All posts by tiwarishivpratap

शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

ग़ाज़ीपुर। समग्र शिक्षा (माध्यमिक), जिला परियोजना कार्यालय के तत्वाधान में राजकीय सिटी इण्टर कालेज में आयोजित राजकीय तथा अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षको का उपचारात्मक शिक्षण माड्यूल तथा अन्य बिन्दुओं पर समेकित प्रशिक्षण का समापन शनिवार को हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम 5 अगस्त से 27 सितम्बर तक पांच चरणों में सम्पन्न हुआ। जिसमे 366 शिक्षकों को माध्यमिक शिक्षा एवं डायट द्वारा नामित 24 मास्टर ट्रेनरो द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण में हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान के सहायक अध्यापकों एवं प्रवक्ताओं को विषयवार 05 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विषयों से सम्बन्धित छात्रों की अधिगम सम्बन्धी समस्याओं को दूर करना, शिक्षकों को कक्षा प्रबन्धन में दक्षता विकसित करना तथा शिक्षण से सम्बन्धित नयी विधाओं, कौशल, मनोवैज्ञानिक तकनीक व दक्षता विकसित करने हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के समय पर जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने कहा कि शिक्षण अधिगम तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने प्रशिक्षण के उपरान्त शिक्षकों द्वारा विद्यालयों में अध्ययनरत् विषयों में कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित कर उपचारात्मक शिक्षण प्रदान करनें का निर्देश दिया। इय अवसर पर वित्त एवं लेखाधिकारी (मा०शि०) सी० चन्द्रशेखरन् ने कहा कि उपचारात्मक शिक्षण का उ‌द्देश्य उन विद्यार्थीयों की मद्द करना है जो खराब आदतों तथा अप्रभावी शिक्षण आदि के कारण पिछड़ जाते है।

शिक्षकों द्वारा उन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशिक्षण में प्रदान किये गए विभिन्न उपचारात्मक शिक्षण तकनीकों का उपयोग कर सुधार ला सकते हैं। कार्यक्रम में सह जिला विद्यालय निरीक्षक अरविन्द कुमार, प्रधानाचार्य, राजकीय सिटी इण्टर कालेज, दिनेश कुमार यादव द्वारा वक्तत्य दिया गया। कार्यक्रम का संचालन, जिला समन्वयक कुश कुमार राय द्वारा किया गया एवं कार्यक्रम में जिला परियोजना कार्यलय के समस्त कर्मचारी उपस्थित थे।

पुरानी पेंशन की मांग, होगा शंखनाद सम्मेलन


गाजीपुर। शनिवार को अधिशासी अभियन्ता, नलकूप प्रखंड द्वितीय मे NPS के विरोध मे पुरानी पेंशन 0PS बहाली हेतु पुरानी पेंशन सयुंक्त मोर्चा उ0प्र0 के आवाहन पर उ0प्र0 राज्य कर्मचारी महासंघ के बैनर तले उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार से पुरानी पेंशन की मांग की गई। इस प्रदर्शन का नेतृत्व बालेन्द्र कुमार त्रिपाठी जिलाध्यक्ष द्वारा किया गया। महासंघ के जिलाध्यक्ष ने बताया कि 6 अक्टूबर लखनऊ में शंखनाद सम्मेलन की बैठक की गयी है । 15 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक मोटरसाइकिल रैली भी निकाला जायेगा। कार्यक्रम मे मनोज कुमार यादव, जय प्रकाश यादव, हरेराम यादव, सुनीता यादव, राकेश यादव, हरेन्द्र कुमार, आलोक चौबे, कौशल, योगेश, संजीव, संजय, बब्बन, अखिलेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का फूटा गुस्सा, सौंपा ज्ञापन

ग़ाज़ीपुर। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने शनिवार को तिरुपति बालाजी मंदिर में वितरित होने वाले महाप्रसाद में गाय व सूअर की चर्बी तथा मछली के तेल की मिलावट पर आक्रोश जाहिर किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मामले के दोषियों पर कार्यवाही करने की मांग की। जिला अध्यक्ष विनोद उपाध्याय ने कहा कि पूरे देश का हिंदू समाज आक्रोशित है, और हिंदुओं का क्रोध अलग-अलग रूप में प्रकट हो रहा है। इस पवित्र तीर्थ का संचालन आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा स्थापित बोर्ड के द्वारा होता है।

कहा कि वहां केवल महाप्रसाद बनाने के मामले में ही हिंदू आस्थाओं के साथ खिलवाड़ नहीं किया गया अपितु हिंदुओं के ‌द्वारा अत्यंत श्रद्धा भाव से अर्पित की गई देव राशि (चढ़ावा) के सरकारी अधिकारियों व राजनेताओं द्वारा दुरुपयोग के भी कष्टकारी समाचार मिलते रहते हैं।

कहा कि तिरुपति बालाजी व अन्य स्थानों पर की जा रही अनियमितताओं के कारण अब हिंदू समाज को यह विश्वास हो गया है कि अपने मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराए बिना उनकी पवित्रता को पुनस्थोपित नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग किया कि अपनी राज्य सरकार को उनके ‌द्वारा नियंत्रित सभी हिंदू मंदिर अविलंब मुक्त करके हिंदू संतों व भक्तों को एक निश्चित व्यवस्था के अन्तर्गत सौंपने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान विनोद उपाध्याय जिला अध्यक्ष विहिप, विपिन श्रीवास्तव जिला मंत्री विहिप, ओमप्रकाश जिला सह मंत्री विहिप, नरेन्द्र विभाग सगठन मंत्री, रवि राज हिंदू जिला संयोजक बजरंग दल, ब्रिजेश जिला मिलन केन्द्र प्रमुख बजरंगदल, शिवम् चौबे जिला सह संयोजक बजरंगदल, अनुराग चौहान नगर अध्यक्ष बिहिप, उत्तम नगर संजोजक बजरंग दल, प्रदीप वर्मा जिला सह मंत्री विहिप, रामाशीष नगर उपाध्यक्ष विहिप, रामनिवास नगर सह संयोजक बजरंग दल, हेमन्त एवं विनोद सहित आदि लोग उपस्थित रहे।

आधारभूत संरचना की कमी से जूझ रहे हैं पूर्वांचल के अधिकांश क्रीड़ांगन एवं व्यायामशालाएँ

आधारभूत संरचना की कमी से जूझ रहे हैं पूर्वांचल के अधिकांश क्रीड़ांगन एवं व्यायामशालाएँ: दिलीप कुमार सिंह


गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पूर्व शोध प्रबन्ध प्रस्तुत संगोष्ठी का शनिवार को आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी महाविद्यालय के अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ तथा विभागीय शोध समिति के तत्वावधान में महाविद्यालय के सेमिनार हाल में सम्पन्न हुई, जिसमें महाविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी व छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे। उक्त संगोष्ठी मे विज्ञान संकाय के शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विषय के शोधार्थी दिलीप कुमार सिंह ने अपने शोध प्रबंध शीर्षक “पूर्वाञ्चल के व्यायामशालाओं एवं क्रीड़ागनों की वर्तमान स्थिति का सर्वेक्षणात्मक अध्ययन” नामक विषय पर शोध प्रबन्ध व उसकी विषय वस्तु प्रस्तुत करते हुए कहा कि व्यायामशालाओं और क्रीड़ांगनों का महत्व केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य तक ही सीमित नहीं है, बल्कि ये समाज के समग्र विकास और आर्थिक उन्नति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, हालांकि पूर्वांचल क्षेत्र की व्यायामशालाओं एवं क्रीड़ांगनों की वर्तमान स्थिति में कई चुनौतियाँ हैं। यहाँ के अधिकतर क्रीड़ांगन एवं व्यायामशालाएँ आधारभूत संरचना की कमी से जूझ रहे हैं। हालाँकि, कुछ क्षेत्रों में सुधार के प्रयास जारी हैं, जैसे कि कुछ नए स्टेडियमों का निर्माण और मौजूदा सुविधाओं का नवीनीकरण किया गया है। खेलों को प्रोत्साहन देने और स्थानीय युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएँ भी चलाई जा रही हैं, लेकिन अभी भी संसाधनों और सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। प्रस्तुतिकरण के बाद विभागीय शोध समिति, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ व प्राध्यापकों तथा शोध छात्र-छात्राओं द्वारा शोध पर विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे गए जिनका शोधार्थी दिलीप कुमार सिंह ने संतुष्टिपूर्ण एवं उचित उत्तर दिया। तत्पश्चात समिति के चेयरमैन व महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने शोध प्रबन्ध को विश्वविद्यालय में जमा करने की संस्तुति प्रदान किया। इस संगोष्ठी में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के संयोजक प्रोफे० (डॉ०) जी० सिंह , मुख्य नियंता प्रोफेसर (डॉ०)एस० डी० सिंह परिहार, शोध निर्देशक डॉ० अनुराग सिंह एवं शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ० लवजी सिंह, डॉ० ओमदेव सिंह गौतम, प्रोफे० (डॉ०) अरुण कुमार यादव, डॉ० रामदुलारे, डॉ० कृष्ण कुमार पटेल, डॉ० अमरजीत सिंह, प्रोफे०(डॉ०) सत्येंद्र नाथ सिंह, डॉ० योगेश कुमार, डॉ०शिवशंकर यादव, डॉ० कमलेश, रणविजय सिंह, प्रदीप सिंह, एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकगण तथा शोध छात्र छात्रएं आदि उपस्थित रहे। अंत में अनुसंधान एवं विकास प्रोकोष्ठ के संयोजक प्रोफे०(डॉ०) जी० सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।

मैं किसी को गंदे पैर के साथ अपने मन से नहीं गुजरने दूंगा

गाजीपुर। गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में स्थित पुस्तकालय में बृहद स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया । बता दें कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित करने का दिशा निर्देश है जिसके अंतर्गत प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। प्राचार्य प्रो अनीता कुमारी एवं वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ अमित यादव के निर्देशन में स्वयंसेवी छात्राओं ने पुस्तकालय एवं वाचनालय में झाड़ू लगाकर साफ सफाई की । महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो डा अनिता कुमारी ने महात्मा गांधी के वचनों को दोहराते हुए कहा कि ” मैं किसी को गंदे पैर के साथ अपने मन से नहीं गुजरते दूंगा। सभी को साफ सफाई के प्रति संवेदनशील रहने को प्रेरित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डा. रामनाथ केसरवानी, डॉ.ओम शिवानी डॉ. गजनफर सईद, जबीउल्लाह मनींद्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवी छात्राएं उपस्थित रहीं ।

पति पत्नी के विवादों को सुलझाया

गाजीपुर। एसपी ईरज राजा के निर्देश पर महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र कार्यालय में पति पत्नी के विवाद से संबंधित मामलों का अनवरत निस्तारण किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरूवार को महिला प्रकोष्ठ प्रभारी नीतू मिश्रा द्वारा कुल 07 प्रकरण को सुना गया, जिसमे काफी समय से विवादित चल रहे 02 प्रकरण में दोनों पक्षों को बैठा कर मध्यस्थता के माध्यम से बिना किसी दबाव के राजी खुशी से गिले शिकवे भूला कर विदाई करवाई गई। 04 प्रकरण में एक पक्ष अनुपस्थित होने के कारण अगली तिथि निर्धारित की गई। शेष 01 प्रकरण में मध्यस्ता विफल होने के कारण विधिक कार्यवाही का सुझाव देते हुए पत्रावली बंद कर दी गई। इन सभी प्रकरण के निस्तारण में महिला प्रकोष्ठ प्रभारी के साथ महिला मुख्य आरक्षी सुनीता गिरी, महिला आरक्षी रागिनी चौबे, महिला आरक्षी संध्या, महिला आरक्षी रोली सिंह, आरक्षी शिव शंकर यादव एवं महिला होमगार्ड उर्मिला गिरी आदि शामिल थे।

बिजली चोरी करते हुए 16 लोग रंगे हाथ धराए

विजिलेंस और बिजली विभाग के टीम की मॉर्निंग रेड

मॉर्निंग रेड में बिजली चोरी करते हुए 16 लोग रंगे हाथ धराए, कुल 25 लाख रुपये के राजस्व की होगी वसूली

शहर एसडीओ सुधीर कुमार के नेतृत्व में बिजली विभाग व विजिलेंस की तीन ने किया मॉर्निंग रेड

सदर कोतवाली क्षेत्र के सोहिलापुर गांव में किया गया मॉर्निंग रेड

बिजली चोरी में 12 के खिलाफ विजिलेंस थाना एंटी पॉवर थेप्ट कार्यालय रौजा में दर्ज होगा मुकदमा

जबकि 4 लोगों के कागजात सही मिलने पर छोड़ दिया गया

गाजीपुर। सदर कोतवाली इलाका के सोहिलापुर गांव में विजिलेंस व बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने मॉर्निंग रेड किया। ये मॉर्निंग रेड बिजली विभाग के एसडीओ सुधीर कुमार के नेतृत्व में विजिलेंस की टीम ने मॉर्निंग रेड किया। मॉर्निंग रेड के दौरान के दौरान बिजली चोरी में 16 उपभोक्ताओं को रंगे हाथ पकड़ा गया। जिसमें से 4 उपभोक्ताओं ने अपना कागजात दिखाया गया। कागजात दिखाने पर 4 लोगों को छोड़ दिया गया। बाकी 12 उपभोक्ताओं के खिलाफ विजिलेंस थाना एंटी पॉवर थेप्ट कार्यालय रौजा में मुकदमा दर्ज किया गया। इस बात की पुष्टि बिजली विभाग के एसडीओ सुधीर कुमार ने की है।

इस दौरान उन्होंने बताया कि आज बिजली चोरी के खिलाफ सोहिलापुर गांव में विजिलेंस की टीम के साथ मॉर्निंग रेड किया गया है। जिसमें बिजली चोरी में 16 उपभोक्ताओं को चोरी में पकड़ा गया है। जिसमे से 4 लोगों ने अपना कागजात दिखाया तो पता चला कि इन लोगों का कनेक्शन सही है। उन 4 लोगों को छोड़ दिया गया। बाकी 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इन सभी 12 लोगों से 25 लाख रुपये के राजस्व की वसूली की जाएगी। इस कार्रवाई से बिजली विभाग को तकरीबन 25 लाख रूपये के राजस्व का इजाफा होगा।

स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए दिलाई शपथ

गाजीपुर। बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना, राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत “स्वभाव स्वच्छता संस्कार स्वच्छता” विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया गया। बता दें कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित करने का दिशा निर्देश है, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।”स्वच्छता एक संस्कार”विषय पर संगोष्ठी कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ अमित यादव ने छात्राओं को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए कहा कि व्यक्ति का स्वभाव उसके आचार व्यवहार से झलकता है अतः स्वस्थ एवं संस्कारित जीवन के लिए हमें स्वच्छता को अपना मूल मंत्र बना लेना चाहिए ।

वनस्पति शास्त्री डा ओम शिवानी ने कहा कि प्रकृति स्वंय स्वच्छता का संदेश देती है। डा गजनफर सईद ने स्वच्छता संस्कृति पर कविता पाठ किया।डा रामनाथ केसरवानी ने विकसित देशों में स्वच्छता के प्रति नागरिक कर्तव्य का उल्लेख अपने वक्तव्य में किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही महाविद्यालय की प्राचार्य एवं संरक्षिका प्रोफेसर अनिता कुमारी ने छात्राओं को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए इसे एक संस्कार के रूप में आत्मसात करने की बात कही।इस अवसर पर स्वच्छता की शपथ प्राचार्य ने दिलाई । इस अवसर पर कार्यालय प्रभारी राधेश्याम कुशवाहा,हीना, जबीउल्लाह एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवी उपस्थित रहीं ।

राज्यपाल ने जिले के 200 आंगनबाड़ी केंद्रों को दिया किट्स

गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल द्वारा वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 28 वें दीक्षान्त समारोह में जनपद गाजीपुर के 200 आंगनबाड़ी केन्द्रो को सक्षम एवं सुविधा सम्पन्न बनाने हेतु खिलौना कुर्सी मेज से सम्बन्धित 200 किट्स का वितरण किया गया। उक्त 100 किट्स जिलाधिकारी स्तर से बैंकर्स तथा जनपद के लघु उद्योगपति जिसमें सुखबीर एग्रो तथा लार्ड डिस्टेलरी का सहयोग लेते हुए यथा सम्भव आगनबाड़ी केन्द्रो हेतु किट्स हेतु अनुरोध किया गया जिसके अन्तर्गत उक्त संस्थाओं द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पासिंबिलिटी (सी0एस0आर0) फण्ड से जनपद के प्रतिष्ठित बैंक यूनियन बैंक आफ इण्डिया गाजीपुर द्वारा 45 किट्स, एच0डी0एफ0सी0 बैंक द्वारा 22 किट्स, बैंक आफ बड़ौदा द्वारा 14 किट्स तथा इण्डियन आयल कॉर्पोरेशन लि0 द्वारा 04 किट्स, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लि0 द्वारा 03 किट्स तथा भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लि0 द्वारा 03 किट्स सहित कुल 100 किट्स प्राप्त कराते हुए तथा वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर द्वारा 100 किट्स सहित कुल 200 किट्स का राज्यपाल के दीक्षान्त समारोह में वितरण आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किया गया।

इस किट्स में बाल सुलभ टेबल, कुर्सी, खिलौना सहित 16 समानों की किट्स बनाकर संस्थाओं द्वारा प्राप्त कराया गया है। उक्त समारोह में राज्यपाल ने मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में जनपद को किट्स प्रदान करने वाले बैंक के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रबंधक अग्रणी बैंक पीयुष कुमार परमार यूनियन बैंक आफ इण्डिया, बैंक आफ बड़ौदा के मुख्य प्रबंधक जितेन्द्र कुमार तथा एच0डी0एफ0सी0 बैंक के प्रबंधक निशीकान्त राय, सुखवीर एग्रो के रोहित मौर्या तथा इण्डियन आयल कम्पनी के वरिष्ठ विक्रय अधिकारी जय प्रकाश को सम्मानित करते हुये प्रमाण पत्र वितरण किया गया। इसके अलावा जनपद की 10 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को राज्यपाल द्वारा किट्स वितरण का प्रमाण पत्र वितरण किया गया। उक्त समारोह में जनपद के तरफ से मुख्य विकास अधिकारी महोदय संतोष कुमार वैश्य सहित सी0एस0आर0 के प्रतिनिधि तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी भी सम्मिलित रहंे।

भोजपुरी की संस्कृति सामासिक संस्कृति है:प्रो. राम नारायण तिवारी

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कल्चरल क्लब द्वारा ‘भोजपुरी लोक संस्कृति: परिचय और महत्त्व’ विषय पर प्रो राम नारायन तिवारी का व्याख्यान मंगलवार को आयोजित किया गया। इस अवसर उन्होंने कहा कि भोजपुरी की संस्कृति सामासिक संस्कृति है। भारतीय लोक शास्त्र का विरोधी नहीं अपितु पूरक है। जब जब शास्त्र रूढ़ हुआ तब तक लोक ने उसे गति प्रदान किया है। संस्कृति इसी लोक और शास्त्र के मध्य प्रवाहमान है। शास्त्र ने जहां जहां मंत्र रचे, लोक ने वहां वहां गीत रचे। हमारे यहां के विवाह इसके प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। विवाह में एक तरफ़ पण्डित मंत्र पढ़ता है और दूसरी तरफ औरतें गीत गाती हैं। हमारा लोक प्रकृति उन्मुख है। प्रकृति की अवहेलना वहां निषिद्ध है। वहां एक पारिवारिक रिश्ता है। धरती – आकाश, नदी -तालाब, पेड़ -पल्लव से माता – पिता और भाई बहन का रिश्ता है।

यही वसुधैव कुटुंबकम् है। जहां सभी अपने हैं। इस अवसर पर बी ए प्रथम वर्ष की छात्रा खुशबू ने ‘जागा हिंद ललनवा’ बिरहा गीत का पूरी भाव भंगिमा के साथ गायन किया। जिस पर छात्राओं ने खूब तालियां बजाई। पूनम यादव ने अपने घर में नित्य गाए जाने वाले भजन का पाठ किया ‘माई बाबू से बढ़ी के ई दुनिया में का बा/उन्हीं से रोशन दुनिया जहान बा’ आफ़रीन ने मां सरस्वती की बंदना गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कल्चरल क्लब प्रभारी डा निरंजन कुमार यादव ने कहा कि बिना अपनी संस्कृति को जाने समझे, उस दिशा में कोई ठोस काम नहीं किया जा सकता। जब तक हम उसके महत्व को नहीं समझेंगे तब तक उसके प्रति हमारा लगाव नहीं होगा। प्राचार्य प्रो अनीता कुमारी ने कहा पाश्चात्य संस्कृति से मुक्ति के लिए लोक संस्कृति का सरंक्षण आवाश्यक है। इस अवसर पर डा विकास सिंह, डा अमित यादव, सहित कल्चरल क्लब के सभी सदस्य उपस्थित रहे।