दो दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन, 1500 युवाओं को मिलेगा नौकरी पाने का मौका

दो दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन 25 और 26 नवंबर को, 1500 युवाओं को मिलेगा नौकरी पाने का मौका

जमानियां और मुहम्मदाबाद में लगेंगे रोजगार मेले, 10वीं से स्नातकोत्तर और आईटीआई पास अभ्यर्थी कर सकेंगे प्रतिभाग

गाजीपुर। जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर सामने आया है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 25 और 26 नवंबर को दो दिवसीय विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, विधानसभा जमानियां का रोजगार मेला 25 नवंबर 2026 को हिन्दू पीजी कॉलेज, जमानियां में आयोजित होगा। वहीं 26 नवंबर को विधानसभा मुहम्मदाबाद का रोजगार मेला अष्ट शहीद इंटर कॉलेज, मुहम्मदाबाद में लगाया जाएगा। दोनों स्थानों पर मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवक एवं युवतियां प्रतिभाग कर सकेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि दोनों रोजगार मेलों में लगभग 1500 अभ्यर्थी शामिल होंगे। रोजगार मेले को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अभ्यर्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। साथ ही स्थानीय नियोजकों, औद्योगिक संगठनों और तकनीकी क्षेत्र की कंपनियों को भी मेले में शामिल कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की जानकारी देने और पंजीकरण के लिए प्रेरित करने की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए रोजगार मेले को सफल बनाएं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.