All posts by tiwarishivpratap

शिव प्रताप तिवारी बने राष्ट्रीय पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष

राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत के जिला अध्यक्ष बने शिव प्रताप तिवारी उर्फ भोलू

प्रदेश अध्यक्ष पत्रकार कोटे की करेंगे मांग

गाजीपुर। लोकतन्त्र के चतुर्थ स्तम्भ को मजबूत बनाये रखने के लिए निष्पक्ष व राष्ट्रीय हित को ध्यान मे रखते हुए की गयी पत्रकारिता कभी कमजोर नही होती। इन्ही पत्रकारो के सुरक्षा व लोकतन्त्र की रक्षा के उद्देश्य से बनाया गया संगठन राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत स्थापना के 5 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है। जनपद मे पत्रकार के सुरक्षा व स्वास्थ्य की चिन्ता करने के लिए पत्रकारो की आवश्यक बैठक रविवार को हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरे पर राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत के तत्वाधान मे किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने आगे बताया इस संगठन के स्थापना दिवस 22 दिसम्बर को गोरखपुर मे मनाया जायेगा।

जिसमे पत्रकार के हितो को ध्यान मे रखते हुए पांच सूत्रीय मांग प्रदेश सरकार से लागू कराने का प्रयास किया जायेगा। जिसमे पत्रकार के सुरक्षा, स्वास्थ्य, मानदेय, आवास और विधान परिषद मे एक प्रतिनिधित्व की मांग प्रमुखता से की जायेगी। इस बैठक संगठन प्रदेश अध्यक्ष ने मनोनीत जिलाध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार शिव प्रताप तिवारी उर्फ भोलू की घोषणा की गयी जिसपर सभी पत्रकारो ने तालिया बजाकर स्वागत किया। जिलाध्यक्ष शिव प्रताप तिवारी ने प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया। इस बैठक में पत्रकारों के हित में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। संगठन के जिला संरक्षक कॄष्ण बिहारी त्रिवेदी व पत्रकार अखिलेश यादव, संगठन की प्रदेश मीडिया प्रभारी शिखा रावत, अनिल कश्यप व प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने अपने अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर संगठन की सदस्य पूजा गौड़, विमल कुमार, पारसनाथ चौहान सहित पत्रकार विनीत दुबे, रतन कुमार उर्फ विक्की, संजीव कुमार, सोनू तिवारी, चंद्र कुमार तिवारी, विपीन यादव, विपिन श्रीवास्तव, प्रदीप शर्मा, ओमप्रकाश पाण्डेय, रोहित पटेल सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

रविवार को अभियान चलाकर विद्युत विभाग करेगा बकाया वसूली

विद्युत विभाग रविवार को चलाएगा विशेष बकाया वसूली एवं बिजली चोरी रोकने का अभियान

गाजीपुर। प्रबन्ध निदेशक पूर्वांचल निगम वाराणसी के निर्देश पर अधिक बिजली बिल बकाया एवं ज्यादा बिजली चोरी वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर रविवार को विशेष मेगा अभियान चलाने के निर्देश दिए गए है, जिसके क्रम में अधिशाषी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड नगर आशीष कुमार ने बताया कि क्षेत्रवार बड़े बकायेदारों 1 लाख से अधिक को चिन्हित कर लिया गया है। खंड में कुल 8557 उपभोक्ता एक लाख से अधिक के बकायेदार है जिनमें 173 करोड़ की धनराशि बकाया है। सबसे अधिक 1693 बकायेदार रौजा उपकेंद्र से संबंधित है। 1514 बकायेदार प्रकाशनगर उपकेंद्र,1100 बकायेदार मोहम्दाबाद तहसील उपकेंद्र से संबंधित सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित है। प्रत्येक उपखंड अधिकारी अपने समस्त अवर अभियंताओं, कर्मचारियों के साथ बकाया वसूली एवं बिजली चोरी रोकने हेतु अभियान चलाएंगे। बिजली चोरी पाए जाने पर संयोजन विच्छेदित कर दिया जाएगा एवं पेनाल्टी की धनराशि जमा करने के पश्चात ही संयोजन जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिनका बकाया 10000 रुपए से अधिक है। उनके संयोजन को काट दिया जाएगा एवं जमा करने के पश्चात ही संयोजन जोड़ा जाएगा। यदि बिना बकाया जमा कराए संयोजन जुड़ा पाया गया तो मुक़दमा दर्ज कराया जाएगा। कहा कि जो उपभोक्ता लंबे समय से बकाया बिल एवं बिजली चोरी की पेनाल्टी की धनराशि नहीं जमा करा रहे हैं उनके विरुद्ध जिलाधिकारी के माध्यम से आरसी भेजकर कुर्की की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने समस्त उपभोक्ताओं से अपील है कि अपना बकाया विद्युत बिल जमा कराकर बिजली मीटर से ही विद्युत का उपभोग करें।

सपा नेता ने नेता जी के जयंती पर बांटे फल, कहा….

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और देश के पूर्व रक्षामंत्री प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर सपा जिला उपाध्यक्ष आमिर अली ने पूर्व विधायक त्रिवेणी राम सहित अन्य नेताओं संग शुक्रवार को जखनियां क्षेत्र के विभिन्न प्राइवेट हॉस्पिटलों में जरूरतमंदों, गरीबों और दिव्यांग जनों में फल वितरित किया। इस दौरान जखनियां स्थित साबिर अली आईं टी आई कॉलेज में नेता स्व मुलायम सिंह यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर आमिर अली सहित अन्य नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित किया।

आमिर अली ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने रक्षामंत्री रहते सेना और शहीदों के हित में ऐतिहासिक फैसले लेकर हम सब और देश का सम्मान बढ़ाया। उप्र के मुख्यमंत्री रहते उन्होंने शोषितों-पीड़ितों वंचितों कमजोरों, किसानों, जवानों, छात्रों व्यापरियों महिलाओं और दबे कुचलों के हित में कार्य कर उनको उनका हक और अधिकार दिलाने का काम किया।


उन्होंने कहा कि नेता जी ने हम लोगों को राजनीति के माध्यम से जनता कि सेवा करना और उनके हक़ और अधिकार के लिए लड़ना सिखाया। हम समाजवादी लोग स्व. मुलायम सिंह यादव की नीतियों और सिद्धांतों पर चलकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में नेता जी के अधूरे सपने को पूरा करने के लिए संघर्ष कर समाजवादी आंदोलन को और मजबूत करने का काम करेंगे।

इस दौरान प्रमुख रूप से पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, जिला उपाध्यक्ष आमिर अली, विधानसभा अध्यक्ष अवधेश यादव राजू, ब्लॉक अध्यक्ष जखनिया वजीर भारती, ब्लॉक अध्यक्ष मनिहारी नंदलाल यादव, महातिम यादव, विपुल, समीर खान, अनवर अली, शमीम सहित अन्य सपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं तीन दिसंबर से तीन पाली में होंगी

विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं तीन दिसंबर से तीन पाली में होंगी

गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं तीन दिसंबर से प्रारम्भ होगी। इस आशय सूचना देते हुए पी० जी० कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं इस बार दो दो घंटे की तीन पाली में होगी, जिनमें प्रथम सेमेस्टर सुबह आठ से दस बजे तक, तृतीय सेमेस्टर सुबह ग्यारह बजे से एक बजे तक एक पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं सायं दो से चार बजे तक सम्पादित होगी। प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने बताया कि इसके साथ ही संबंधित सेमेस्टर में कैरी फॉरवार्ड छात्र-छात्राओं की बैक पेपर एवं श्रेणी सुधार की परीक्षाएं साथ-साथ चलती रहेगी।
प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अभी तक किसी कारण से फार्म नहीं भर पाने वाले एवं जमा नहीं कर पानेवाले छात्र-छात्राओं से अपील किया है कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर द्वारा 23 नवंबर तक फॉर्म भरने एवं जमा करने का अंतिम अवसर प्रदान किया गया है, इसका लाभ उठाते हुए 23 नवंबर तक अपना फॉर्म भर कर जमा कर दें। अन्यथा फार्म नहीं जमा करने वाले विश्वविद्यालय परीक्षा से वंचित हो जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सम्बन्धित छात्र छात्राओं की ही होगी।

केपीजे बजाज शोरूम का हुआ भव्य उद्धाटन, यहाँ मिलेगी आपको लेटेस्ट बाइक

गाजीपुर। महाराजगंज स्थित एआरटीओ ऑफिस के बगल में केपीजे बजाज बाइक का अधिकृत शो रूम का सदर विधायक जै किशन शाहू ने गुरुवार को फीता काटकर उद्धघाटन किया। उन्होंने कहा कि इस अधिकृत शोरूम के खुलने से गाजीपुर के लोगों को बजाज के सभी लेटेस्ट बाइक का पहले ही लुफ्त उठाने का मौका मिलेगा। अधिकृत शोरूम नहीं होने से बजाज की कोई भी लेटेस्ट बाइक को गाजीपुर में आने में काफी वक्त लग जाता था।


वही केपीजे बजाज शोरूम के प्रोपराइटर संदीप जायसवाल ने बताया कि गाज़ीपुर का ये मेन डीलर शोरूम है बजाज का। और यहा पर सेल्स और सर्विस की सुविधा उपलब्ध है साथ ही अपने ग्राहकों को बेहतर से बेहतर सर्विस में सुविधा दी जाएगी। और बेहतर पार्ट्स की भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि बजाज के जितने भी मॉडल आते हैं सभी मॉडल की गाड़ियां यहां उपलब्ध हैं। इस शोरूम में सीएनजी बाइक भी उपलब्ध है।

मेन डीलर होने के वजह से जो भी लेटेस्ट बाइक लांच होगी यहां पर आसानी से ग्राहकों को मिल जाएगी इसके साथ ही ग्राहकों के लिए कम से कम ईएमआई और कम से कम डाउन पेमेंट पर बाइक उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने कहा कि 8999 लेकर आईये और बाइक ले जाइए। इस मौके पर सुभाष चंद्र जायसवाल, अरुण जायसवाल, मनोज जायसवाल, प्रदीप जायसवाल, वेद प्रकाश, दीपक जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

मासिक स्टाफ बैठक में डीएम ने दिया अधिकारियों को निर्देश, कहा…..

गाज़ीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में गुरुवार को मासिक स्टाफ बैठक कलेक्ट्रेट सभागार सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी ने मासिक स्टाफ बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारियों कों लंबित प्रकरण एवं विवादित प्रकरण, दाखिल खारिज, विवादित वादो का निस्तारण करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व कार्यों में सभी अधिकारियों द्वारा सरकार की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे प्रत्येक कार्यक्रम में तत्परता दिखाते हुए कार्यों का संपादन किया जाना सुनिश्चित करें ताकि सरकार की राजस्व योजनाओं का लाभ जन सामान्य को आसानी के साथ प्राप्त हो सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि समस्त अधिकारी राजस्व वसूली का कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर करते हुए डिमांड के अनुसार वसूली सुनिश्चित करे। उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण में समीक्षा करते हुए राजस्व वादों के निस्तारण के संबंध में सभी पीठासीन अधिकारियों द्वारा शिकायतो का निस्तारण गुण एवं दोष के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने धारा 24, 34, 80, 116 की समीक्षा करते हुए संबंधित को लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होने समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार को निर्देशित किया गया कि मत्स्य पालन पट्टा हेतु जिन तहसीलों मे अभी तक आवंटन नही हुआ उन्हे जल्द से जल्द पट्टा कराया जाय। आई0जी0आर0एस0 प्रकरण मे उन्होने शिकायत पत्रो का समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया कहा कि किसी दशा मंे कोई शिकायत डिफाल्टर न होने पाये।

इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से लगातार की जाती है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं के सम्बन्ध में स्टाफ के साथ समीक्षा कर समयान्तर्गत कार्य कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं सम्बन्धित अधिकारी एंव पटल सहायक उपस्थित रहे।

डीएम के मौजूदगी में हुई राधेश्याम के खेत की क्रॉप कटिंग

गाज़ीपुर। क्राप कटिंग प्रयोग के आधार पर जनपद में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के ऑकड़े तैयार किये जाते है, जिससे उत्पादन की सटीक जानकारी प्राप्त की जाती है। क्राप कटिंग के प्रयोग के आधार पर ओलावृष्टि,भारी वर्षा एंव अन्य नुकसान से फसलों की बीमा की राशि निर्धारित की जाती है। इसी सिलसिले में गुरूवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी  की उपस्थिती मे ग्राम तारनबॉध तहसील जमानियां में राधेश्याम के खेत मे धान की क्राप कटिंग कराई गयी। इस दौरान 43.33 वर्ग मीटर या .0043 हेक्टेयर खेत में क्राप कटिंग मौके पर कराई गयी। जिसमें 32.530 किग्रा उपज तौलाई के दौरान  प्राप्त हुई।


इस दौरान जिलाधिकारी ने किसानो को अपने नजदीकी धान क्रय केन्द्रो पर धान बेचने की सलाह दी जिससे उन्हे अपने धान का उचित मूल्य मिल सके। उन्होने किसान बन्धु से आग्रह किया कि किसी भी बिचौलियों के बहकावे न आये। उन्होने जनपद के सभी किसानो से अपने-अपने खेतो में पराली न जलाने की अपील की। मौके पर उपजिलाधिकारी जमानियां अभिषेक कुमार, तहसीलदार रामनरायन, अपर सांख्यकीय अधिकारी अनुराग जगत श्रीवास्तव, कानूनगो अजय कुमार यादव, लेखपाल राजकुमार, एस बी आई इन्श्योरेंस के प्रतिनिधि शैलेन्द्र तिवारी एवं ग्राम प्रधान मेनिका यादव आदि उपस्थित रहे।

भाजपा नेताओं ने देखी गोधरा कांड पर आधारित फ़िल्म “द साबरमती रिपोर्ट”

भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने जनप्रतिनिधियों संग देखा “द साबरमती रिपोर्ट”


गाजीपुर। आज से 22 वर्ष पूर्व 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा में “द बर्निंग ट्रेन” बनी साबरमती एक्सप्रेस (गोधरा काण्ड) की सत्य घटना पर आधारित पत्रकारिता प्रमुख “द साबरमती रिपोर्ट” फिल्म को नगर के एक सिनेमा हॉल मे प्रथम प्रदर्शन को गुरुवार को अपराह्न 12-00 से 3 -00 बजे के शो को भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओं तथा जनप्रतिनिधियों ने बहुत ही धैर्य से गम्भीर होकर देखा ।


इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि राजनैतिक तुष्टिकरण के कारण इस देश के इतिहास तथा बहुत सी सत्य घटनाओं को बहुत दिनों तक दबा कर रखा गया था। गोधरा की घटना भी उसी मे से एक थी जिसके सत्य से शायद बहुत से लोग आज भी अनजान है लेकिन यह फिल्म उस घटना के सत्य से लोगों को अवगत कराने का प्रयास है ।


इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डा संगीता बलवंत ने फिल्म देख कर बाहर कहा कि सत्य घटना पर आधारित इस फिल्म को लोगों को अवश्य देखना चाहिए ताकि लोगों को देश की घटनाओं तथा समाज मे क्या घट रहा है उसकी सही जानकारी पता चल सके।
एन वाई सिनेमा हॉल के निदेशक संजीव कुमार सिंह बंटी ने सबका धन्यवाद आभार प्रकट कर स्वागत किया।


इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी राय, भानु प्रताप सिंह, प्रो शोभनाथ यादव,ब्लाक प्रमुख सीता सिंह,अवधेश राय, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि डा प्रदीप पाठक,ओमप्रकाश राय, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, रामनरेश कुशवाहा, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, शशि प्रकाश सिंह, अखिलेश सिंह,श्यामराज तिवारी, सरोज मिश्रा, साधना राय, नितिश दूबे, रासबिहारी राय, अभिनव सिंह,अविनाश सिंह, सुरेश बिंद ,किरन सिंह आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जिला जेल में महिला बंदियों से अपर्णा यादव ने की मुलाकात, दिया निर्देश

गाज़ीपुर। उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव जनपद भ्रमण के दौरान बुधवार को जिला कारागार के महिला बैरक का निरीक्षण किया। इस दौरान जेल में निरूद्ध 36 महिला बन्दियों से मुलाकात कर उनसे बात-चीत कर महिला बन्दियों की केस की स्थिति तथा कारागार में उपलब्ध व्यवस्था के बारे में जाना। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष द्वारा निर्देशित किया गया कि महिला बन्दियों को व्यवसायिक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। उपाध्यक्ष द्वारा महिला बन्दियों एवं उनके बच्चों को भी उपहार भेट किया गया। निरीक्षण के समय राकेश वर्मा जेलर, संजय कुमार सोनी जिला प्रोबेशन अधिकारी उपस्थित रहें।

नेता जी का आशीर्वाद हमेशा भाजपा के साथ रहा है:अपर्णा यादव

गाजीपुर। नेता मुलायम सिंह यादव जिनका आशीर्वाद हमेशा भाजपा के साथ रहा है और उन्होंने खुले मंच और संसद में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद दिया था। इसलिए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सभी सीटों पर जीत होगी। यह बात नेता मुलायम सिंह यादव की बहू और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहीं। वह गाजीपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी और इस कार्यक्रम के तहत उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए यह बातें कहीं साथ ही साथ उन्होंने कहा कि जो लोग राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र एकता के साथ हैं वह लोग बीजेपी को वोट करें।

उत्तर प्रदेश के 9 विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव हो रहा है जिसको लेकर समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग में भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है। इसी को लेकर आज बुधवार को जनपद में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव से उपचुनाव को लेकर बात किया गया तो उन्होंने बताया कि जो राष्ट्रहित के साथ है वह भारतीय जनता पार्टी के साथ है। राष्ट्र निर्माण में सभी से अपील करती हूं कि जहां भी इलेक्शन है वहां पर सभी लोग खुलकर सामने आए और वोट करें। इसलिए पहले आप मतदान करें और फिर जलपान करें। जो लोग राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र एकता के साथ है वह लोग बीजेपी को वोट करें।

समाजवादी पार्टी की तरफ से चुनाव आयोग में पर्दा बुर्का को लेकर शिकायत की गई है। इस पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्र लिखना यह एक आम बात है और विपक्षी पार्टी कह रही है कि पर्दे में है महिला उसका पर्दा ना उठाया जाए। हम 21वीं शताब्दी के हैं और यदि किसी धर्म में पर्दा प्रथा है भी तो वहां पर विभिन्न महिला ऑफिसर के द्वारा उनको पर्दा हटाने का अधिकार है और अपना प्रमाण पत्र दिखलाना पड़ेगा। इसके लिए कोई रोक-टोक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं महिला आयोग से हूं और इस बात को लेकर पूरी तरह से ध्यान दी हूं।

उन्होंने कहा कि करहल में हो रहे उपचुनाव को लेकर कहा कि लोकतंत्र अपना फैसला करता है। मैं यही कहूंगी कि आदरणीय नेताजी का आशीर्वाद हमेशा भारतीय जनता पार्टी के साथ रहा है। उन्होंने खुले मन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आशीर्वाद दिया है। मैं कहूंगी कि भारतीय जनता पार्टी लगातार जीत दर्ज करती आ रही है और उपचुनाव में भी जीत होगी।