देश के लिए मरता और जीता है कायस्थ समाज : डॉ. मुकेश श्रीवास्तव
भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, महापुरुषों की झांकियों ने मोहा नगरवासियों का मन; कलम को बताया समाज की सबसे बड़ी ताकत
गाजीपुर। भगवान चित्रगुप्त की जयंती एवं पूजनोत्सव के अवसर पर बुधवार को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हाथी-घोड़े, ध्वज-पताकाओं और आकर्षक झांकियों से सुसज्जित यह शोभायात्रा उर्दू बाजार स्थित अजय कुमार श्रीवास्तव के आवास से प्रारंभ होकर नई सड़क स्थित अफीम फैक्ट्री के निकट चित्रगुप्त मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई।

शोभायात्रा में भगवान श्री चित्रगुप्त जी एवं भारत माता की आकर्षक झांकी के साथ कायस्थ समाज के गौरवशाली इतिहास और देश के निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें स्वामी विवेकानंद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, शहीद खुदीराम बोस, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाल बहादुर शास्त्री, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, मुंशी प्रेमचंद, गणेश शंकर विद्यार्थी, महादेवी वर्मा, गोपाल दास नीरज, फिराक गोरखपुरी, डॉ. संपूर्णानंद और डॉ. हरिवंश राय बच्चन सहित अनेक विभूतियों की झांकियां शामिल रहीं।

शोभायात्रा के स्वागत के लिए नगर के विभिन्न स्थानों पर तोरणद्वार बनाए गए थे। जगह-जगह महिलाओं ने भगवान श्री चित्रगुप्त जी की झांकी की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। नगरवासियों में शोभायात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर एकत्र होकर झांकियों का दर्शन करते रहे।

इस दौरान समाज के युवा हाथों में जय चित्रगुप्त और जय चित्रांश के ध्वज लेकर आतिशबाजी करते हुए आगे चल रहे थे। भगवान चित्रगुप्त के जयकारों, जय चित्रांश और कायस्थ एकता जिंदाबाद के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। महिला संभाग की जिलाध्यक्ष डॉ. पूजा श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी शोभायात्रा में भागीदारी की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल डॉ. इन्द्रसेन श्रीवास्तव ने समाज के लोगों को जयंती की बधाई देते हुए कहा कि कायस्थ समाज का इतिहास देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा की भावना से ओत-प्रोत रहा है। देश को बेहतर और समृद्ध बनाने में समाज ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज देश के लिए मरने और जीने वाला समाज है। हमें अपनी समृद्ध और गौरवशाली विरासत को सहेजने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की जरूरत है।

उन्होंने स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद खुदीराम बोस, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, लाल बहादुर शास्त्री, जयप्रकाश नारायण, मुंशी प्रेमचंद, गणेश शंकर विद्यार्थी, महान वैज्ञानिक शांति स्वरूप भटनागर, हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव, अमिताभ बच्चन और शत्रुघ्न सिन्हा सहित अनेक विभूतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महापुरुषों का योगदान पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर सामाजिक चुनौतियों का सामना करने का आह्वान किया।

महासभा के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कलम हमारी ताकत है। इसी ताकत के बल पर कायस्थ समाज ने शिक्षा, साहित्य, प्रशासन, राजनीति और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने समाज की एकजुटता को समय की आवश्यकता बताया। शोभायात्रा में कायस्थ एकता फाउंडेशन सहित जनपद में सक्रिय विभिन्न कायस्थ संगठनों ने सहभागिता कर सामाजिक एकता का परिचय दिया। समापन स्थल पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर झांकियों में शामिल बच्चों को महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश श्रीवास्तव द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महासभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव, महिला सभा की प्रदेश सचिव मीरा श्रीवास्तव, प्रेम कुमार श्रीवास्तव, पीयूष श्रीवास्तव, एमएलसी आशुतोष सिन्हा के प्रतिनिधि पप्पू लाल श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, शैल श्रीवास्तव, अल्का राज श्रीवास्तव, अरुण सहाय, सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, अरुण श्रीवास्तव चुन्नू, नंदिनी श्रीवास्तव, मोहनलाल श्रीवास्तव, अमर सिंह राठौर, मनीष श्रीवास्तव, माधुरी श्रीवास्तव, प्रदीप श्रीवास्तव उर्फ राजन, निशा श्रीवास्तव, अजय कुमार श्रीवास्तव, अनूप श्रीवास्तव, प्रभात श्रीवास्तव, अश्वनी श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास्तव, गौरव श्रीवास्तव, डॉ. पूजा श्रीवास्तव, श्वेता श्रीवास्तव, अमरनाथ श्रीवास्तव, विपिन बिहारी वर्मा, राजेश कुमार श्रीवास्तव, विजय प्रकाश श्रीवास्तव, विजय कुमार श्रीवास्तव प्रेमी, मेघा श्रीवास्तव, डॉ. सुधीर श्रीवास्तव, आनंद श्रीवास्तव और सुशील श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। शोभायात्रा के संयोजक विपिन श्रीवास्तव उर्फ डब्बू ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।