पीईटी परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी अलर्ट, परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

पीईटी परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी अलर्ट, परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

सीसीटीवी निगरानी और बायोमेट्रिक सत्यापन में सतर्कता बरतने के निर्देश, दोनों पालियों में करीब 68 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे उपस्थित

गाजीपुर। जनपद में आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। रविवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सनबीम स्कूल, महाराजगंज तथा एवरग्रीन स्कूल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों के बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी सावधानी एवं सतर्कता के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित रहनी चाहिए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका न रहे और परीक्षा निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न हो सके।

जनपद में पीईटी परीक्षा के लिए कुल 19 केंद्र बनाए गए थे। प्रथम पाली में पंजीकृत 8,352 अभ्यर्थियों में से 5,693 उपस्थित रहे, जबकि 2,659 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम पाली में 68.16 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। वहीं, द्वितीय पाली में भी कुल 8,352 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 5,687 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 2,665 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में उपस्थिति का प्रतिशत 68.09 रहा। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर निगरानी एवं सत्यापन व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.