All posts by UP Fast News

मन की बात को भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर सुना

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नियमित मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के आज 131 वें संस्करण को भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने प्रतिमाह की भाति बुथ स्तर पर सुना । आज के प्रसारण मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण, युवाओं की भूमिका, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।मन की बात को सुनकर भाजपा पदाधिकारियों ने अपनी प्रतिक्रियाएँ व्यस्त की।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने मुहम्मदाबाद विधानसभा के बुथ संख्या 410 रेवतीपुर पर बुथ समिति सदस्यों के साथ मन की बात को सुना और कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरणा प्रदान करने का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा व्यक्त संदेश समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने और राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया और अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम सुनने का आग्रह किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने गाजीपुर सदर विधानसभा के बूथ संख्या 199 बडीबाग बूथ पर मन की बात कार्यक्रम को सुना और कहा कि ‘मन की बात’ का कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।ऐसे कार्यक्रमों से सामाजिक जागरूकता बढ़ती है,नागरिकों में कर्तव्यबोध की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि इस संवाद से आम जनता को सीधे देश के नेतृत्व से जुड़ने का अवसर मिलता है।
पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने विधानसभा सैदपुर,शक्ति केन्द्र हसनपुर के बूथ संख्या 271 पर मंडल उपाध्यक्ष विनोद प्रजापति के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” को सूना और कहा कि आज के प्रसारण मे आलिन शेरिन अब्राहम का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जीवन भले ही अल्प रहा हो, लेकिन उसका योगदान अमर हो गया। कहा कि अंगदान केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि कई जिंदगियों को नई आशा देता है।
इस अवसर पर भानु प्रताप सिंह ने लोगों का आह्वान किया कि हम सभी इस महादान के प्रति जागरूक होकर जीवन बचाने के संकल्प से जुड़ें।
पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने जंगीपुर विधानसभा के राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज बुथ संख्या 291 पर मन की बात कार्यक्रम को सुना और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण पर जो जोर दिया है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें।
इसके अलावा जिला महामंत्री प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अच्छे लाल गुप्ता, अखिलेश सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, जिला मंत्री सुरेश बिंद, संतोष चौहान आदि ने अपने अपने स्थानीय बूथ पर मन की बात कार्यक्रम को सुना।

भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर विचार गोष्ठी आयोजित

गाजीपुर।मंगलवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर भारत रत्न,जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित हुई।
गोष्ठी आरंभ होने के पूर्व सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाते रहने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने विचार गोष्ठी में अपने विचार व्यक्त करते हुए कर्पूरी ठाकुर को देश का महान नेता बताया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी जी का जीवन हम सबके लिए अनुकरणीय है। उनका संघर्ष, उनकी सरलता, सादगी और ईमानदारी हमें इस बात का संदेश देती है कि यदि आदमी के अंदर मजबूत इच्छाशक्ति हो तो वह कोई भी मुकाम हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में है। लोकतंत्र को बचाना जरूरी है क्योंकि लोकतंत्र जिंदा रहेगा तभी गरीब जिंदा रहेगा। उन्होंने कर्पूरी ठाकुर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बताते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई का महान योद्धा बताया। उन्होंने कहा कि वह सरलता और सादगी के पर्याय थे। उनका नाम उन समाजवादी नेताओं की कतार में आता है, जिन्होंने निजी और सार्वजनिक जीवन में आचरण के ऊंचे मानदंड स्थापित किए। उन्होंने आजीवन समाज में व्याप्त आर्थिक एवं सामाजिक विसंगतियों के खिलाफ संघर्ष करते रहे। कर्पूरी ठाकुर का जीवन ताउम्र संघर्षों से भरा था। वह लालू यादव के राजनीतिक गुरु थे और लोकराज की स्थापना के हिमायती थे।
उन्होंने कहा कि देश में व्याप्त असमानता, गैरबराबरी को कर्पूरी ठाकुर जी के रास्ते पर ही चलकर समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब तक देश में गैरबराबरी रहेगी तब तक समाजवाद प्रासंगिक रहेगा। उन्होंने कहा कि समाजवाद के रास्ते ही देश में खुशहाली लायी जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार देश का सारा धन चंद पूंजीपतियों के तिजोरी में बंद करने का कुचक्र रच रही है।इस सरकार की गलत नीतियों से देश में अमीर और गरीब के बीच की खानी चौड़ी होती जा रही है। उन्होंने कहा कि फांसीवाद की जड़ें लगातार गहरी होती जा रही है, हमें कर्पूरी जी के रास्ते पर चलकर उनकी जड़ों को कमजोर करना होगा।
इस मौके पर अशोक कुमार बिन्द, रविन्द्र प्रताप यादव, मुन्नीलाल राजभर,राजेन्द्र यादव,सदानंद यादव,विभा पाल, अमित ठाकुर,जयराम भारती, तिलक प्रधान, राजेश यादव,जैहिंद यादव, अम्बिका यादव,रामाशीष यादव,आदि मौजूद रहे।

डीएम की अध्यक्षता में एन-कार्ड की जनपद स्तरीय समिति की हुई बैठक,दिए निर्देश

गाजीपुर।जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में एन-कार्ड की जनपद स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने एन-कार्ड की जनपद स्तरीय समिति की बैठक में निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थानों पर जहां ड्रग्स के साथ किसी प्रकार की मादक पदार्थो की बिक्री की संभावना हो, वहां नियमित पेट्रोलिंग की जाए, जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, समय समय पर निरीक्षण व आकस्मिक चेकिंग तथा मेडिकल स्टोरो का लाईसेंस चेक किया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देशित किया कि हीरोईन तस्करो को निरंतर निगरानी करते हए कड़ी कार्यवाही की जाए। उन्होने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एंव पुलिस अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा नशे के विरूद्ध जागरूकता संबंधित आयोजन का निर्देश देते हुए छात्राओ एवं युवाओ को नशे के दुष्टपरिणाम के विषय मे निरन्तर जागरूक किया जाए। उन्होने सीजर सैंपल की आख्या समयान्तर्गत प्रेषित करने के साथ नशीली दवाओ/ड्रग्स पर कार्यवाही करते हुए अधिक से अधिक बरामदगी करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शहर राकेश मिश्रा, सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक में डीएम नाराज,दी चेतावनी

गाजीपुर। जिला सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी  अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में निर्देश दिए गए कि समस्त अधिकारीगण बैठक में स्वयं प्रतिभाग करेंगे एवं अनुपालन आख्या के साथ कृत कार्यवाही का विस्तृत विवरण क्रमिक माह एवं विगत वर्ष में उसी माह के तुलनात्मक विवरण के साथ संलग्न किया जाए। हिट एण्ड रन केस के संबंध में जागरूक किए जाने हेतु मीडिया में प्रचार-प्रसार करने हेतु पुलिस विभाग द्वारा इस संबंध में कार्यशाला आयोजित कराई जाए एवं प्रभावित व्यक्तियों को परिवहन विभाग में आवेदन हेतु जानकारी दी जाए। परिवहन विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में हिट एण्ड रन का कोई प्रकरण लम्बित नहीं है। यातायात निरीक्षक मनीष त्रिपाठी ने पीपीटी के माध्यम से जनपद मे घठित हुई दुर्घटना को माह वार एवं वर्ष वार प्रस्तुत किया, जिलाधिकारी द्वारा काफी सराहना की गयी एवं भविष्य में अन्य बिन्दुओ को भी पी.पी.टी. के माध्यम से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात व सहायक सम्भागीय अधिकारी, (प्रवर्तन एवं प्रशासन) को निर्देश दिए गए कि संयुक्त रूप से विद्यालय आने वाले वाहनों की जांच करेगे एवं दो पहिया वाहनों पर हेलमेट न लगाए जाने एवं दो से अधिक सवारी होने पर उनके फोटो ग्राफ्स संबंधित विद्यालयों को भेजें एवं विद्यालय प्रबन्धन इस प्रकार के उल्लंघन पर संबंधित विद्यार्थी के अभिभावक को नोटिस भेजकर कार्यवाही करें एवं प्रतिदिन अनुश्रवण किया जाए। बिना वैध लाईसेन्स के वाहन चलाने वाले छात्रो/चालकों पर कड़ी कार्यवाही किए जाने एवं अर्थदण्ड लगाए जाने के निर्देश दिए गए। इस हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल गोल्डेन ऑवर में चिकित्सा केन्द्र पर पहुचाने हेतु आम लोगो को जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देेश दिए गए। इस संबंध में अवगत कराया गया कि राहवीर योजना के तहत घायल व्यक्ति अस्पताल पहुचाने वाले व्यक्ति को रू. 25000 का पुरस्कार भी दिया जाएगा। प्रचार-प्रसार के लिए सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों टोल प्लाजाओं ब्लैक स्पॉट वाले स्थल, थाना व अस्पताल पर होडिग्सं लगाए जाने एवं सोशल मीडिया पर भी प्रचार प्रसार किए जाने के निर्देश दिए गए।
 बैठक में जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे एवं समस्त प्रकार की सड़कों पर सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत सड़कों के किनारों पर थर्माेप्लास्टिक लाइनिंग, रेट्रो रिफ्लेक्टिंग साइन व अन्य समस्त सड़क दुर्घटना बचाव प्रबन्ध किए जाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देशित किया कि अपने विभाग से संबंधित सड़कों का तत्काल निरीक्षण कर लें और जहाँ-जहाँ सड़कों पर गड्ढे खोदे गए हैं, उनकी समुचित रूप से बैरिकेटिंग करा कर रिफ्लेक्टर/साइन बोर्ड लगवायें तथा बैरिकेटिंग स्थल पर शीघ्रता से कार्य को पूर्ण कराते हुए गड्ढों को यथाशीघ्र बन्द कराए। सड़कों पर बिखरी हुई गिट्टियां व जगह जगह पर बने गड्ढ़ें, जिनमें जल जमाव हो रहा है, की मरम्मत कराकर सड़कों को आवागमन हेतु सुगम बनाना सुनिश्चित करें जिससे आमजन को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि निर्देश के बावजूद भी भविष्य में यदि कोई प्रतिकूल तथ्य प्रकाश में आता है तो सम्पूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित का होगा जिनके विरूद्ध उचित कार्यवाही की जाएगी।
 उन्होने कहा कि हाईवे पर चिन्हित स्थानों पर ही पार्किंग की जाए अन्यत्र स्थलों पर पार्किंग किए जाने पर कार्यवाही की जाए। हाईवे पर ई रिक्शा का संचालन पूर्णत प्रतिबंधित किया जाए, एवं किसी भी स्थिति में ई रिक्शा का संचालन न होने दिया जाय। हाईवेे पर रांग साइड चलने वाले, दो पहिया वाहनो पर बिना हेलमेट चलने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, वाहन चलाते समय मोबाईल का प्रयोग करने एवं शराब पीकर नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालको पर बै्रथ एनालाइजर द्वारा जांच कर कड़ी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में यह भी निर्देश दिए गए कि हाइवे पर पड़ने वाले सभी थानाध्यक्ष शाम के समय पेट्रोलिंग करेगें एवं आवश्यक होने पर एन.एच.ए.आई. के अधिकारियो के साथ संयुक्त रूप से दंण्डात्मक कार्यवाही करेगें। वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय मार्ग संख्या-31 पर मार्ग पर स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार मीडियन को तोडकर अवैध कट बना दिए जाते है। इस संबंध में निर्देश दिए गए कि ऐसे स्थलों के नजदीक के भवनों पर सी.सी.टी.वी. कैमरे द्वारा पुनः अवैध कट बनाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर नामजद एफ.आई.आर. दर्ज कराई जाए। जनपद के विभिन्न स्थानों से संचालित होने वाले टेम्पो के संबंध में निर्देश दिए गए कि सभी जगह पंजीकृत सोसाइटी द्वारा ही इनका संचालन कराया जाए एवं निर्धारित क्षमता से अधिक सवारिया ले जाने पर कठोर कार्यवाही की जाए। बैठक में एन.एच.ए.आई., गाजीपुर के परियोजना निदेशक के उपस्थित न रहने पर जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त किया गया एवं एन.एच.ए.आई. अधिकारियो को निर्देश दिए गए कि निमार्णाधीन रेल सह रोड सेतु के पहुॅच मार्ग पर उचित यातायात डायवर्जन के पश्चात ही कार्य कराया जाए, इस स्थल पर सामान्यत जाम की स्थिति के कारण मरीजो, स्कूली वाहनो एवं अन्य आवश्यक सेवा को अत्यंत असुविधा हो रहीं है, इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए चेतावनी दी गई, यदि कोई दुर्घटना घटीत होेती है तो एन.एच.ए.आई के अधिकारियो पर एफ.आई.आर. कराई जाएगी। बैठक का संचालन लो0नि0वि0 के सहायक अभियन्ता, अनुराग यादव द्वारा किया गया। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक राकेश मिश्रा, लो0नि0वि0 के अधिशासी अभियन्ता, बी.एल. गौतम, संतोष कुमार, किरन पाल, सहित परिवहन, एन.एच.ए.आई., स्वास्थ विभाग के अधिकारियो व बस/ट्रक यूनियन के पधाधिकारी उपस्थित रहें।

सीडीओ की अध्यक्षता में हुई बैठक

गाजीपुर।मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता मे उनके कक्ष में नवसृजित मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के वार्षिक कार्ययोजना की बैठक जनपद स्तर के गठित कार्यसमिति की उपस्थिति में की गई।  
बैठक में समिति के समक्ष वर्तमान वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना जिला उद्यान अधिकारी द्वारा प्रस्तुत किया गया। उनके द्वारा बताया गया कि  मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजनान्तर्गत जनपद को 12.0 हे0 में बागवानी (फल क्षेत्र विस्तार), 50.0 हे0 शाकभाजी क्षेत्र विस्तार, 3400 रनिंगमी0 घेराबन्दी, 150 बॉक्स मौनपालन तथा 5 यूनिट इको लाईट ट्रैप का लक्ष्य प्राप्त है, जिसका क्रियान्वयन प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर पूर्व में संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजनान्तर्गत शेष लाभार्थियों को उक्त योजना का लाभ दिया जाएगा। इस योजनान्तर्गत किसी अन्य पोर्टल पर आवेदन नही किया जाएगा। योजना का क्रियान्वयन पूर्व में संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तर्ज पर किया जाएगा। अध्यक्ष द्वारा निर्देशित किया गया कि नवसृजित मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार और निदेशालय द्वारा आवंटित लक्ष्यों की पूर्ति दिशा-निर्देश के अनुसार सुनिश्चित करें तथा पूर्व मे  संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना, औद्यानिक विकास कार्यक्रम के किसी भी लाभार्थी की पुनरावृत्ति इस योजना में न हो। बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह, परियोजना निदेशक  दीनदयाल, कृषि विज्ञान केन्द्र आंकुशपुर के वैज्ञानिक डा0 दीपक प्रजापति, मण्डी निरीक्षक श्रीमती ऋषि सिंह, मुख्य विकास अधिकारी द्वारा नामित सदस्य उप कृषि निदेशक के प्रतिनिधि जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी गाजीपुर आशीष कुमार तथा प्रगतिशील कृषक अनूप राय, मनोज कुशवाहा, विनय कुमार राय, अंजू चतुर्वेदी उपस्थिति में सम्पन्न कराया गया।

हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी ने की बैठक,बनाए गए 196 परीक्षा केंद्र

गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा की उपस्थिति में माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित होने वाली हाई स्कूल एंव इण्टरमीडिएट परीक्षा को नकल विहीन एवं सुचितापूर्ण सम्पन्न कराने के संबंध मे बैठक आडिटोरियम  सभागार मे सम्पन्न हुई। बैठक मे जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा 18 फरवरी, 2026 से प्रारम्भ होकर 12 मार्च, 2026 तक संचालित होगी। उन्होने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा प्रेषित प्रश्नपत्रों को प्राप्त करने, उन्हे पुलिस अभिरक्षा मे सुरक्षित स्थान पर सी0सी0टी0वी0 के निगरानी मे रखना, प्रश्नपत्रो को परीक्षा केन्द्रो पर डबल लाक वाले स्टील/लोहे की आलमारी मे रखा जाए। प्रश्नपत्रों को परीक्षा केन्द्र पर पहुचने पर डबल लाक की आलमारी मे जिला मजिस्ट्रेट द्वारा नामित स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक एवं वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक की उपस्थिति मे परीक्षा केन्द्रो पर रखवाया जाए तथा डबल लाक वाली आलमारी मे पेपर सील से बंद किया जाए।
जिलाधिकारी ने नामित किए गए समस्त जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट/फ्लाईग स्क्वायर्ड टीम/समस्त केन्द्र व्यावस्थापक/वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक को दिनांक 18 फरवरी 2026 से  दो पॉलियों में होने वाली हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षा को सकुशल एवं नकल विहीन सम्पन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होने बताया कि जनपद मे हाई स्कूल में लगभग 67 हजार एवं इण्टरमीडियएट में लगभग 70 हजार कुल लगभग-1.37 लाख परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मलित होगें।
परीक्षा हेतु 196 परीक्षा केन्द्र बनाए गए है जिसमें 29 अति संवेदनशील, 63 संवेदनशील परीक्षा केन्द्र है, जिसमे 12 जोन, 08 सचल दल एवं 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट, मे विभक्त किया गया है तथा सभी परीक्षा केन्द्रो पर 01-01 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए है तथा केन्द्र एवं वाह्य केन्द्र व्यावस्थापक-196 लगाए गए है जो अपनी पूरी निष्ठा एवं तन्मयता के साथ आपसी सामंजस्य स्थापित करते हुए परीक्षा को सम्पन्न कराने मे अपनी भूमिका निभाने  के साथ जनपद मे नकल होने की परम्परा का तोड़ते हुए पूरी तत्परता के साथ कार्य करेगे। उन्होने कहा कि मजिस्ट्रेट परीक्षा केन्द्र का उत्तरदायी होता है कही से चूॅक होने पर सारी जिम्मेदारी उसी की होती है इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा के प्रारम्भ से लेकर समाप्ति तक दोनो पॉलियों में पूरा प्रबन्ध सुनिश्चित कर लिया जाए। परीक्षा केन्द्रो पर नकल कितने तरीको की होती है, इस पर पैनी नजर रखी जाए, विद्यालय परिसर में एक से अधिक रास्ते होने पर उन्हे तत्काल सील करने का निर्देश दिया। परीक्षा केन्द्र के 100-200 मीटर की परिधि में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति, असलहा किसी भी दशा में उपस्थित न रहें। परीक्षा केन्द्रो पर लाईट, जनरेटर, सीसीटीवी, डीजल, इण्टरनेट कार्ड, की उपलब्धता पूर्व में निरीक्षण कर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समस्त उपजिलाधिकारी एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा की समाप्ति के बाद एक घन्टे बाद तक परीक्षा केन्द्रो पर उत्तर पुस्तिकाओं के सील बंन्द/मोहर होने से लेकर निर्धारित स्थान पर जमा कराने तक पूरी चौकसी बरतेगे। फ्लाईंग स्क्वायर्ड टीम परीक्षा के प्रारम्भ से समाप्ति तक के समय तक चक्रमरण करती रहेगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस बल तथा बनाए गए कन्ट्रोल रूम को सूचित करने का निर्देश दिया।  बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी जिला विद्यालय निरीक्षक समस्त जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट के अतिरिक्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रश्नपत्रों के शील्ड बण्डल को राजकीय सिटी इ०का० गाजीपुर से स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक एवं वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक द्वारा संयुक्त रूप से प्राप्त करना होगा, प्रश्न-पत्रों के बण्डल प्राप्त होते ही परीक्षार्थियों की कक्षावार एवं विषयवार संख्या के अनुसार प्रश्न पत्रों की संख्या का मिलान करना तथा आवश्यक्ता की स्थिति में अतिरिक्त प्रश्न-पत्रों की मांग निर्धारित प्रारूप पर दिया जाएगा। प्राप्त प्रश्न-पत्रों को केन्द्र पर स्थापित स्ट्रांग रूम में लोहे की अलमारी में सी०सी०टी०वी० के निगरानी में रखना एवं तीनों की उपस्थिति में सील किया जाएगा। स्ट्रांग के डबल लॉक आलमारी के एक लॉक की समस्त चाभी केन्द्र व्यवस्थापक के पास तथा दूसरे लाक की एक चाभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास तथा दूसरी चाभी वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक के पास उपलब्ध रहेगी। स्ट्रांग रूम, जिसमें डबल लॉक अलमारी रखी है को स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में परीक्षा प्रारम्भ के 01 घण्टा पूर्व खोले जाने तथा परीक्षा समाप्ति के 01 घण्टा उपरान्त लॉक/सील किया जाए ।
प्रत्येक बार परीक्षा के प्रयोजन से आलमारी खोलने के पश्चात् दोनों लॉक हस्ताक्षरित पेपर से सील किये जायें। स्ट्रॉग रूम में प्रवेश हेतु एक लॉग बुक/रजिस्टर रखा जाए जिसमें तिथि, समय एवं उद्देश्य सहित आने-जाने वाले अधिकारी/कर्मचारी का पूर्ण विवरण अंकित किया जाए ।जिस आलमारी को प्रश्नपत्रों हेतु डबल लॉक आलमारी बनाया गया है, उसमें प्रश्नपत्रों के अतिरिक्त कोई और सामग्री नहीं रखी जाएगी। परीक्षा से पूर्व प्रश्नपत्र के प्रकटन की दशा में सम्बन्धित स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक एवं बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक उत्तरदायी होंगे। समस्त परीक्षा केन्द्रों में एक अन्य सुरक्षित आलमारी की व्यवस्था होगी, जिसमें किसी भी पाली की परीक्षा में प्रथम बार प्रश्नपत्रों को निकालने के पश्चात् उपस्थित परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र वितरण के उपरान्त अवशेष प्रश्नपत्रों को तथा बण्डल स्लिप को सुरक्षित रूप से रखा जाए, इस आलमारी को डबल लॉक आलमारी से उसी कक्ष (स्ट्रांग रूम) में कुछ दूरी पर रखा जाय। स्ट्रॉग रूम में किसी भी अधिकारी/कर्मचारी का मोबाइल फोन के साथ प्रवेश वर्जित होगा । परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा के दौरान वायस रिकार्डर युक्त सी०सी० टी०वी० कैमरा संचालित रहेगा तथा स्ट्रांग रूम 24 घण्टे सी०सी०टी०वी० कैमरे की निगरानी में रहेगा। प्रश्नपत्रों का लिफाफा परीक्षा प्रारम्भ होने के अधिकतम 15 मिनट पूर्व काटे जाए। लिफाफा काटने से पूर्व साक्षी के रूप में दो वाह्य शिक्षकों तथा एक आन्तरिक शिक्षक के हस्ताक्षर कराए जाए। साक्षी अध्यापकों के हस्ताक्षर बीजक पर भी कराये जाए। प्रश्नपत्रों के पैकेट काटने से पूर्व पैकेट पर अंकित विषय, प्रश्नपत्र तथा संकेतांक का मिलान गोपनीय स्कीम से गंभीरता पूर्वक कर लिया जाए, तभी पैकेट खोला जाए । प्रश्नपत्र पूर्णतयः सी०सी०टी०वी० कैमरे के नजर में खोले जायेंगे।
हाईस्कूल तथा इण्टरमीडिएट परीक्षा हेतु दैनन्दिनी अलग-अलग बनाई जाए तथा उस पर प्रविष्टि प्रतिदिन एवं प्रतिपाली स्पष्ट रूप से अंकित की जाए। कक्ष निरीक्षकों/परीक्षार्थियों के कक्ष से बाहर जाने का विवरण निर्धारित प्रारूप पर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए। जिस विषय की परीक्षा हो उस विषय अध्यापक की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के रूप में कदापि न लगाई जाए। परीक्षा समाप्ति के उपरान्त उत्तर पुस्तिकाओं की गिनती गंभीरता पूर्वक कराते हुए जमा कराई जाए। उत्तर पुस्तिका जमा होने के उपरान्त ही परीक्षार्थी/ कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा केन्द्र के बाहर जाने दिया जाए। किसी भी दशा में केन्द्र व्यवस्थापक/ आंतरिक सचल दल/कक्ष निरीक्षक/सचल दल/निरीक्षण दल के पुरूष सदस्य द्वारा बालिकाओं की तलाशी नहीं की जाएगी। परीक्षार्थियों का सीटिंग प्लान अनुक्रमांक के आधार पर क्रमानुसार मिश्रित बनाया जाए और इसका किसी भी दशा में उल्लंघन न किया जाए। यदि इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि पाई गयी तो इसके लिए केन्द्र व्यवस्थापक पूर्ण रूप से उत्तरदायी होगे।  केन्द्रव्यवस्थापक द्वारा सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान शांतिपूर्वक परीक्षा दे रहे किसी भी परीक्षार्थी को अनावश्यक परेशान न किया जाए और न ही उनको किसी भी प्रकार से भयभीत किया जाए। परीक्षा केन्द्र में केन्द्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक तथा अन्य सहायक कर्मियों तथा वास्तविक परीक्षार्थियों के अतिरिक्त अन्य किसी का भी प्रवेश निषिद्ध होगा। परीक्षा व्यवस्था में लगे हुए किसी भी कर्मचारी को लोकसेवक की परिधि में गिना गया है अतएव ऐसे लोकसेवक के प्रति किसी भी व्यक्ति द्वारा आपराधिक/धमकी भरा व्यवहार संज्ञान में आने पर प्रशासन द्वारा संबंधित के विरूद्ध विधिक कार्यवाही की जाएगी। परीक्षा केन्द्र के अन्दर पुस्तकालय तथा प्रधानाचार्य कक्ष से संबंधित विषय की पुस्तकों को सीलबन्द करने के उपरान्त रखा जाए । यदि किसी कारण से शील्ड टूटी हुई पायी जाती है तो केन्द्र व्यवस्थापक/पर्यवेक्षक को अनुचित कार्यों में सहयोग प्रदान करने का दोषी मनाते हुए उ०प्र० सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम 1998 की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। परीक्षा केन्द्र की सुरक्षा हेतु पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा अवधि में परीक्षा केन्द्र का गेट किसी भी दशा में बन्द न किया जाए। परीक्षा के दौरान प्रत्येक परीक्षार्थी से उत्तर पुस्तिका के प्रत्येक पृष्ठ पर अपना अनुक्रमांक एवं उत्तर पुस्तिका क्रमांक अनिवार्य रूप से अंकित कराया जाए। अनुचित साधनों के प्रयोग में पकड़े गए परीक्षार्थियों का निस्तारण बोर्ड के नियमों के अन्तर्गत किया जाएगा। यदि कोई परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए या अनुचित साधन प्रयोग का प्रयास करते हुए पकड़ा जाए अथवा फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा जाये तो उसके विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम 1998 की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत अवश्य पंजीकृत करायी जाए।ऐसे कक्ष निरीक्षक जिनके पाल्य एवं संबधी जिस परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा दे रहे हैं तो वे उस केन्द्र पर कक्ष निरीक्षक कार्य के पात्र नहीं होंगे।
बैठक के उपरान्त जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से राजकीय सिटी इण्टर कालेज  में बनाये गये मानिटरिंग शेल एवं कन्ट्रोल रूम का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

कांग्रेसियों ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ निकाली पदयात्रा

गाजीपुर में कांग्रेस की मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

गाजीपुर। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर चल रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” के अंतर्गत सोमवार को आमघाट स्थित गांधी पार्क से एक विशाल पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा गांधी पार्क (आमघाट) से प्रारंभ होकर मिश्र बाजार और महुआ बाग होते हुए सरजू पांडे पार्क, कचहरी गाजीपुर पर समाप्त हुई। पदयात्रा में जिले के प्रभारी एवं पूर्व विधायक अमरेश चंद्र पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि काम के दिनों में कटौती, भुगतान में देरी और बजट में कमी से मजदूरों को पलायन के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीब मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी और किसी भी सूरत में उनके हक पर आंच नहीं आने देगी।
जिला अध्यक्ष सुनील राम ने केंद्र और प्रदेश सरकार को गरीब विरोधी बताते हुए कहा कि गांवों में रोजगार के अवसर घट रहे हैं और सरकार आंकड़ों के जरिए विकास का भ्रम फैला रही है। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने भी सरकार को रोजगार के मुद्दे पर विफल करार देते हुए कहा कि कांग्रेस गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगी।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह ने मनरेगा को गरीबों की जीवनरेखा बताते हुए मांग की कि मजदूरों के भुगतान में भारत सरकार 90 प्रतिशत और प्रदेश सरकार 10 प्रतिशत हिस्सेदारी सुनिश्चित करे, अन्यथा यह योजना प्रभावित हो जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों को पूरा काम और समय पर भुगतान नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ कांग्रेसजन, पदाधिकारी, मनरेगा मजदूर एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रमुख रूप से अजय सिंह, जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, विद्याधर पांडे, हामिद अली, राघवेंद्र कुमार, देवनारायण सिंह, सतिराम सिंह, आशुतोष गुप्ता, गुड्डू कुमार, महबूब निशा, बृजेश कुमार, शबीहूल हसन, रईस अहमद, मोहम्मद अयूब, शशि भूषण राय, अजय कुमार दुबे, सदानंद गुप्ता, राजेश उपाध्याय, कमलेश्वर प्रसाद, मुकेश कुमार, गयासुद्दीन, शंभू कुशवाहा, गुलबास यादव, जफरुल्लाह, संजय गुप्ता, मोहन राम, डब्लू राम, मोहन चौहान, संतोष कुशवाहा, संजय सिंह, देवेंद्र कुमार सिंह, लखन श्रीवास्तव, बालेश्वर विश्वास, कमलेश यादव, ओम प्रकाश यादव, जेपी पांडे, चंद्रशेखर आर्या, राजू कुमार, अब्दुल हामिद अंसारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
अंत में पदाधिकारियों ने कहा कि यह पदयात्रा आंदोलन की शुरुआत है और आने वाले दिनों में जनहित के मुद्दों पर व्यापक जनसंघर्ष चलाया जाएगा।

108 जोड़ो का सामूहिक विवाह पूरे विधि विधान के साथ संपन्न

गाजीपुर।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आई टी आई मैदान प्रकाशनगर में सम्पन्न हुआ। शादी समारोह का शुभारम्भं मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह सहित मंचाशीन अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप सेे दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सामूहिक विवाह योजना में  कुल 108 जोड़ो का सामूहिक विवाह पूरे विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ। सामूहिक विवाह के अवसर पर उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव विवाहित वर-वधुओं को उनके वैवाहिक जीवन की मंगल कामना करते हुए शुभकामना दी। अतिथियों ने सामूहिक विवाह में नव दाम्पत्य को विवाह प्रमाण पत्र दिया गया। विवाह कार्यक्रम मे मंच से ही मुख्य अतिथि ने बटन दबाकर 60 हजार रूपये की धनराशि वधुओ के खाते मे हस्तान्तरित किया।
जिला पंचायत अध्यक्षत ने नव विवाहित वर-वधुओ को आर्शिवचन देते हुए कहा कि आज नव विवाहित जोड़ो ने 7 फेरे लेकर एक साथ रहने का जो संकल्प लिया है उसे आजीवन निर्वहन करे। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम योजना एक कल्याणकारी योजना है। जिसमे हजारो हजार की संख्या में बेटियों के हाथ पीले किए जा चुके है। उन्होने कहा कि इस योजना के माध्यम से जो विवाह कराया जाता है उससे समाज मे फैली दहेज प्रथा जैसी रूढ़िवादी सोच समाप्त होती जा रही है। दहेज लेना और दहेज देना एक दण्डनीय अपराध है। मुख्यमंत्री ने इस योजना के माध्यम से गरीब, मजदूर एवं असहाय परिवारो को इसका लाभ दिया है और आगे भी इस योजना के माध्यम से बेटियो का विवाह सम्पन्न कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बेटियो के हाथ पीले करने का जो संकल्प लिया है उसे आगे और भी बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल ने कहा कि बेटिया अपने समाज मे स्वावलंबी बने, उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य सब उत्तम हो, इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने बेटियो के लिए कई योजनाए संचालित की है आप सभी योजनाओ से जुड़कर अपनी  बेटियो को सशक्त बनाए। उन्होने सभी नव दाम्पय से निवेदन किया कि शादी के बाद गर्भ का भ्रूण परिक्षण न कराए जो भी बच्चा हो उसे सम्मान के साथ परिवार मे लाए। जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी देते हुए कहा कि आज जनपद के समस्त ब्लाको से चयनित 108 जोड़ो का विवाह पूरे विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ है । उन्होने शादी समारोह में आए हुए वर एवं वधु के परिजनो  के प्रति भी शुभकामना व्यक्त की। कहा कि इस योजना के अन्तर्गत एक लाख की धनराशि प्रदान किया जा रहा है जिसमें 60 हजार रूपये वधु के खाते में तथा 25 हजार रूपये के उपहार जिसमे साड़ी ब्लाउज सहित 05 , पेटीकोट 05 अदद, चुनरी कढाई एक अदद, पेन्ट कपड़ा एक अदद, शर्ट कपड़ा एक अदद, फेंटा/गमछा एक अदद, चॉदी की पायल एक जोड़ी, चॉदी की बिछियां एक अदद, डिनर सेट , कूकर एक अदद, ट्राली बैग एक अदद, दिवाल घड़ी एक अदद, कढाई एक अदद, कूल केज 10 लीटर एक अदद, आयरन प्रेस एक अदद, सीलिंग फैंन एक अदद, डबल बेड चादर एक अदद, कम्बल दो अदद, गद्दा/मैट्रेस दो अदद, तकिया दो अदद, सिन्होरा एक अदद, चूड़ी दो दर्जन, कंगन 04 अदद, वेनिटी किट एक अदद, एवं 15 हजार शादी समारोह के आयोजन के लिए दिया जा रहा है। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारो की शादी कराया जा रहा है। जिसमे लड़के की उम्र 21 वर्ष  एवं लड़की की आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने सामूहिक विवाह के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त करते हुए विवाहित नव दाम्पत्य जोड़ो को उनके विवाहित जीवन के लिए शुभकामनाए दी।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी(विकास), उपायुक्त उद्योग प्रवीण मौर्या, एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

उतरौली बनाम मच्छटी के बीच खेला गया फुटबॉल मैच

गाजीपुर। जनपद के जमानियां क्षेत्र के जीवपुर गांव में आयोजित फुटबाल टूर्नामेंट मैच का फाइनल मुकाबला सोमवार को शिवा स्पोर्टिंग क्लब जीवपुर के खेल मैदान में उतरौली बनाम मच्छटी के बीच खेला गया। खेल के पहले हाफ में उतरौली की टीम ने मच्छटी की टीम पर एक गोल दागकर 1-0 से बढ़त बना ली उसके कुछ मिनट बाद मच्छटी की टीम ने एक गोल दागकर स्कोर 1-1कर बराबरी कर ली। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद मुकाबला पेनाल्टी सूट किया गया। जिसमें 5-5 से दोंनो टीम बराबर रही इसके 3-3 से दोनो टीम बराबर रही इसके 1-0 से मच्छटी की टीम ने उतरौली की टीम में एक गोल दागकर जीत हासिल की। मैन ऑफ द मैच मच्छटी के जीशान एवं मैन ऑफ द सीरीज उतरौली के गौरी ने हासिल किया। निर्णायक की भूमिका विश्वामित्र शर्मा उर्फ पलटू ने निभाई। गोल जज पश्चिम छोर बृजेश यादव एवं गोल जज पूर्वी छोर शैलेन्द्र यादव के देखरेख में था। लाइन मैन दक्षिण ओमप्रकाश यादव एवं लाइन मैन उत्तर आनन्द खरवार रहे। मैच के कमेटी का संचालन कर्ता के रूप में शिवाजी स्पोर्टिंग क्लब अध्यक्ष- युवा समाज सेवी एवं भारतीय किसान यूनियन टिकैत जमानियां तहसील अध्यक्ष बबलू यादव, उपाध्यक्ष विशाल यादव, कोषाध्यक्ष गोलू यादव सचिव जितेंद्र शर्मा , कप्तान विकास यादव एवं उप कप्तान बिट्टू सिंह तथा खेल के मुख्य अतिथि जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह , विशिष्ट अतिथि अनिल यादव विधान सभा अध्यक्ष जमानियां एवं जमानियां द्वितीय से मोहम्मद आजाद अली , ग्राम पंचायत मतसा से बृजेश जायसवाल , अक्षय कुमार, चन्द्रहास सिंह , ओमकार सिंह , ग्राम प्रधान सुनील कुमार सिंह , राम अवध यादव , सेना से सेवानिवृत्त रामनिवास यादव ,कमेन्ट्रेटर जे पी यादव ताजपुर एवं मिथिलेश सिंह जीवपुर मौजूद रहें। ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधित्व कर रहे मन्नू सिंह ने जमानियां विधायक के तरफ से शिवाजी स्पोर्टिंग क्लब जीवपुर के खेल मैदान में एक दस लाख रुपए का बहुत बड़ा हाई मास्क लाईट एवं दस लाख रुपए तक का जिम कीट एक महीने के भीतर लगवाने का घोषणा किए जिससे जीवपुर एवं क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्याप्त किया।

नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई बजट चौपाल

गाजीपुर। केंद्रीय बजट 2026 की विशेषताओं से जन-जन को अवगत कराने को लेकर भाजपा सदर विधानसभा का बजट चौपाल गाजीपुर नगर के उर्दू बाजार स्थित एक पैलेस में नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युवा भाजपा नेता अभिनव सिन्हा ने चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट–2026 किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, गरीब एवं मध्यम वर्ग के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल इंडिया और ग्रीन भारत पर किया गया विशेष फोकस देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
अन्य वक्ताओं ने कहा कि यह बजट विकसित भारत–2047 के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बजट को जनहितकारी और दूरदर्शी बताते हुए इसका स्वागत किया।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष प्रीति गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह, अच्छे लाल गुप्ता, अमरेश गुप्ता, साधना सिंह, विनोद अग्रवाल, विनोद राय एवं राणा सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।