गाजीपुर में 50 लाख से अधिक की परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, बिना अनुमति सड़क खोदने पर लगाई रोक
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का रखें ध्यान, स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के भी दिए निर्देश
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की जनपद में संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के प्रति आमजन को जागरूक करने और व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के संबंध में भी चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं से निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए।

जिलाधिकारी ने सड़कों की खुदाई को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि उनकी अनुमति के बिना जनपद में कहीं भी सड़क की खुदाई नहीं की जाएगी। यदि किसी अपरिहार्य परिस्थिति में सड़क खोदने की आवश्यकता पड़ती है, तो नियमानुसार अनुमति प्राप्त करने के बाद ही कार्य किया जाए। साथ ही खुदाई के बाद सड़क की मरम्मत भी अनिवार्य रूप से पूरी कराई जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।

स्व-गणना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को नियमित रूप से रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर व्यापक स्तर पर लोगों को जागरूक किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेकर अपनी गणना स्वयं कर सकें और एसई आईडी जनरेट कर सकें।

उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक इन्यूमरेटर (प्रगणक) घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इस दौरान नागरिक अपनी जनरेट की गई एसई आईडी प्रगणक को उपलब्ध करा सकेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।