बाल दिवस पर शाह फ़ैज़ में उमंग और उल्लास की धूम, खेल महोत्सव का भव्य समापन

बाल दिवस पर शाह फ़ैज़ में उमंग और उल्लास की धूम, खेल महोत्सव का भव्य समापन

गाजीपुर। शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल, गाजीपुर में बाल दिवस के अवसर पर तीन दिनों से चल रहे खेल महोत्सव का शनिवार को उत्साह, उमंग और उल्लास के बीच भव्य समापन हुआ। बाल दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय के प्री-प्राइमरी, प्राइमरी एवं सीनियर विंग में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। इन सभाओं में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर प्रार्थना की तथा बाल दिवस के महत्व पर आधारित गीत, भाषण और रोचक तथ्यों की प्रस्तुति देकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरामुल हक ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों के मनोरंजन एवं ज्ञानवर्धन के लिए तारामंडल शो का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अंतरिक्ष की रोचक दुनिया को करीब से जाना। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी आकर्षक फैंसी ड्रेस में विद्यालय पहुंचे, जहां फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त प्राथमिक वर्ग के बच्चों के लिए बिना आग के खाना बनाने, रंगोली, फ्री डांस सहित विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

वहीं, तीन दिनों तक चले खेल महोत्सव के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में हाउसों के प्रदर्शन के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। पूरे खेल महोत्सव में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लू हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रीन हाउस द्वितीय और येलो हाउस तृतीय स्थान पर रहा। पूरे खेल महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कुशाग्र कटियार को ‘बेस्ट प्लेयर’ के सम्मान से नवाजा गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य इकरामुल हक ने कहा कि तीन दिवसीय खेल महोत्सव को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। उन्होंने सभी हाउस कैप्टन एवं वाइस कैप्टन की सक्रिय सहभागिता और जिम्मेदारीपूर्ण भूमिका की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन की सफलता सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय का परिणाम होती है। इस पूरे खेल महोत्सव का आयोजन एवं प्रबंधन विद्यालय के उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी तथा समन्वयक अंजली श्रीवास्तव की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


कार्यक्रम के अंत में उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी ने ‘वोट ऑफ थैंक्स’ प्रस्तुत किया। उन्होंने खेल महोत्सव को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ तीन दिवसीय खेल महोत्सव का गरिमामय समापन हुआ।


इस अवसर पर प्रधानाचार्य इकरामुल हक, उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव, खेल प्रशिक्षक देवेंद्र प्रजापति एवं दिनेश राय सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने बाल दिवस के उल्लास के साथ-साथ खेल भावना, अनुशासन, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता का सुंदर संदेश दिया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.