महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए घर-घर संपर्क करेंगी भाजपा की महिला कार्यकर्ता

महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए घर-घर संपर्क करेंगी भाजपा की महिला कार्यकर्ता : सरोज कुशवाहा

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के मतदाता जोड़ो अभियान अंतर्गत आज भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने भाजपा जिला कार्यालय गाजीपुर के कांफ्रेंस हॉल में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष माया सिंह की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिला संगठनों, स्वयं सहायता समूहों तथा सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं के बीच व्यापक जनसंपर्क स्थापित कर अधिकाधिक पात्र महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार मतदाता सूची में महिला मतदाताओं की घटती संख्या चिंताजनक विषय है। यह केवल आंकड़ों का मामला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी और उनके मताधिकार से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के दौरान कोई भी पात्र महिला मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए, इसके लिए महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ घर-घर संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि महिला शक्ति समाज की जागरूकता, संगठनात्मक क्षमता और जनभागीदारी की सशक्त आधारशिला है। महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न महिला समूहों से समन्वय स्थापित कर पात्र महिलाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें। साथ ही जिन पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, उनके नाम नियमानुसार जुड़वाने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
श्रीमती कुशवाहा ने कहा कि सशक्त लोकतंत्र की वास्तविक पहचान यही है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो और वह अपने मताधिकार का निर्भीकतापूर्वक प्रयोग कर सके। भारतीय जनता पार्टी, महिला मोर्चा इसी उद्देश्य से पूरे उत्तर प्रदेश में महिलाओं के नेतृत्व में व्यापक जनजागरण एवं मतदाता जोड़ो अभियान संचालित कर रही है।
बैठक में पूर्व विधायक सुनीता सिंह,क्षेत्रीय महामंत्री महिला मोर्चा डा गीता कुमारी,शीला सोनकर, पूर्व जिलाध्यक्ष साधना राय, रंजू विश्वकर्मा,गोदावरी राजभर, माया सिंह,सरिता कुशवाहा, सरोज भारती, रंभा राय, सुनीता सिंह,नीलम सिंह, सुनीता जायसवाल, सीमा शर्मा, अलीमा जैदी, गुड्डी पांडेय सहित आदि अन्य महिलाएं उपस्थित थी।
संचालन जिला महामंत्री पूनम मौर्या ने किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.