All posts by UP Fast News

283 शिकायत पत्र में 38 का निस्तारण

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सदर में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार सम्पन्न हुआ। जिसमे 39 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए मौके पर 05 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 283 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 38 शिकायत/प्रार्थना पत्रो  का निस्तारण किया गया।
इसी क्रम में तहसील सैदपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता 25 शिकायत/प्रार्थना  प्राप्त हुए जिसमें 03 का मौके पर निस्तारण किया। तहसील सेवराई में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 26 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 03 का मौके पर निस्तारण किया गया। कासिमाबाद तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 18 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मैके पर 04 का निस्तारण किया गया। तहसील मोहम्मदाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 52 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 12 निस्तारण किया गया। तहसील जखनियां में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 की अध्यक्षता में 70 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 05 का निस्तारण किया गया एवं तहसील जमानियॉ में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 53 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें  06 का मौके पर निस्तारण किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ता की छोटी-छोटी समस्याएँ जिनका तत्काल निस्तारण किया जाए, उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाए। उन्होने कहा गया कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की प्रथम प्राथमिकता है इसमें किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नही होगी। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदर सदर, क्षेत्राधिकारी सदर एवं समस्त संबंधित अधिकारी एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।

13 दिसंबर को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

गाजीपुर।उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त निर्देशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13 दिसम्बर, 2025 को जनपद न्यायालय, गाजीपुर, वाह्य न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद व ग्राम न्यायालय जखनियां के साथ-साथ अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में किया जाएगा।
शक्ति सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष सं0-01/नोडल अधिकारी, लोक अदालत गाजीपुर की अध्यक्षता में विजय कुमार- चतुर्थ, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व की भांति राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्देशित प्रकरण यथा उत्तराधिकार प्रमाण पत्र संबंधी, छोटे व लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा-138 एन.आई.एक्ट, स्टाम्प वाद/पंजीयन वाद, मोटर अधिनियम वाद, चकबंदी वाद, श्रम वाद, उपभोक्ता फोरम वाद, वाट-माप प्रचलन अधिनियम वाद, कराधान प्रकरण, बिजली चोरी के वाद, सुलह समझौता एवं मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवाद को परिपक्व कराकर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में पूर्व की तुलना में ज्यादा से ज्यादा वादों का निस्तारण कर,आमजन को लाभान्वित करते हुए, राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। उक्त के अनुपालन में आज एक आवश्यक बैठक जनपद न्यायालय के दसकक्षीय सभागार में आयोजित की गयी। जिसमें मीडियाकर्मी, बैंक के अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित हुए।सचिव द्वारा बताया गया कि निःशुल्क विधिक सहायता हेतु नालसा हेल्प लाईन नम्बर 15100 वhttps://nalsa.gov.in/lsams  पर विधिक सहायता प्रकरण का आवेदन कर सकते है।
बैठक में 13 दिसम्बर, 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह समझौता के आधार पर बैंक ऋण संबंधी जनहित में प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया, लोकल रेडियों चैनल व मीडिया चैनल तथा यू-ट्यूब के माध्यम से तथा दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित करने के लिए विशेष रूप से चर्चा की गई।

हस्ताक्षर अभियान के तीसरे दिन 2500 छात्रों ने हस्ताक्षर कर अभियान का दिया समर्थन

हस्ताक्षर अभियान के तीसरे दिन 2500 छात्रों ने हस्ताक्षर करके अभियान का किया समर्थन, अबतक कुल 4200 हस्ताक्षर करके जर्जर सड़कों के ख़िलाफ़ दर्ज कराया विरोध

ग़ाज़ीपुर।गुरुवार को नगरीय क्षेत्र को गड्ढा मुक्त करने की मुहिम को लेकर चल रहे हस्ताक्षर अभियान में करीब 2500 छात्र एवं छात्राओं ने पी.जी कालेज के गेटपर चल रहे अभियान में हस्ताक्षर करके अपना समर्थन दिया। अभियान के तीसरे दिन कालेज में पढने वाले छात्रों ने बताया की आए दिन गोराबाजार रोड पर टोटो पलटने से लोग घायल हो रहे है। कालेज परिसर में पहुंचने से पहले ही धूल और मिट्टी से सारे कपड़े खराब हो जाते हैं। डस्ट के चलते आँखों में जलन की समस्या आम बात हो गई है।

मौके पर मौजूद छात्र नेता राजेश प्रजापति ने कहा की कोई भी जनप्रतिनिधि चाहे वह सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का, किसी को शहर के दुर्दशा के बारे में चिंता नहीं है, ये लोग सिर्फ चुनाव के समय दिखाई देते है। जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।

हस्ताक्षर अभियान के आयोजक विवेक कुमार सिंह ‘शम्मी’ ने कहा की समय से कार्य ना पूरा करने के लिए कार्यदाई संस्थाओं की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए तथा कार्य न करने पर कार्यवाही होनी चाहिए।
उन्होंने कहा की नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर 10000 हस्ताक्षर होने तक अभियान चलाते रहेंगे ।

मौके पर छात्रा सोनम, उपासना, रिचा, अंजलि, वेदिका,स्तुति ,वंदना,रजनी सहित सैकड़ों छात्रों ने हस्ताक्षर करके अपना विरोध दर्ज कराया।

शम्मी के हस्ताक्षर अभियान के दूसरे दिन 1600 लोगों ने हस्ताक्षर कर दिया समर्थन

हस्ताक्षर अभियान के दूसरे दिन कुल 1600 लोगों ने हस्ताक्षर करके अभियान का किया समर्थन,10000 हस्ताक्षर कराने का लक्ष्य

गाजीपुर।बुधवार को नगरीय क्षेत्र को गड्ढा मुक्त करने की मुहिम को लेकर चल रहे हस्ताक्षर अभियान में करीब 1600 लोगों ने हस्ताक्षर करके अपना समर्थन दिया। अभियान के दूसरे दिन कचहरी क्षेत्र में अधिवक्ता संघ ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया तथा अधिवक्ता संघ का पूर्ण समर्थन इस आंदोलन को दिया गया।

वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि गाजीपुर नगर की सड़कों की ऐसी बदहाल स्थिति पहले कभी नहीं थी। सीवर का काम खत्म हुए एक वर्ष से ऊपर हो गया,फिर भी एक भी रोड का पूरी तरीके से निर्माण नहीं हो पाया है। अपने मुकदमे के सिलसिले में ग्रामीण क्षेत्रों से आए हुए वादी व प्रतिवादी शहर क्षेत्र में घुसते ही शासन व प्रशासन को कोसने लगते हैं। इससे बड़ा दुर्भाग्य गाजीपुर शहर का नहीं हो सकता कि ग्रामीण क्षेत्र से आए हुए लोग जिला मुख्यालय पर आकर यह कहने लगे कि शहर से अच्छी तो गांव की सड़कें हैं।

हस्ताक्षर अभियान के आयोजक विवेक कुमार सिंह ‘शम्मी’ ने कहा कि 10000 हस्ताक्षर होने तक यह अभियान चलता रहेगा। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर हस्ताक्षर कराते रहेंगे। साथ ही आम लोगों को अपने अधिकार के प्रति जागरूक भी करेंगे।

मौके पर अधिवक्ता संघ से एडवोकेट सुरेश चंद श्रीवास्तव, एडवोकेट बृजेश राय, एडवोकेट रणजीत सिंह, एडवोकेट राजेश राम, एडवोकेट वीरेश सिंह, आदि दर्जनों वकीलों के साथ ही चंद्रिका यादव आदि स्थानीय नागरिकों ने हस्ताक्षर अभियान का समर्थन किया।

पत्नी ने पति के अपहरण का आरोप लगाया,पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी

गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के लापता होने का मामला सामने आया है। पत्नी ने पति के अपहरण का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया है। यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी बताई जा रही है।

इनामीपुर निवासी अंशु चौहान ने बताया कि उनके पति अनुराज चौहान 3 नवंबर को सुबह करीब 10:30 बजे अपनी दुकान से संजय यादव और प्रमोद यादव के साथ निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर अंशु ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।

अंशु चौहान के अनुसार, उनके पति ने कुछ समय पहले रईसपुर निवासी चंद्रिका सिंह यादव को अपनी पुश्तैनी जमीन बेची थी। गवाह मनोज यादव और बिचौलिया संजय यादव कथित तौर पर अनुराज पर एग्रीमेंट से अधिक जमीन रजिस्ट्री करने का दबाव बना रहे थे। अनुराज ने इससे साफ इनकार कर दिया था। वही आप अपने पति के लापता होने पर अंशु चौहान ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को अपना प्रार्थना पत्र सौपा।

भारत एक्सप्रेस के CMD उपेंद्र राय के बड़े भाई स्व.राजेश राय की स्मृति में भावपूर्ण प्रार्थना सभा की गई आयोजित

वाराणसी।भारत एक्सप्रेस के चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर एवं एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय के बड़े भाई स्वर्गीय राजेश राय की स्मृति में आज राजधानी दिल्ली के चिन्मय मिशन परिसर में भावपूर्ण प्रार्थना सभा आयोजित की गई. 25 अक्टूबर को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन होने के बाद, 7 नवंबर को गाजीपुर स्थित उनके पैतृक गांव शेरपुर कलां में स्वर्गीय राजेश राय की तेरहवीं संपन्न हुई थी. आज की यह प्रार्थना सभा उनके परिवार, मित्रों और गणमान्य व्यक्तियों के बीच स्वर्गीय राजेश राय के सरल स्वभाव, ईमानदारी और संत-जैसे जीवन को याद करने का अवसर बनी. इस दौरान CMD उपेंद्र राय ने अपने बड़े भाई को याद करते हुए गहन शोक व्यक्त किया, जिससे वहां उपस्थित सभी जन भावुक हो गए.CMD उपेंद्र राय का हृदयस्पर्शी शोक संदेशप्रार्थना सभा के दौरान CMD उपेंद्र राय ने अपने बड़े भाई ‘गुड्डू भाई’ को याद करते हुए कहा, “गुड्डू भाई की मौत के समय मैं बहुत असहाय था. मैं गुड्डू भाई की याद में रो नहीं पाया. लेकिन उनके चले जाने से मुझे बहुत दुख हुआ.”उन्होंने आपसी प्रेम-भाव व्‍यक्‍त करते हुए बताया-“पांच भाई-बहनों के बीच गुड्डू भइया सबसे सहज, सरल और ईमानदार इंसान थे. मेरे से आयु में 7 साल बड़े थे. गांव और रिश्तेदारी गुड्डू भैया ही संभालते थे. गुड्डू भैया स्वभाव के संत थे, साधु थे.” CMD उपेंद्र राय ने आगे कहा, “हमारे सबसे बड़े भाई एक कॉलेज में प्रिंसिपल हैं. उनके बाद दो बहनें. फिर राजेश भाई गुड्डू भाई थे.”उन्होंने अपने भाई के निधन पर मिले संदेशों का उल्लेख करते हुए भावुकता से कहा,“मेरे भाई के निधन पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, राहुल गांधी, अनुप्रिया पटेल ने शोक संदेश भेजा. जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा हमें सांत्‍वना देने मेरे घर आए.”उन्होंने अपने दिवंगत भाई के गुणों की सराहना करते हुए कहा, “हम भाइयों-बहनों में गुड्डू भाई को कुछ नहीं चाहिए था. मुझे लगता है कि इंसानों का सबसे अच्छा गुण यही है.” CMD उपेंद्र राय ने खुद को परिवार का सबसे अच्छा श्रोता बताते हुए हास्य का पुट देते हुए कहा, “मैं परिवार में सबसे अच्छा श्रोता हूं. हालांकि, मेरे दोस्त और शुभचिंतक कहते हैं कि मैं थोड़ा बहुत अच्छा बोलने लगा हूं.” उनकी ये बातें सभा में उपस्थित सभी को गहरे तक छू गईं.
गणमान्य व्यक्तियों की श्रद्धांजलि और सांत्वना
इस प्रार्थना सभा में जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने विशेष रूप से परिवार से मुलाकात की और गहन संवेदना व्यक्त की. उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं. विख्यात कवि-कथावाचक कुमार विश्वास ने उपेंद्र राय को ढांढस बंधाते हुए भावुक संदेश दिया. अन्य प्रमुख हस्तियों में जनता दल (यू) के नेता केसी त्यागी, आचार्य पवन त्रिपाठी, डॉ. शिव कुमार शरीन, कांग्रेस नेता मुमताज पटेल, बीजेपी विधायक पंकज सिंह, हर्षवर्धन, नीरज शेखर, कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम तथा पत्रकारिता जगत के कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए. सभी ने स्वर्गीय राजेश राय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया.
श्रद्धांजलि सभा में पहुचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
प्रार्थना सभा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी पहुँचे. इस दौरान उन्होंने दिवंगत राजेश राय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रंद्धाजलि दी.CMD उपेंद्र राय के आवास पर आयोजित शोक सभा में भी आचार्य पवन त्रिपाठी और अन्य ने परिवार के साथ समय बिताया. चिन्मय मिशन में हुई मुख्य सभा के दौरान उपस्थित लोग स्वर्गीय राजेश राय के तस्‍वीर पर माल्यार्पण करते नजर आए, जहां फूलों से सजी फ्रेम और दीप प्रज्वलन ने माहौल को और भी श्रद्धामय बना दिया.निखिल बेरी की मधुर प्रस्तुति ने मंत्रमुग्ध कियाप्रार्थना सभा का एक खास आकर्षण निखिल अवार्ड विजेता गायक निखिल बेरी की भावपूर्ण प्रस्तुति रही. उन्होंने ‘जीवन की प्रभु सांझ ढली है, अब तो शरण में ले लो..’ और ‘हमें रास्तों की जरूरत नहीं है, हमें तेरे पैरों के निशां मिल गए हैं…’ जैसे भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. इन मधुर धुनों को सुनकर उपस्थित सभी लोग भावुक हो उठे, और कईयों की आंखें नम हो गईं. यह प्रस्तुति सभा के अंत की एक मार्मिक विदाई बनी. CMD उपेंद्र राय के सोशल मीडिया हैंडिल (ट्विटर) पर इस प्रार्थना सभा का लाइव प्रसारण साझा किया, जिससे जुड़कर बहुत-से लोगों ने स्वर्गीय राजेश राय को श्रद्धांजलि दी. यह सभा न केवल परिवार का दुख कम करने वाली रही, बल्कि स्वर्गीय राजेश राय के जीवन दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाली भी साबित हुई.भारत एक्सप्रेस परिवार इस दुख की घड़ी में सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करता है. स्वर्गीय राजेश राय की स्मृति अमर रहे.

जिला सुरक्षा समिति की सीडीओ ने की बैठक,अवैध कट पर तत्काल दर्ज कराई जाए एफआईआर

गाजीपुर।जिला सुरक्षा समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में रायफल क्लब सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में अनुपालन आख्या की समीक्षा की गई। समीक्षा में निर्देश दिए गए कि समस्त अधिकारीगण बैठक में स्वयं प्रतिभाग करेंगे एवं अनुपालन आख्या के साथ कृत कार्यवाही का विस्तृत विवरण फोटोग्राफ्स सहित क्रमिक माह एवं विगत वर्ष में उसी माह के तुलनात्मक विवरण के साथ संलग्न किया जाए। माह नवम्बर की मासिक बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जनपद के समस्त कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र में पड़ने वाले सड़को के दोनो तरफ झाड़ियों की छटाई करवाने हेतु निर्देश दिए गए। हिट एण्ड रन केस के संबंध में जागरूक किए जाने हेतु मीडिया में प्रचार-प्रसार करने हेतु पुलिस विभाग द्वारा इस संबंध में कार्यशाला आयोजित कराई जाए एवं प्रभावित व्यक्तियों को परिवहन विभाग में आवेदन हेतु जानकारी दी जाए। हिट एण्ड रन के लम्बित प्रकरणों को तत्काल निस्तारित कराया जाए। परिवहन विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियो को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा संबंधी दिशा निर्देशो का विद्यालयो में प्रतिमाह आयोजित होने वाली पैरेन्ट्स टीचर मीटिंग में हैण्डविल (प्रचार सामाग्री) के माध्यम से जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया। वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में भी उक्त दिशा निर्देशो का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए एवं अनुपालन आख्या जिलाधिकारी को अवलोकनार्थ प्रस्तुत की जाए। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विद्यालयोें की प्रार्थना सभा में सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूक किए जाने हेतु अधिकारियों द्वारा विद्यालयों में नियमित भ्रमण कर अभियान चलाये जाने हेतु निर्देश दिए गए। इस संबंध में निर्देश दिए गए कि जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात, व  सहायक सम्भागीय अधिकारी, (प्रवर्तन एवं प्रशासन) विद्यालय प्रबन्धकों के साथ एक सप्ताह के अन्दर बैठक कर विद्यालयों के समस्त वाहनों के परमिट व फिटनेस की समीक्षा कर यह प्रमाण प्राप्त करेंगे कि बिना फिटनेस एवं परमिट के नवीनीकरण के किसी भी वाहन से परिवहन नहीं किया जा रहा है। विद्यालय प्रबन्धन का यह दायित्व होगा कि यदि वाहनों को आउटसोर्सिंग से रखा गया है तो यह ऑपरेटर से परमिट व फिटनेस प्रमाण पत्र अवश्य लेंगे। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता अक्षम्य होगी एवं दुर्घटना होने पर विद्यालय प्रबंधन का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जायेगा। यह भी निर्देश दिए गए कि विद्यार्थी जिसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है वह दो पहिया वाहन नहीं आएगा एवं दोपहिया वाहनों से आने वाले लाइसेंस धारक विद्यार्थी हेलमेट का प्रयोग अवश्य करेंगे इसमें किसी भी प्रकार का उल्लंघन करने पर संबंधित विद्यार्थी के अभिभावक को सूचित किया जाए एवं प्रतिदिन अनुश्रवण किया जाए। ई रिक्शा व अन्य छोटे वाहनों से आने वाले विद्यार्थी उस वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक न लाये जाये एवं उल्लंघन की दशा में अभिभावकों को सूचित किया जाए एवं विद्यार्थी के सुरक्षित विद्यालय तक आवागमन हेतु प्रेरित किया जाए। इसके अनुश्रवण के लिए प्रत्येक विद्यालय में एक इंटरनल ट्रैफिक रूल्स कमेटी के गठन किया जाए। कमेटी द्वारा प्रत्येक माहं की पहली तारीख को इसकी सूचना जिला अधिकारी कार्यालय को दी जाएगी एवं विद्यार्थियों को आवागमन हेतु किसी भी प्रकार की लापरवाही किए जाने पर जिला प्रशासन द्वारा दंडात्मक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में लापरवाही पाये जाने पर जिला विद्यालय निरीक्षक एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। अधिकारियों द्वारा किये गये भ्रमण की आख्या फोटोग्राफ्स के साथ प्रेषित की जायें। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल गोल्डेन ऑवर में चिकित्सा केन्द्र पर पहुचाने हेतु आम लोगो को जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार किये जाने के निर्देेश दिये गए। इस संबंध में अवगत कराया गया कि राहवीर योजना के तहत घायल व्यक्ति अस्पताल पहुचाने वाले व्यक्ति को रू. 25000 का पुरस्कार भी दिया जाएगा। प्रचार-प्रसार के लिए सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों टोल प्लाजाओं ब्लैक स्पॉट वाले स्थल, थाना व अस्पताल पर होर्डिग्सं लगाए जाने एवं सोशल मीडिया पर भी प्रचार प्रसार किये जाने के निर्देश दिए गए। एम्बुलेंस नोडल द्वारा अवगत कराया गया कि गोल्डेन ऑवर में घायल व्यक्ति को चिकित्सा केन्द्र पर पहुँचाने हेतु सूचना प्राप्त होते ही तत्काल पहुचाने के लिए 37-एम्बुलेन्स उपलब्ध है। एम्बुलेन्स को तत्काल घटनास्थल पर पहुचने के लिए एम्बुलेस नोडल को निर्देश दिए गए।                  
हाईवे पर चिन्हित स्थानों पर ही पार्किंग की जायें अन्यत्र स्थलों पर पार्किंग किये जाने पर कार्यवाही की जाए, इस संबंध में अध्यक्ष द्वारा अत्यन्त रोष व्यक्त किया गया एवं निर्देश दिया कि टोल प्लाजाओं पर हो रही अवैध पार्किंग पर एन0एच0ए0आई0 के अधिकारियों द्वारा रोक न लगा पाने पर एन0एच0ए0आई0 के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जायेगा। हाईवेे पर रांग साईड चलने वाले, दो पहिया वाहनो पर बिना हेडमेट चलने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, वाहन चलाते समय मोबाईल का प्रयोग करने एवं नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालको पर कडी कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देश दिए गए। इस संबंध में यह भी निर्देश दिये गये कि एन.एच.ए.आई., परिवहन विभाग, रेलवे व पुलिस विभाग का एक वाट्सएप ग्रुप बनाकर यातायात नियमों का उल्लघन करने वाहनों के फोटोग्राफ डाले जाय एवं उनका चालान किया जाए। जनपद में इस वर्ष के चिन्हित 17 ब्लैक स्पॉट पर जनपदीय समिति द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर स्थलवार सुधार कियें जाने हेतु तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं द्वारा तत्काल सुधार कार्य करायें जानें हेतु निर्देश दिये गये। एन.एच.ए.आई. वाराणसी के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि उनके कार्य क्षेत्र के सभी ब्लैक स्पाट पर आवश्यकता अनुसार रोड मार्किग, साईनेज, आर.बी.एम. का कार्य पूर्ण कराया जा चुका है।
वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय मार्ग संख्या-31 पर मार्ग के कटो पर स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार मीडियन को तोडकर अवैध कट बना दिया है ऐसे अवैध कटो पर तत्काल एफ.आई.आर. दर्ज कराई जाए। एन.एच.ए.आई. द्वारा अभी तक एक भी एफ.आई.आर. न कराये जाने पर रोष व्यक्त किया गया एवं निर्देश दिया गया कि तत्काल एफ.आई.आर. कराई जाए। बैठक का संचालन लो0नि0वि0 के सहायक अभियन्ता, अनुराग यादव द्वारा किया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, लो0नि0वि0 के अधिशासी अभियन्ता,  बी.एल. गौतम,  जे.पी. यादव,  संतोष कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, यातायात निरीक्षक सहित परिवहन, एन.एच.ए.आई., स्वास्थ विभाग के अधिकारियो व बस/ट्रक यूनियन के पधाधिकारी उपस्थित रहें।
 

हवन-पूजन और बुद्धि शुद्धि यज्ञ के साथ शुरू हुआ विवेक कुमार शम्मी का हस्ताक्षर अभियान,उठी जनता की आवाज

हवन-पूजन और बुद्धि शुद्धि यज्ञ के साथ शुरू हुआ हस्ताक्षर अभियान, विवेक कुमार शम्मी के नेतृत्व में उठी जनता की आवाज

गाज़ीपुर।शहर की जर्जर सड़कों से परेशान नागरिकों ने अब जिम्मेदार विभागों के खिलाफ आवाज बुलंद कर दी है। नगर के प्रमुख समाजसेवी विवेक कुमार शम्मी सिंह के नेतृत्व में शहर क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई।

अभियान का शुभारंभ लाल दरवाजा क्षेत्र से हवन-पूजन एवं बुद्धि शुद्धि यज्ञ के साथ किया गया। इसमें सैकड़ों नागरिकों ने भाग लेकर नगर की टूटी सड़कों की मरम्मत की मांग की और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की अपील की।

शम्मी सिंह ने बताया कि पिछले सात वर्षों से सीवर निर्माण कार्य के चलते पूरा शहर गड्ढों में तब्दील हो चुका है। कार्यदायी संस्थाओं द्वारा निर्माण कार्य में सरकारी मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, ठेकेदारों की मनमानी के कारण शहर की सड़कों की हालत बदतर होती जा रही है।

उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार, सीवर कार्य समाप्त होने के बाद कार्यदायी संस्था को सड़क को पूर्व अवस्था में पुनर्निर्मित कराना होता है, लेकिन नगर की लगभग सभी सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है। इससे आम जनमानस का घरों से निकलना, बच्चों का स्कूल जाना, मरीजों का अस्पताल पहुंचना और व्यापारियों का व्यापार करना तक मुश्किल हो गया है।

छत्रिय महासभा के अध्यक्ष राजकुमार सिंह और व्यापार मंडल के अध्यक्ष गुड्डू केसरी ने अभियान में हस्ताक्षर करने के बाद बताया कि
बड़ी बाग चुंगी से आदर्श बाजार तक, पीर नगर चौराहे से सैनिक चौराहे तक और विकास भवन चौराहे से साईं मंदिर रोड तक की सड़कें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन आती हैं।
जबकि बाकी सड़कों की देखरेख की जिम्मेदारी नगर पालिका गाज़ीपुर की है।

दोनों ने कहा कि सीवर का कार्य करने वाली संस्था और नगर पालिका या पीडब्ल्यूडी के बीच कोई तालमेल नहीं है, जिसके चलते सड़कों की मरम्मत नहीं हो पा रही। उन्होंने इसे दोनों विभागों की जिम्मेदारी बताया और कहा कि शहर की सड़कों की दुर्दशा सुधारना अब आवश्यक हो गया है।

अभियान के दौरान मौजूद लोगों ने नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी, नमामि गंगे परियोजना, जल निगम और सीवर निर्माण करने वाली संस्थाओं को शहर की सड़कों की बदतर हालत का जिम्मेदार ठहराया।
अभियान के पहले दिन करीब 260 नागरिकों ने हस्ताक्षर कर विरोध दर्ज कराया और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।

इस मौके पर राजकुमार सिंह, गुड्डू केसरी, संजय सिंह, मधु यादव, मुलायम यादव, अंसार अहमद, अनिल सिंह, रामचंद्र अग्रहरी, अविनाश राय, देवांशु श्रीवास्तव, रिशु, राहुल सिंह, अजय सिंह शास्त्री, बाबी सिंह समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एंव मासिक स्टाफ की हुई बैठक

गाजीपुर ।मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एंव मासिक स्टाफ बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ। बैठक के दौरान कर-करेत्तर की समीक्षा में मुख्य राजस्व अधिकारी ने परिवहन, वन विभाग, स्टाम्प, नगर पालिका, आडिट आपत्ति, चकबन्दी, व्यापार कर, विद्युत देय, आबकारी, अंश निर्धारण, मोटर देय, के संबंध मे विस्तारपूर्वक समीक्षा की। मुख्य राजस्व अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों का निर्देशित किया कि अपने-अपने लक्ष्य के सापेक्ष वसूली कराना सुनिश्चित करे इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी।
इसके उपरांत मुख्य राजस्व अधिकारी ने मासिक स्टाफ बैठक राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ ली। बैठक में लंबित प्रकरण एवं विवादित प्रकरण, दाखिल खारिज, विवादित वादो का निस्तारण करने का निर्देश दिया। मुख्य राजस्व अधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व कार्यों में सभी अधिकारियों द्वारा सरकार की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे प्रत्येक कार्यक्रम में तत्परता दिखाते हुए कार्यों का संपादन किया जाना सुनिश्चित करें, ताकि सरकार की राजस्व योजनाओं का लाभ जनसामान्य को आसानी के साथ प्राप्त हो सके। मुख्य राजस्व अधिकारी ने निर्देश दिया कि समस्त अधिकारी राजस्व वसूली का कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर करते हुए डिमांड के अनुसार वसूली सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि धारा 24, धारा 116, धारा 80, धारा 34, धारा 33, धारा 67, के लंबित मामलों का समयान्तराल  निस्तारण किया जाए। धारा 34 की सुनवाई और निष्पादन में तहसीलदार और नायब तहसीलदार गंभीरता से कार्य करें और उपजिलाधिकारी इसकी नियमित समीक्षा भी करें। उन्होने सीमा स्तम्भ, कृषि भूमि पट्टा, आवास हेतु भूमि आवंटन, कुम्हारीकलां पट्टा आवंटन, अंश निर्धारण एवं अंश संशोधन की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दियां ।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एंव पटल सहायक उपस्थित रहे।                          

कलाकार उम्र से बूढ़ा हो सकता है,मन से नहीं:अंजन श्रीवास्तव

श्री चित्रगुप्त वंशीय सभा द्वारा सम्मानित हुए मशहूर फिल्म अभिनेता अंजन श्रीवास्तव, बोले-“कलाकार उम्र से बूढ़ा हो सकता है, मन से नहीं”

गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के ददरीघाट स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर में सोमवार को हिंदी फिल्म और थिएटर जगत के जाने-माने अभिनेता अंजन श्रीवास्तव का सम्मान किया गया। इस मौके पर वे अपनी पत्नी संग मंदिर पहुंचे और भगवान श्री चित्रगुप्त जी का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष आनंद शंकर श्रीवास्तव एवं मंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गाजीपुर के गणमान्य नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया । उन्हें स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्रम देकर अभिनेता अंजन श्रीवास्तव और उनकी पत्नी को सम्मानित किया, इस अवसर पर वरिष्ठ अभिनेता ने बेहद सहज और विनम्र भाव से सभी से मुलाकात की और प्रेस वार्ता की।

अंजन श्रीवास्तव ने भोजपुरी में बातचीत करते हुए बताया कि वे मूल रूप से गाजीपुर के फौजी गांव गहमर के निवासी हैं। उन्होंने बचपन को याद करते हुए बताया कि गहमर से वे लोग कोलकाता चले गए थे, वहां शिक्षा हुई और एक्टिंग में रुझान की वजह से वे वहां थिएटर और नाट्य एकेडमी से जुड़े थे, उन्होंने बताया कि उनके पिता और दादा दोनों बैंक कर्मचारी थे और वे स्वयं भी इलाहाबाद बैंक में 31 वर्ष तक कार्यरत रहे।

उन्होंने कहा, “सन 1978 में ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्म गोलमाल से मैंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। लेकिन उससे पहले से मैं नाट्य मंचों और थिएटर से आज भी जुड़ा हूं और आज भी मैं सक्रिय हूं, उन्होंने बताया कि वे बड़े बड़े अभिनेताओं और निर्देशकों के साथ काम किया है और आज भी कर रहे हैं, उन्होंने बताया कि मेरी दो वेब सीरीज़ और कई फिल्में रिलीज होने वाली हैं।”

अपनी पत्नी की ओर इशारा करते हुए उन्होंने मुस्कराकर कहा, “आज मैं जहां हूं, उसमें सबसे बड़ा योगदान मेरी पत्नी का है।”
अभिनेता ने कहा, “कलाकार उम्र से बूढ़ा हो सकता है, लेकिन उसका मन कभी बूढ़ा नहीं होता।” उन्होंने गाजीपुर के प्रति अपने स्नेह का इज़हार करते हुए कहा, गाजीपुर से मेरा गहरा लगाव है। जब भी यहां के लोग बुलाएंगे, मैं ज़रूर आऊंगा।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने श्री चित्रगुप्त वंशीय सभा के पदाधिकारियों और उपस्थित नागरिकों के प्रति सम्मान और स्नेह के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
संस्था द्वारा स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से प्रमोद अनंग, अमरनाथ तिवारी, अशोक श्रीवास्तव, नितिन आनंद, ओमप्रकाश तिवारी, कमलेश सिंह, कमलेश श्रीवास्तव सभासद, संजीव श्रीवास्तव, क्षितिज श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, शैलेंद्र श्रीवास्तव आदि लोगों ने संस्था द्वारा स्वागत किया।