गाजीपुर। मार्च में सेवानिवृत्त हुए माध्यमिक शिक्षकों को अब तक जीपीएफ, पेंशन का भुगतान नहीं हो सका है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। वे शिक्षकों की समस्या का समाधान करने का अनुरोध कर रहे हैं। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री चौधरी दिनेश चंद्र राय ने बताया कि जिले के 50 से अधिक सेवानिवृत्त शिक्षकों को अब तक सामान्य भविष्य निधि (GPF) का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। इसके साथ ही, उनकी पेंशन पत्रावलियाँ भी अब तक स्वीकृति हेतु अपर निदेशक (पेंशन) को नहीं भेजी गई हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल प्रदेशीय मंत्री चौधरी दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में जिला विद्यालय निरीक्षक और वित्त एवं लेखाधिकारी से मिला। प्रतिनिधि मण्डल ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार, सेवानिवृत्ति की तिथि को ही सभी देयकों का भुगतान कर दिया जाना चाहिए और एक माह के भीतर पेंशन आरंभ हो जानी चाहिए लेकिन अत्यंत खेदजनक’ है कि 22 जून 2025 तक जीपीएफ भुगतान और पेंशन पत्रावलियों को स्वीकृति हेतु प्रेषित नहीं किया गया है तो इस मुद्दे को प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री के संज्ञान में लाया जाएगा। प्रतिनिधि मण्डल में संघ के जिलाध्यक्ष अमित कुमार राय, जिला मंत्री शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी थे। उधर संघ के प्रांतीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और माध्यमिक शिक्षा के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर सेवानिवृत्त शिक्षकों की समस्या के बारे में बता चुके हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी, जो मार्च 2025 में सेवानिवृत्त हुए हैं उन्हें अब तक जीपीएफ राशि का भुगतान भी नहीं हो सका है। यह सेवानिवृत्त होने के साथ ही शिक्षक और कर्मचारियों को दिया जाना चाहिए। शिक्षक परिवारों के सामने भुखमरी का संकट खड़ा हो गया है। सरकार को इस पर अविलंब कार्रवाई करनी चाहिए।
All posts by tiwarishivpratap
शिकायतों का गंभीरता पूर्वक डीएम-एसपी ने किया निस्तारण
गाजीपुर। शनिवार को जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील कासिमाबाद में डीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं एसपी डा0 ईरज राजा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। जिसमे 169 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए मौके पर 13 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातांे तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 473 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 48 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को सम्बंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से सम्बन्धित होते है इस लिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। राजस्व निरीक्षकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि प्रत्येक माह पैमाइस कर पत्थरगड्डी करना सुनिश्चित करें। तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ता की छोटी-छोटी समस्याएँ जिनका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाये। कहा गया कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकता है अतः इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या उदासीनता अक्षम्य होगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना उपजिलाधिकारी कासिमाबाद संजय यादव, तहसीलदर कासिमाबाद, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद एवं समस्त सम्बन्धित अधिकारी एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने विकास खण्ड परिषर में वृक्षारोपण किया तथा जनपदवासीयों से अपील किया कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाए।
योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ थीम के साथ महिला पीजी कॉलेज में हुआ योगाभ्यास
गाजीपुर। 21 जून को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत “सूर्य नमस्कार योग मुद्रा” के अंतर्गत सामूहिक योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया।इस वर्ष -2025 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम है- “योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” यानी “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग”।

प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी ने कहा कि इस वर्ष की थीम यह दिखाती है कि हमारी सेहत और धरती की सेहत एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। यह भारतीय परंपरा की उच्चतम भावना ‘वसुधैव कुटुंबकम’ से जुड़ी है। नेशनल कैडेट कोर(NCC) प्रभारी लेफ्टिनेंट शशिकला जायसवाल ने छात्राओं को योग की विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास कराया एवं योग की महत्ता और उसके लाभ पर विस्तृत चर्चा की।

इस सामूहिक योगाभ्यास में 28 यू. पी. गर्ल्स बटालियन की कैडेट्स, एन एस एस व प्रज्ञा रेंजर्स सहित में महाविद्यालय की छात्राओं ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया तथा सूर्य नमस्कार की सभी 12 मुद्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ ही गोमुख आसान, तिर्यक ताड़ासन, वृक्षासन, श्वास की गति संबंधी विभिन्न योग क्रियाओं, का अभ्यास किया।

स्वस्थ जीवन के लिए योग जरूरी:डॉ नदीम अधमी

गाजीपुर। शनिवार को शाहफैज़ विद्यालय के प्रांगण में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस उपलक्ष्य में विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी व निदेशिका डॉ मीना अधमी ने सभी को योग दिवस की बधाई दी व सभी के स्वाथ्य की कमना की। कहां कि स्वस्थ जीवन के लिए योग हर इंसान के लिए जरूरी है । भारत में योग का इतिहास बहुत पुराना है। योग भी व्यायाम का ही एक रूप है जो न सिर्फ कैलोरी कम करता है बल्कि वजन को भी नियंत्रित करने व मांस पेशियों को मज़बूत करने में सहायक है।

जिले के प्रसिद्ध योगाचार्य गंगासागर चौधरी ने सभी को योगाभ्यास करवाया। उन्होंने बताया कि नियमित योग अभ्यास से तनाव कम होता है, लचीलापन बढ़ता है, मांसपेशियों में ताकत आती है, और एकाग्रता में सुधार होता है। इसके अतिरिक्त, योग हृदय स्वास्थ्य, वजन प्रबंधन, और नींद की गुणवत्ता में भी सुधार करता है। योगाचार्य ने सभी को विभिन्न आसन जैसे वज्रासन व शवासन करवाया तथा कई तरह की योग मुद्राएं भी करवाईं । उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए सभी को सूर्यनमस्कार, भ्रामरी, कपालभाति व अनुलोम विलोम इत्यादि नियमित रूप से करना चाहिए।

इसी क्रम में विद्यालय के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के शारीरिक शिक्षा के विद्यार्थियों ने भी जिला स्तर पर नेहरू स्टेडियम में आयोजित योगाभ्यास में विद्यालय के शिक्षक दिनेश राय, प्रियंका राय, श्रुति वर्मा ,रूचि राय एवं योगेश तिवारी के साथ प्रतिभाग किया।

इस कार्यक्रम में विद्यालाय के प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ , उप प्रधानाचार्य (प्रशासनिक) डॉ प्रीति उपाध्याय, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक ) हनीफ़ अहमद , देवेंद्र प्रजापति, विजय सिंह संतोष तिवारी तथा सभी शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।


एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के थीम के साथ पीजी कॉलेज में हुआ योगाभ्यास
योग जीवन जीने की कला है: अजीत कुमार सिंह
गाजीपुर। गोराबाजार स्थित स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 11 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थी। यह थीम पर्यावरण संरक्षण और शारीरिक, मानसिक व आत्मिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देती है। कार्यक्रम में स्नातकोत्तर महाविद्यालय, तकनीकी शिक्षा एवं शोध संस्थान और कृषि विज्ञान केंद्र के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश शासन उच्च न्यायालय इलाहाबाद के अपर महाधिवक्ता व पीजी कॉलेज के सचिव अजीत कुमार सिंह थे। प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बुके, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम देकर उनका स्वागत किया। योग प्रशिक्षक प्रेम नाथ उपाध्याय ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान सिखाया। अजीत कुमार सिंह ने कहा कि “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। यह मन, शरीर और आत्मा को जोड़ता है।” उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन सुबह योगाभ्यास करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि “योग से युवा संतुलित जीवन जी सकते हैं। यह उन्हें अपने लक्ष्यों को आसानी से प्राप्त करने में मदद करता है। सुबह जल्दी उठने से समय का बेहतर उपयोग होता है, जिससे कार्यों में दक्षता और स्फूर्ति आती है।” उन्होंने सभी को योग को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि “योग भारतीय संस्कृति एवं परम्परा का गौरव है। यह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। 21 जून को योग दिवस इसलिए मनाया जाता है, क्योंकि यह वर्ष का सबसे लंबा दिन है। यह ऊर्जा और प्रकाश का प्रतीक है।” उन्होंने आगे कहा, “स्वास्थ्य विभाग स्वस्थ राष्ट्र बनाने में अहम भूमिका निभाता है। योग के जरिए हम मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।” उन्होंने सभी को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। एनसीसी और एनएसएस के कैडेट्स ने योग का शानदार प्रदर्शन किया। उपस्थित सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योग किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य योग का महत्व जन-जन तक पहुंचाना था। कार्यक्रम का संचालन डॉ. समरेंद्र नाथ मिश्र ने किया। डॉ० रविशंकर सिंह, डॉ. एस.एन. सिंह, डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. रविशेखर सिंह, डॉ. मनोज कुमार मिश्र, डॉ. त्रिनाथ मिश्र, विजय सिंह, विवेक कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह और अमितेश सिंह, डॉ. विनोद कुमार सिंह, डॉ. अजीत प्रताप सिंह, डॉ. अमित प्रताप आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ और सभी ने योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग उत्सव का हुआ आयोजन
“माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में 11वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अंतर्गत योग उत्सव का आयोजन”
गाज़ीपुर। 11वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर पूरे विद्यालय में सकारात्मक एवं योगमय वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया और तनावमुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कारकुन ने योग के महत्व और इसके आधुनिक जीवन में प्रासंगिकता पर संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्म-अनुशासन एवं सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है।

कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता, सकारात्मक ऊर्जा तथा योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के प्रति प्रेरित करना रहा।



आयुक्त ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, दिया अधिकारियों को निर्देश
गाजीपुर। जनपद के नोडल अधिकरी आयुक्त वाराणसी मण्डल वाराणसी एस राजलिंगम का बुधवार को जपनद भ्रमण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। भ्रमण के दौरान आयुक्य की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन विकास खण्ड सैदपुर अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालय शादी-भादी मे किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यर्ण एंव दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

चौपाल में उन्होने ने व्यक्तिगत शौचालय ,आवास, हैंड पम्प के संचालन, वृद्धापेंशन,दिव्यांगजन पेंशन, विधवा पेंशन, राशन वितरण, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास, विद्युत आपूर्ती, आय जात निवास, प्रमाण पत्र, समूह के सम्बंध में जानकारी ली एवम प्रत्येक पात्रों को योजना का लाभ दिये जाने का निर्देश दिया। पेंशन के छुटे हुए लाभार्थी को तत्काल लाभ दिलाने का निर्देश दिया। उन्होनें कहा कि कोटेदार फ़ूड सेफ्टी से सम्बंधित सारी नियमो का पालन करते हुए साथ साफ सफाई का ध्यान रखेगे। उन्होने ग्राम में छूटे पात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड बनाये जाने एवं छुटे हुए नामों को बढ़ाने का निर्देश दिया।

इस ग्राम चौपाल में सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचने का सत्यापन किया गया। ग्राम वासियों को खुली बैठक में सरकार द्वारा संचालित लाभार्थीपरक योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए पेंशन योजना, आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड का लाभ दिलाये जाने के संबंध में निर्देशित किया गया । उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निराश्रित, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन के पात्र लाभार्थियों का चयन करते हुए पेंशन का लाभ दिलाया जायें।

चौपाल मे प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को अध्यापकों द्वारा दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता/स्तर के संबंध में भी खुली चौपाल के दौरान ग्राम वासियों से सत्यापन किया गया। बैठक में हैंडपंप रिबोर, छात्रवृत्ति, मनरेगा आदि कार्याे के बारे में भी सत्यापन किया गया। बाल विकास की समीक्षा मे दौरान गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण तथा पुष्टाहार वितरण तथा कोटेदार द्वारा समय से राशन बाटने एवं विजली की उपलव्धता के सम्बन्ध में जानकारी ली। कार्यक्रम मे अन्त मे मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामों मे संचालित सभी योजनाओं के बारे मे विस्तार से लोगो को अवगत कराया तथा अन्य विभागो के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से सम्बन्धित योजनाओं के बारे मे लोगो को जानकारी दी। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने आयुक्त का आश्वस्त किया कि चौपाल मे जो शिकायते प्राप्त हुई उसका शत-प्रतिशत निस्तारण कराया जायेगा।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी/ज्वाईट मजिस्ट्रेट सैदपुर रामेश्वर सबरवाल, परियोजना निदेशक राजेश यादव, उप निदेशक कृषि, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, खण्ड विकास अधिकारी देवकली, समाज कल्याण अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, डी0पी0ओ0, जिला पंचायत राज अधिकारी ,एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
एस राजलिंगम ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, कहा- लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
गाजीपुर। जनपद के नोडल अधिकरी आयुक्त वाराणसी मण्डल वाराणसी एस राजलिंगम की अध्यक्षता मे बुधवार को सी एम डैस बोर्ड पर विकास कार्याे की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार मे सम्पन्न हुआ। बैठक मे जिलाधिकारी अविनाश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य सहित समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आयुक्त ने वर्चुवल के माध्यम से समस्त उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार से धारा- 24, धारा 34, के वादो को चिन्हिकरण एवं तीन माह से उपर के लम्बित वादो का निस्तारण का निर्देश देते हुए, अंश निर्धारण व 05 वर्ष से अधिक पुराने वादो के सम्बन्ध मे जानकारी प्राप्त की।

आयुक्त वाराणसी एस. राजलिंगम ने जनपद भ्रमण के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन कर मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, आईजीआरएस, राजस्व कार्यों, विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की तथा अधिकारियों को कड़े दिशा निर्देश दिए। बैठक मे उन्होने राजस्व वसूली, बैक देय, अंश निर्धारण, व्यापारकर, फार्मर रजिस्ट्री, धारा-24, धारा-34, पैमाईश, ग्राम सभा हर्जाना, स्टाम्प देय, आई जी आर एस, लेखपाल कार्य विवरण एवं अन्य बिन्दूओं पर समीक्षा कर प्रगति लाने का निर्देश दिया। उन्होने डी जी शक्ति की जानकारी लेते हुए बचे हुए डिवाइस को ससमय बच्चों मे वितरित कराने का निर्देश दिया।

जल निगम की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों मे कराये गये कार्यो से क्षतिग्रस्त सड़कों का मरम्मत कराने का निर्देश देते हुए कहा कि इस सम्बन्ध में हर घर जल योजना के तहत यदि किसी को शिकायत है तो टोल फ्री नं0 18001212164 पर शिकायत कर सकता है, टोल फ्री नं0 पर प्राप्त शिकायतो के निस्तारण के बाद अधिकारी शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लें। विधवा पेंशन, रानी लक्ष्मीबाई बाल सेवा योजना, स्पार्न्शसिप, कन्या सुमंगला योजना की जानकारी लेते हुए जिला प्रोवेशन अधिकारी को निर्देश दिया कि योजनाओं का प्रचार- प्रसार कर पात्रों को लाभ दिया जाय।

बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने जनसुनवाई पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ संपन्न किया जाए। राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने सभी तहसीलों के 10 बड़े बकायादारों के नाम एवं उससे संबंधित कार्यवाही के सम्बन्ध मे जानकारी लेते हुए वसूली का निर्देश दिया। मंडलायुक्त ने पुराने राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के कड़े दिशा निर्देश देते हुए दाखिल-खारिज, वरासत, सीमांकन एवं अन्य प्रक्रियाओं में सुधार लाने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने भूमि संबंधित विवादों के समाधान में तेजी लाने और लेखपालों की फील्ड उपस्थिति नियमित करने तथा लेखपालो द्वारा लगाई जा रही प्रतिदिन की रिपोर्ट समीक्षा के निर्देश दिया।

उन्होने सी एम डैस बौर्ड पर आधारित विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर कार्यों की प्रगति की निगरानी करने और समयबद्ध निष्पादन की जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सामूहिक और टीम भावना के साथ कार्य करें। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि शिथिलता, लापरवाही और कार्यों में विलंब कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक के दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत कार्य करने वाली सभी कार्यदायी संस्थाओं की गुणवत्ता एवं परफॉर्मेंस के बारे में जानकारी ली एवं त्वरित गति से कार्य करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने फॉर्मर रजिस्ट्री एवं फेमिली आई डी में तेजी लाए जाने के निर्देश भी दिए। बैठक के उपरान्त आयुक्त वाराणसी मण्डल वाराणसी ने निर्माणाधिन महिला छात्रावास 200 बेड, मेडिकल कालेज मे निमार्णाधिन नर्सिंग कालेज का स्थलीय निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान पायी गयी कमीयों को तत्काल सही करने हेतु संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया तथा कार्य में कोई भी कठिनाई आती है तो संबंधित को अवगत कराने को कहा एवं टेक्निकल टीम को इसकी गुणवत्ता की जॉच कर आख्या प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया।



मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह को लेकर डीएम ने की बैठक
गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत क्रय समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 से विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित कन्या के खाते में रू0 60,000.00 की धनराशि अन्तरित की जायेगी तथा वैवाहिक उपहार सामग्री मद में प्रति युगल रू0 25,000.00 एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था हेतु प्रति जोड़े रू0 15,000. 00 व्यय किया जायेगा। इस प्रकार सामूहिक विवाह में सम्मिलित होने वाले जोड़ो पर प्रति युगल रू0 100,000.00 की धनराशि व्यय होगी। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सर्व प्रथम विवाह सामग्री एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था हेतु जेम की कार्यवाही सुनिश्चित करें, तत्पश्चात विवाह तिथि एवं कार्यक्रम स्थल का चिन्हांकन किया जाय। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

डीएम के अध्यक्षता में हुआ जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक
गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में अनु० जाति/अनु०जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं मानीटिरिंग समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि अत्याचार उत्पीड़न योजनान्तर्गत 10 जून तक कुल 366 प्रस्ताव पुलिस अधीक्षक के स्तर से प्राप्त हुए है, जिसमें से 223 पीड़ितो के बैंक खाते में धनराशि अन्तरित की गयी है, 63 लाभार्थियों को धनावंटन के अभाव में भुगतान लम्बित है तथा 80 नवीन स्वीकृति हेतु प्रस्ताव कमेटी के सामने प्रस्तुत किया गया है। शासन स्तर से बजट आवंटन प्राप्त होने के उपरान्त स्वीकृत लाभार्थियों को नियमानुसार भुगतान की कार्यवाही की जायेगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर, ज्ञानेन्द्र प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
