All posts by tiwarishivpratap

राजस्व वसूली में लापरवाही हुई तो होगी कार्यवाही:-डीएम

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में कर-करेत्तर की समीक्षा बैठक बुधवार को रायफल क्लब सभागार सम्पन्न हुआ। बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन, वन विभाग, स्टाम्प, नगर पालिका, व्यापार कर, विद्युत देय, आबकारी आर मोटर देय के सम्बन्ध मे विस्तारपूर्वक समीक्षा की। समीक्षा के दौरान वाणिज्यकर, आबकारी, स्टाम्प निबन्ध मे कासिमाबाद, परिवहन विद्युत देय, बाट-माप एवं नगर पंचायत सादाता मे लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वसूली मे प्रगति लाने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों का आह्वान करते हुए उन्हें निर्देश दिया कि राजस्व प्राप्ति के संबंध में जो विभाग कार्य कर रहे हैं उनके द्वारा अपने-अपने लक्ष्य को प्रत्येक माह उसे पूर्ण कर अंतिम रूप प्रदान किया जाए ताकि सभी विभागों में राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य पूर्ण किए जा सकें।

उन्होने कम राजस्व वसूली वाले विभागो के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को अपने लक्ष्य के प्रति प्रत्येक माह कार्य योजना बनाकर मूर्त रूप प्रदान किए जाने का निर्देश दिया। कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही एवं शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिन विभागीय अधिकारियों के द्वारा अपने राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति नहीं की जाएगी उनके विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। जिसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित विभागीय अधिकारी की होगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, अरूण कुमार सिंह एवं सम्बन्धित अधिकारी एंव पटल सहायक उपस्थित थे।

भारत के गौरवशाली परंपरा को जाने:-राजेंद्र


गाजीपुर। भारत को पहचानना होगा, भारत को जानना होगा क्योंकि छत्रपति शिवाजी, स्वामी विवेकानंद, डॉक्टर हेडगेवार ने विश्व में भारत को जनाने का काम किया है। संघ इन्हीं महापुरुषों के बताए हुए मार्ग पर चल कर सन 2025 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने स्थापना के 100 वर्ष मनाने जा रहा है। यही भारत की गौरवशाली परंपरा का अदभुत अनोखा इतिहास है। कोई भी संगठन अगाध रूप से बिना किसी रुकावट के सतत चल रहा है। भारत मां को परम वैभव की शिखर पर विराजमान करने का संकल्प रोज संघ की शाखा में प्रार्थना के माध्यम से करते हैं। इसी को लेकर शिक्षार्थियों को प्रशिक्षित करने के लिए सात दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग 13 से 19 अक्टूबर तक बकुलियापुर स्थित बजरंग आईटीआई में आयोजित है। इस वर्ग में कुल 50 प्रशिक्षुओ को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा हैं । वर्ग मे काशी प्रान्त प्रचारक रमेश, विभाग प्रचार प्रमुख डा.शैलेंद्र, वर्गकार्यवाह राघवेंद्र, मुख्य शिक्षक हरिओम, वर्ग पालक अशोक राय तथा विभाग सह प्रचारक दीपक, नगर प्रचारक आदर्श, विशाल, महेंद्र, उदय नाथ के द्वारा शिक्षार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन की हुई बैठक

जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पर पेट्रोल पंप का लगभग एक करोड़ रुपया है बकाया

नवंबर तक बकाया न मिलने पर रोक दी जाएगी पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति

एडीएम से मिलने के साथ भी नही हुआ बकाए रुपए का भुगतान

गाजीपुर। पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन की एक आवश्यक बैठक बुधवार को बड़ी बाग स्थित एक रेस्टोरेंट में संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित संगठन के सदस्यों ने विभिन्न समस्याओं पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान सदस्यों ने बताया कि विभिन्न तहसीलों एवं जिलाधिकारी कार्यालय सहित अन्य सरकारी विभागों पर डीलरों का लगभग एक करोड़ रुपया बकाया है। बकाए पैसे के लिए संगठन के पदाधिकारी कई बार जिले के अपर जिलाधिकारी से मिले और बकाया पैसा भुगतान करने का आग्रह भी किया लेकिन पूरा भुगतान अभी तक नहीं किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों पर भी लंबे समय से बकाया चल रहा है। अब डीलरों ने अब यह निर्णय लिया है कि नवंबर माह तक पूरा बकाया न मिलने पर दिसंबर से उधार आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। इस बैठक में आमिर अली, राजेश सिंह, मनोज जायसवाल, ओम प्रकाश यादव, मिंटू राय, राहुल साहू, अजय यादव, विजय अग्रवाल, संजीव सिंह, विनीत जायसवाल, बृज किशोर जायसवाल, गिरिराज अग्रवाल, वेद प्रकाश जायसवाल एवं सुनील सिंह सहित अन्य पेट्रोल पंप संचालक उपस्थित थे। इस बैठक की अध्यक्षता मारकंडेय सिंह तथा संचालन प्रहलाद जायसवाल ने किया।

छात्र नेताओं ने मुंडवा लिए अपने बाल, अब आत्मदाह करने को मजबूर

गाजीपुर। पीजी कॉलेज के प्रांगण में छात्रों ने सातवें दिन बुधवार को भी अनिश्चितकालीन धरना जारी रखा। सभी छात्रों ने छात्रहित में उठाये गये मुद्दों कि महाविद्यालय प्रशासन के द्वारा उपेक्षा किये जाने से आक्रोशित होकर धरना स्थल पर अपने सर का मुंडन कराकर अपना विरोध दर्ज कराया। बाल का मुंडन कराने वालों में ईश्वर यादव, निलेश बिन्द, अभिषेक चौरसिया, समीर कुमार शामिल थे। मुंडन के पश्चात कहा कि महाविद्यालय प्रशासन कि तानाशाही और छात्रों के प्रति उदासीनता के चलते विवश होकर हम सभी शिक्षा के मंदिर में अपने बाल का मुंडन कराकर अपना विरोध दर्ज कराया है और जब तक हम सभी कि छात्रहित में मांग पूरी नहीं हो जाती तब तक धरना जारी रहेगा। बता दें कि छात्र विगत् सात दिनों से 32 सूत्रीय मांगों के सम्बन्ध में धरना दे रहे हैं। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन छात्रों की मांगों कि अनदेखी कर उन्हें मानसिक प्रताड़ना के साथ आत्मदाह करने को मजबूर कर रहा है । जिसमें किसी भी छात्र के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन व जिला प्रशासन की होंगी।


छात्रों कि प्रमुख मांग मुख्य रूप से छात्र संघ चुनाव कराने, प्राचार्य के महाविद्यालय में समय से आने कि मांग, टीसी चरित्र शुल्क कम करने कि मांग,बीपीई प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर प्रवेश लेने,अवैध वसूली बंद करनें, बीपीई का रिजल्ट जारी करने कि मांग,फीस वृद्धि वापस लेंने, पुस्तकालय में नई शिक्षा नीति के अन्तर्गत पुस्तकें उपलब्ध कराने, कालेज कि वेबसाइट पर सभी सूचना और नई फीस विवरण उपलब्ध कराने, कालेज के कैमरों को ठीक करने के साथ ही महाविद्यालय के गलियारों में सीसीटीवी कैमरे लगाने,साइकिल स्टैंड फीस कम करने, कालेज कि वेबसाइट को सरल करने, कालेज की वेबसाइट पर शिकायत पोर्टल उपलब्ध कराने के साथ ही महाविद्यालय में आफलाइन शिकायत काउन्टर बनाने, स्नातक द्वितीय,तृतीय स्नातकोत्तर द्वितीय में प्रवेश फार्म शुल्क निशुल्क करने, आरो वाटर मशीन लगाने कि मांग,महाविद्यालय में पठन-पाठन का माहौल बनायें तथा सभी शिक्षक व कर्मचारी समय से आने व विभाग खोलने सहित आदि मांग है।


धरना में शामिल छात्रनेत्री आरती बिन्द, प्रगति दूबे, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अनुज भारती, महामंत्री प्रवीण विश्वकर्मा,आकाश कुमार चौधरी, अभिषेक वर्मा, समर सिंह यादव,राहुल कुमार,प्रिंस प्रजापति, धीरज सिंह, संदीप चौहान,रोहित यादव,अभिषेक यादव,अमित यादव, रविकांत यादव नंदन यादव,रामविलास यादव,विशाल विश्वकर्मा,निखिल राज भारती,कृष्णा शर्मा,सत्यम कुमार,मयंक,अनूप यादव लव यादव,सत्यम यादव, अमृतांश बिन्द,प्राजंल मिश्रा,अरविंद यादव, प्रशांत बिन्द,आलोक कुमार राय,सुजीत यादव,अनुज यादव,चंद्रशेखर सिंह यादव,आदि सैकड़ों छात्र मौजूद थे।

छात्र संघ चुनाव को लेकर छात्र नेता ने राज्यपाल को भेजा पत्र

छात्र संघ चुनाव बहाली को लेकर छात्र नेता सिद्धांत सिंह करण ने भेजा राज्यपाल को पत्र

बिना किसी लिखित निर्देश के छात्र संघ चुनाव बंद करना दुर्भाग्यपूर्ण:-सिद्धांत

छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।



गाजीपुर। छात्र संघ चुनाव बहाली के लिए छात्र नेता ने राज्यपाल को बुधवार को पत्र भेजा। इस पत्र में राज्यपाल से छात्र हित में जल्द चुनाव कराने की मांग की सहित अन्य छात्र हित में बातें कहीं गई है। स्वामी सहजानंद पीजी कॉलेज के छात्र नेता सिद्धांत सिंह करण ने इस पत्र के माध्यम से उत्तर प्रदेश के राज्यपाल से कहा कि छात्र संघ चुनाव इसलिए कराना जरूरी है क्योंकि छात्र संघ छात्रों का प्रतिनिधित्व करता है। छात्र संघ चुनाव न होने से विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय में अनियमितताएं बढ़ जाती हैं और छात्रों की मांग रखने वाला एवं सुनने वाला कोई छात्र नेता नहीं होता है। छात्र संघ चुनाव राजनीति की नर्सरी कही जाती है। छात्र संघ चुनाव न होना छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। छात्र संघ के मंच से छात्रों में राजनीतिक और सामाजिक विकास होता है। छात्र संघ से निकले नेता मुख्य पद आसीन होकर देश एवं प्रदेश को भी संभालने का कार्य करते हैं। इसे बंद करना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव बहाली को लेकर छात्र नेता आंदोलन भी कर रहे हैं। बिना किसी लिखित निर्देश के छात्र संघ चुनाव को बाधित किया गया है। छात्र नेता सिद्धांत सिंह करण ने पत्र के माध्यम से राज्यपाल को अवगत कराया और कहा कि पिछले महीने ही दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र संघ का चुनाव हुआ है। इसलिए प्रदेश के विद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में भी छात्र संघ चुनाव होना चाहिए। छात्र नेता सिद्धांत ने पत्र के माध्यम से राज्यपाल से छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग की।

भरत आगमन और विदाई का किया गया लीला मंचन

श्री भरत आगमन, मनावन एवं विदाई

गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वाधान में वन्दे वाणी विनायकौ आदर्श रामलीला मण्डल द्वारा लीला के आठवे दिन 17 अक्टूबर को स्थान सकलेनाबाद में भरत आगमन, मनावन व विदाई लीला का मंचन किया गया। लीला का शुरूआत भाजपा नेता अभिनव सिंह, मीडिया प्रभारी कार्तिक गुप्ता और रामलीला कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी बच्चा द्वारा भगवान श्रीराम सीता तथा लक्ष्मण को माल्यार्पण व आरती करके किया गया। इसके बाद लीला का शुभारम्भ के क्रम में वनवास काल के दौरान श्रीराम लक्ष्मण सीता श्रृंगवेरपुर से चलकर भारद्वाज मुनि का दर्शन करते हुए महर्षि बाल्मिकी सहित सभी तपस्वियों मुनियों को दर्शन देते हुए एवं उनका आशीर्वाद लेते हुए आगे चलते है। उन्होंने बाल्मीकी मुनि से अपने रहने का स्थान पूछा तो बाल्मीकी मुनि द्वारा बताया गया कि चित्रकूट पर्वत पर जहाँ ऋषि मुनि कई वर्षों से आपके दर्शन हेतु तप करतेे है हे राम आप वही निवास करें। श्रीराम उनके आज्ञा से फिर जंगल की ओर चलते हुए रास्ते में उन्हे कोल भिल्ला से भी भेट हो जाता है। अंत में श्रीराम चित्रकूट में वनवासियों के सहयोग से पर्णकूटी बनाकर निवास करने लगे। उधर महाराज भरत शत्रुघ्न गुरू वशिष्ठ केे अज्ञा अनुसार अयोध्या के लिए अपने ननिहाल से सुमन्त के साथ प्रस्थान करते है। उन्होंने अयोध्या पहुँचकर चारो ओर सन्नाटा देखा। वे रथ से उतकर कैकेयी के पास जाकर पिता दशरथ भइया राम के विषय में जानना चाहा तो कैकेयी बताती है कि पिता जी साकेत लोक और राम वन में चले गए है। अयोध्या का राज तुम्हे मिल गया है।

इतना सुनते ही भरत शत्रुघ्न रोने लगते है उसके बाद गुरू वशिष्ठ व पूर्वासियों एवं सभी माताओं के साथ रथ पर सवार होकर श्रीराम को मनाने के लिए चित्रकूट चल देते है। जब महाराज भरत श्रृंगेवरपुर पहुँचते है तो वहाँ के राजा निषाद राज अपने सैनिकों के साथ भरत को रोक लेते है और उनसे सारा समाचार पूछकर उन्हें लेकर चित्रकूट केे लिए प्रस्थान कर देते है। वहाँ पहुँचकर उन्होंने भइया लक्ष्मण से भरत केे आने का समाचार बताते है। लक्ष्मण भरत केे आगमन का सूचना सुनकर क्रोधित हो जाते है, उनके क्रोध को देखकर श्रीराम उन्हें समझाते है कि लक्ष्मण क्रोध शान्त करो। उसके बाद भइया भरत के आने की सूचना पाकर वे सिंहासन से उठकर भरत के लिए चल देते है। उधर भरत शत्रुघ्न तीनों माताओं गुरू वशिष्ठ सहित पूर्वासियों के साथ रथ से उतरकर भइया राम के पास दौडते हुए जाकर साष्टांग दण्डवत करते है। इसके अलावा भरत जी श्रीराम को अयोध्या लौटने के लिए निवेदन करते है। श्रीराम भरत के निवेदन को सुनकर कहते है कि हे भरत माता पिता के आज्ञा के अनुसार मुझे 14 वर्ष तक वन में ही बिताना है। अतः आप अयोध्या के लिए लौट जाओ, फिर भी भरत जी आग्रह करतेे है कि भइया आपके अलावा मैं राजपाठ नही संभाल सकता। भरत के बात को सुनकर श्रीराम अन्त में अपना चरण पादुका (खडाऊ) देकर भरत जी को विदा करते है। इस दृश्य को देखकर दर्शनार्थियों के आंखों में अश्रु पात बहते देखा गया और साथ ही जय श्रीराम के जयकारा से लीला स्थान गूज उठा। इस अवसर पर कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उपमंत्री लवकुमार त्रिवेदी, प्रबन्धक विरेश राम वर्मा, उप प्रबन्धक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल, मनोज कुमार तिवारी, रामसिंह यादव, विशम्भर नाथ गुप्ता आदि रहे।

चौपाल में एसपी ने छात्राओं को दिए सुरक्षा के टिप्स, कहा….

गाजीपुर। मिशन शक्ति के तहत पुलिस की ओर से चौपाल का आयोजन किया गया। मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को जंगीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आत्म प्रकाश आदर्श महाविद्यालय में एसपी ने चौपाल का आयोजन किया। चौपाल में एसपी स्कूल की छात्राओं को मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन कार्यक्रम के बारे में जागरूक किया। छात्राओं को उनके प्रति होने वाले किसी भी अपराध एवं संबंधित अपराधियों के बारे में तत्काल पुलिस एवं शक्ति मित्र, महिला पुलिस कर्मियों को सूचना देने के लिए जागरूक किया।

एसपी ने छात्राओं को महिला संबंधित सभी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जैसे 1090, 1076, 1098, 181, 112, 102 और 108 के बारे में विस्तार से बताया। उन्हें यह भी बताया कि इन नंबरों पर आपकी शिकायत सुनने के लिए महिला कर्मी को ही नियुक्त किया गया है। इस दौरान एसपी ने वहां उपस्थित महिलाओं से उनकी विभिन्न समस्याओं को भी सुना तथा उसके निस्तारण के लिए संबंधित को निर्देशित किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेन्द्र, थानाध्यक्ष जंगीपुर अमित पाण्डेय और फोर्स मौजूद थें।

गंदगी देख भड़की डीएम ने रोका वेतन, दिया निलंबित करने का निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने मंगलवार को कस्तूरबां गॉधी आवासीय बालिका विद्यालय बिरनो एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय बिरनो का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सर्व प्रथम जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासी बालिका विद्यालय बिरनो पहुचकर उपस्थिति पंजिका रजिस्टर, बच्चो को दी जाने वाली खाद्य समाग्री, बच्चो की संख्या, छात्राओ से शिक्षा की गुणवत्ता की जानकरी ली साथ ही विद्यालय, आवासीय स्थलो, रसोईघर एवं शौचालयो  को चेक किया। जहां साफ-सफाई का अभाव रहा। शौचालय  मे गन्दगी पायी गयी। इसके अतिरिक्त विद्यालय मे पीने हेतु पानी का आर ओ मशीन भी खराब पाया गया तथा रसोईघर में साफ-सफाई का अभाव रहा।

जिसपर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की एवं फटकार लगाते हुए विद्यालय एवं हास्टल में साफ-सफाई का निर्देश दिया। कार्यालय में लेखाकर संजू तिवारी के बिना बताये अनुपस्थित होने नाराजगी व्यक्त करते हुए वेतन रोकने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने विद्यालय साफ-सफाई कराते हुए  पेन्टिग कराने तथा विद्यालय के नाम का प्रवेश द्वार पर  बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होने विद्यालय में सुरक्षा के प्रति जानकारी ली। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने उच्च माध्यमिक विद्यालय बिरनो का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने उपस्थिति रजिस्टर, मिड् डे मील रजिस्टर की जॉच की तथा विद्यालय के शौचालयो का निरीक्षण किया। जहां गन्दगी पायी गयी एवं विद्यालय में साफ-सफाई का अभाव रहा। जिसपर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य उषा यादव को फटकार लगाते हुए निलंबित करने का निर्देश खण्ड शिक्षा अधिकारी को दिया।

डीएम ने किया सीएम के विकास कार्यों की समीक्षा, दिया निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में उ0प्र शासन द्वारा निर्धारित शासन के महत्वपूर्ण 37 बिन्दु और मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता विकास कार्यों की समीक्षा बैठक रायफल क्लब सभागार मे मंगलवार को सम्पन्न हुई। बैठक सीएम डैशबोर्ड से ली गयी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिस-जिस विभागो की विभागीय योजनाए, आख्या, उपलब्धी सीएम डैश बोर्ड पोर्टल पर फीड नही है उसे तत्काल फीड कराने का निर्देश दिया जिससे जनपद की रैंकिंग खराब न हो। बैठक में उन्होने समस्त संबंधित विभागों से जुड़ी योजनाओं की माह प्रगति के बारे में समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होने संबंधित अधिकारी को निर्धारित समय सीमा में विभागीय विकास परक योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूरा करने के सख्त निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर पात्र आम जन मानस को त्वरित गति से लाभ पहुचाया जाये। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाये। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहने पाए। उन्होने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओ का टीकाकरण, पशुओ में होने वाले लम्पी रोग के रोकथाम हेतु कार्यवाही एंव सहभागिता योजना में पात्र लोगो को जागरूक करने का निर्देश दिया।

आई0जी0आर0एस प्रकरण मे उन्होने शिकायत पत्रो का समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया कहा कि किसी दशा में कोई शिकायत डिफाल्टर न होने पाये। इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जाती है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं के सम्बन्ध में स्टाफ के साथ समीक्षा कर समयान्तर्गत कार्य कराना सुनिश्चित करें। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, समेत समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

केवट ने श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण को उतारा गंगा पार

श्रीराम केवट संवाद व घरनैल द्वारा सुरसरी पार जाना


गाजीपुर। अति प्राचीन श्री रामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से सोमवार के शाम स्थानीय मुहल्ला विशेश्वरगंज स्थित पहाड़ खाँ के पोखरा पर लीला के 7वें दिन शाम 7 बजे वंदे वाणी विनायकौ श्रीराम लीला मण्डल के द्वारा बड़ा रोचक पूर्ण श्रीराम केवट संवाद के प्रसंग का मंचन किया गया। लीला की शुरूआत कमेटी केे पदाधिकारी मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उपमंत्री लवकुमार कुमार त्रिवेदी, प्रबन्धक विरेश राम वर्मा, उपप्रबन्धक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, मनोज कुमार तिवारी ने भगवान श्रीराम की आरती केे बाद लीला का शुरूआत किया। लीला केे दौरान श्रीराम चन्द्र जी श्रृंगवेरपुर में निषाद राज के आग्रह पर एक रात विश्राम करते है। श्रीराम सीता एक रात वट वृक्ष के नीचे विश्राम करते है। और लक्ष्मण जी विरासन मुद्रा में रात भर विश्राम करते है, दूसरे दिन श्रीराम सुमन्त सीता तथा लक्ष्मण को अयोध्या जाने की अनुमति मांगते है। श्रीराम सीता लक्ष्मण पर बात टाल देते है। सीता जी लक्ष्मण अयोध्या जाने से इंकार भी कर देते है। अंत में श्रीराम की आज्ञा पाकर सुमन्त जी वापस अयोध्या लौट जाते है।

उधर श्रीराम केवट से गंगा पार जाने के लिए नाव की मांग करते है। केवट कहता है कि प्रभु आपके चरण में जादू है। मैं पहले आपका चरण धूलकर नाव पर बैठाउंगा केवट के भक्ति युक्त वाणी सुनकर भगवान श्रीराम प्रसन्न होकर आज्ञा देते है कि हे केवट जल्दी चरण धुलो और हमें गंगा पार उतार दो। श्रीराम की आज्ञा पाकर केवट भगवान श्रीराम के चरण धुलकर श्री सीताराम लक्ष्मण तथा निषाद राज को गंगा पार उतार देता है। श्रीराम नाव से उतरकर निषाद राज को वापस जाने को कहते है। इस अवसर पर अतिप्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी के द्वारा आतिशबाजी भी की गयी। प्रभु को गंगा पार केवट उतार देता है तब श्रीराम ने केवट को उतरायी में अंगूठी देते है, केवट कहता है कि हे नाथ ’अब कछुनाथ न चाहिअ मोरे, दीनदयाल अनुग्रह तोरे’ इस प्रकार कहके श्रीराम के चरणों में केवट दण्डवत कर देता है, भगवान श्रीराम उसको अपनेे गले से लगाकर उसको अविरल भक्ति का प्रदान करते है। इसके बाद श्रीराम लक्ष्मण सीता भारद्वाज मुनि के आश्रम पर पहुँचते है। इस अवसर पर कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उपमंत्री लवकुमार त्रिवेदी, प्रबन्धक विरेश राम वर्मा, उप प्रबन्धक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल, मनोज कुमार तिवारी, रामसिंह यादव आदि रहे।