50 लाख से अधिक की परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में रविवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंताओं एवं प्रतिनिधियों से परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की जानकारी ली और सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में कार्य की गति धीमी है, वहां आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि परियोजनाओं को समय से पूरा किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।

बैठक में फूड हाउसिंग योजना की टेंडर प्रक्रिया, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मनिहारी, जिला कारागार, कंपोजिट विद्यालय, जल जीवन मिशन ग्रामीण के अंतर्गत पेयजल कनेक्शन, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, नगर पंचायत सैदपुर में पेयजल पुनर्गठन योजना, सेतु निर्माण निगम के अंतर्गत पुल निर्माण तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सहित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मरदह स्थित गो संरक्षण केंद्र में शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया। इसके साथ ही नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति का स्थलीय सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में चल रही विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।