। जनपद में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। प्रशासन ने निर्वाचन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों पर निगरानी बनाए रखी।
