गाजीपुर में धूमधाम से मनाया गया सतगुरु देव श्री हंस जी महाराज का पावन जन्मोत्सव, सत्संग और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
गाजीपुर। मानव उत्थान सेवा समिति, श्री हंस योग आश्रम रेलवे ट्रेनिंग सेंटर के तत्वावधान में मानव धर्म के प्रणेता एवं प्रख्यात समाजसेवी सतगुरु देव श्री सतपाल जी महाराज के गुरु सतगुरु देव श्री हंस जी महाराज का पावन जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सत्संग, भजन-कीर्तन एवं आध्यात्मिक प्रवचनों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रेमी भक्तों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में रायबरेली आश्रम की प्रभारी महात्मा अवंतिका बाई जी ने अपने प्रवचन में कहा कि योगीराज श्री हंस जी महाराज का उपदेश था कि मनुष्य को अपने भीतर झांकना चाहिए, क्योंकि सत्य बाहर नहीं, बल्कि उसके अंदर ही विद्यमान है। वहीं भाई जी के मधुर भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।

गाजीपुर आश्रम की प्रभारी महात्मा दयावती बाई जी ने अपने सत्संग विचार में कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान के बिना मनुष्य अपने जीवन का समुचित विकास नहीं कर सकता। आध्यात्मिक ज्ञान ही मनुष्य को सही दिशा प्रदान करता है और जीवन के वास्तविक उद्देश्य से परिचित कराता है।

पूर्वांचल प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. संतोष यादव ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के उत्थान के लिए सेवा सर्वोपरि है। सेवा ही सच्ची उपासना है और जहां सेवा होती है, वहीं ईश्वर का वास होता है। उन्होंने मानव जीवन में सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर पूर्वांचल के सह सचिव किशोर यादव, जिला प्रधान उमेश सिंह, सचिव विपिन बिहारी, लेखाकार डॉ. शंभूनाथ, जिला शासकीय अधिवक्ता कृपा शंकर राय, मानव सेवा दल के अमरनाथ राजभर, मंजू देवी, कुसुम लता, फूलमती, गीता, राम अवध, गजाधर हंस, अशोक, लल्लन सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में प्रेमी भक्त उपस्थित रहे।

