All posts by UP Fast News

मौनी बाबा सेवादल द्वारा चकिया में बजरंगबली मंदिर की छत ढलाई संपन्न

मौनी बाबा सेवादल द्वारा चकिया में बजरंगबली मंदिर की छत ढलाई संपन्न

गाजीपुर(चकिया)। मौनी बाबा सेवादल अध्यक्ष संतोष पांडेय के नेतृत्व में चकिया स्थित बजरंगबली मंदिर की छत ढलाई का कार्य संपन्न हुआ। इस अवसर पर ग्रामीणों में हर्ष का माहौल देखा गया।

बताया गया कि मौनी बाबा सेवादल विगत कई वर्षों से क्षेत्र में स्थित जर्जर और पुराने मंदिरों के पुनर्निर्माण के साथ-साथ नए मंदिरों के निर्माण कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संतोष पाण्डेय द्वारा धार्मिक स्थलों के संरक्षण के साथ-साथ गरीबों की सहायता और सामाजिक सेवा के कार्य भी निरंतर किए जा रहे हैं।

ग्राम पंचायत सबुआ के पूर्व प्रधानपति मनोज पांडेय ने बताया कि मौनी बाबा सेवादल वर्षों से ऐसे पुनीत कार्यों में अग्रणी रहा है और समाज में धार्मिक एवं सामाजिक जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

ढलाई कार्य के दौरान ग्रामीणों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने इस सेवा कार्य की सराहना की ।

कांग्रेस ने मनाई महर्षि वाल्मीकि जयंती,साथ ही मना अजय राय जन्मदिन

गाज़ीपुर : कांग्रेस ने मनाई महर्षि वाल्मीकि जयंती, साथ ही यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का जन्मदिन हर्षोल्लास से मनाया

गाज़ीपुर।कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को शहर कांग्रेस कैंप कार्यालय, सकलेनाबाद में महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज़िला उपाध्यक्ष चंद्रिका सिंह ने की। कांग्रेसजनों ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को नमन किया।

जिला उपाध्यक्ष चंद्रिका सिंह ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन इस बात का प्रतीक है कि कोई भी व्यक्ति अगर सही मार्ग पर चले तो समाज का मार्गदर्शक बन सकता है। आज के समय में जब समाज में नफ़रत और विभाजन की राजनीति हो रही है, तब महर्षि वाल्मीकि के समरसता, समानता और भाईचारे के विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज को बाँटने और अपनी असफलताओं को छिपाने में लगी है, जबकि कांग्रेस सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।

इसी अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच केक काटकर कार्यकर्ताओं ने मिठाई बाँटी और प्रदेश अध्यक्ष के दीर्घायु व जनसेवा में सफलता की कामना की।

कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार श्रीवास्तव “पी.सी.सी.” ने कहा कि “महर्षि वाल्मीकि की शिक्षा हमें सिखाती है कि समाज के कमजोर वर्गों की आवाज़ बुलंद करना ही सच्ची सेवा है। लेकिन आज की भाजपा सरकार ने गरीब, किसान, नौजवान और मजदूर,सबको ठगा है। बेरोज़गारी और महंगाई से जनता त्रस्त है, और सरकार केवल दिखावा और प्रचार में व्यस्त है।”

उन्होंने कहा कि अजय राय जैसे जमीनी नेता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। भाजपा की दमनकारी नीतियों का मुकाबला कांग्रेस जनता के सहयोग से कर रही है।

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने वाल्मीकि जयंती और अजय राय के जन्मदिन को जनसेवा, समानता और एकता का प्रतीक दिवस बताते हुए समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से
राजेश गुप्ता, राजेश विश्वकर्मा, अजय दुबे,अखिलेश यादव, आलोक यादव, सदानंद गुप्ता, शैला रतन यादव, रामविलास यादव, मुकुल यादव, दाउ विश्वकर्मा, किशन विश्वकर्मा, रईस अहमद, भैया लाल पांडे, लखन श्रीवास्तव, शक्ति आनंद, ओम प्रकाश यादव, विजय कुमार शर्मा, धनजी पांडे आदि लोगों उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम का समापन “जय महर्षि वाल्मीकि” और “जय कांग्रेस” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ।

श्री नागा बाबा धाम पर तीन दिवसीय विशाल मेले का आयोजन

गाजीपुर -करंडा: स्थित प्रज्ञ भगवान श्री नागा बाबा धाम गाजीपुर जिले के करंडा ब्लॉक में ग्राम आरी पहाड़पुर सीता पट्टी करंडा गाज़ीपुर बाबा का पावन धाम है। श्री नागा बाबा दिन रविवार 22 अक्टूबर इस सन 1972 को बाबा अपनी सहज लीला को पूर्ण कर परिनिर्वाण को प्राप्त हो गए उसी दिन शरद पूर्णिमा को उनकी समाधि स्थल श्री नागा बाबा धाम आरी पहाड़पुर सीता पट्टी में भव्य सांस्कृतिक आध्यात्मिक मेले का आयोजन भगवान श्री नागा बाबा स्मारक सेवा समिति द्वारा किया जाता है जिसमें लाखों की संख्या में भक्त भगवान श्री नागा बाबा का आशीर्वाद उनके दर्शन मात्र कर लेने से ही मिल जाता है। आज भगवान श्री नागा बाबा इस जगत में न रहते हुए भी बाबा परमात्मा की जीती जागती प्रतिमूर्ति हैं वह अंतर्यामी थे उनके लिए भौतिक जगत तृण व्रत था भक्तों के लिए बाबा का प्रसाद व आशीर्वाद परम मंगलदायक था जो कार्य औषधि से नहीं होता वह कार्य बाबा के आशीर्वाद मात्र से होता है।आज भी उनके समाधि के दर्शन मात्र से सुख शांति की प्राप्ति तो होती है सभी मनोरथ भी सिद्ध होता है। वह नर रूप मे साक्षात नारायण के अवतार थे।इस वर्ष भी मंगलवार दिनांक 7 अक्टूबर 2025 को शरद पूर्णिमा के अवसर पर तीन दिवसीय विशाल मेले का आयोजन होगा। जो भगवान श्रीं नागा बाबा धाम पवहारी समाधि स्थल आरी पहाड़पुर, सीतापट्टी करंडा गाजीपुर में आयोजित होगा।आयोजन प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी धाम की व्यवस्था में लगे भगवान श्री नागा बाबा स्मारक सेवा समिति आरी पहाड़पुर, सीतापट्टी करंडा गाजीपुर के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह राजू और इस वर्ष से प्रबंधक संतोष सिंह (श्री नागा बाबा विद्यालय समिति) भी मेले के आयोजन में सहयोग करेंगें व समितियों से जुड़े सदस्यों द्वारा क्षेत्रीय जनता के सहयोग से मेले का आयोजन होगा।

दो दिवसीय मिलेट्स महोत्सव एवं मेला का नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने किया शुभारंभ

गाजीपुर। कृषि विभाग द्वारा जनपद स्तरीय दो दिवसीय मिलेट्स महोत्सव एवं मेला का आयोजन स्थान कृषि विज्ञान केन्द्र पी०जी० कालेज के प्रांगण में हुआ। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार द्वारा दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया ।
नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा लहुरी ओमेन काशी कृषक उत्पादक संगठन, रामधारी प्रोडक्शन महर्षि कण्व ऋषि, श्री फैमिली रेस्टोरेंट द्वारा मोटे अनाज से बने रेसिपी की प्रशंसा करते हुए अन्य कृषि उत्पादक संगठन द्वारा इस तरह के भोज्य पदार्थों को बाजार में उपलब्ध कराने हेतु आग्रह किया। उन्होनेे कहा कि श्री अन्न के प्रति पुरूष किसानो के साथ-साथ महिला किसानो को भी जागरूक किया जाए, जिससे महिला किसान श्री अन्न से बनने वाले भोज्य पदार्थों को निर्मित कर सके एवं महिला किसानो को कृषक उत्पादक संगठन में सहभागिता सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। इस मौके पर श्री अन्न को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री अन्न से बने विभिन्न रेसिपी का प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता मे रामधारी प्रोडक्शन महर्षि कण्व ऋषि प्रथम स्थान, लहुरी ओमेन काशी कृषक उत्पादक संगठन द्वितीय एवं श्री फैमिली रेस्टोरेंट तृतीय स्थान प्राप्त किए। जिला कृषि अधिकारी गाजीपुर द्वारा मोटे अनाज उगाये जाने के बारे में किसानों को विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। किसानो को जागरूक किया कि पराली कदापि न जलाए इसके जलने से मिट्टी की उर्वर क्षमता कम होती है वायु मण्डल प्रदूषित होता है। नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 द्वारा सरसो बीज, चना, मटर एवं मसूर के उन्नतशील प्रजाति के 100 मिनिकीट वितरण किए गए।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डा० विनोद कुमार सिंह, डा० धर्मेन्द्र कुमार सिंह, डा० ओमकार सिंह, डा० दीपक प्रजापति, डा० एस० के० सिंह, ने किसानो का तकनीकी मार्ग दर्शन किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागो के अधिकारी जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला दुग्ध विकास संघ अधिकारी, बाल संरक्षण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, क्षेत्रीय प्रबन्धक इफको, जिनका स्टाल भी लगा था एवं किसानो को अपने विभाग से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम के अन्त में मुकेश सिंह विषय वस्तु विशेषज्ञ द्वारा उपस्थित कृषको को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

जूनियर बालिकाओ की खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन

गाजीपुर।पं0 दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी के अवसर पर जूनियर बालिकाओ की खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन मिशन शक्ति के अन्तर्गत नेहरु स्टेडियम गोराबाजार गाजीपुर के प्रांगण में किया गया। इस प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण के मुख्य अतिथि दिलीप कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी के कर कमलो द्वारा किया गया । इस प्रतियोगिता में कुल 08 टीमों ने प्रतिभाग किया । जिसका पहला सेमीफाइनल मैच नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर बनाम रामपुर माझा के मध्य खेला गया।जिसमें नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर 13 अंक एवं रामपुर माझा 03 अंक प्राप्त किया। जिसमें नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर 10 अंको से विजयी रही, दुसरा सेमीफाइनल मैच बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर बनाम नेहरु स्टेडियम बी के मघ्य खेला गया । जिसमें बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर 12 अंक एवं नेहरु स्टेडियम बी 08 अंक प्राप्त किया जिसमें बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर 04 अंकों से विजयी रही । इस प्रतियोगिता का फाइनल मैंच नेहरु स्टेडियम गाजीपुर ए बनाम बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर के मध्य खेला गया।जिसमें नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर 08 अंक एवं बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर 05 अंक प्राप्त किया, जिसमें नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर 03 अंकों से विजयी रही । प्रतियोगिता संचालन के रुप में राधेश्याम सिंह यादव खो-खो प्रशिक्षक के द्वारा किया गया । आफिशियल के रुप में शिवानी राय, अंशु राय. पिन्टु यादव, अभिषेक पाल, विनोद यादव, सुनील यादव, बन्दना, अजित यादव, रागिनी, सौरभ राय रहें । इस अवसर पर सावित्री कुशवाहा, पुनम, विनोद कुमार जायसवाल, विजय, बृजेश कुमार, योगेन्द्र सिंह, मु0 मोईन, एवं समस्त स्टाप उपस्थित रहें। अन्त में अरविन्द यादव क्रीड़ाधिकारी द्वारा सभी आगन्तुओ एवं खिलाड़ियो के प्रति आभार व्यक्त किया ।

मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्राओं ने किया प्रतिभाग

गाजीपुर। विकास भवन सभागार में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विद्यालयों से मेधावी छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआ बाग के प्रधानाचार्य रागिनी श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित समस्त बालिकाओं ने प्रतिभा किया।मिशन शक्ति की महत्व पर प्रकाश डाला।अपने वक्तव्य में बालिकाओं ने यह बताया कि मिशन शक्ति 5.0 किस तरह से बालिकाओं /महिलाओं के लिए उनके सशक्तिकरण, स्वावलंबन एवं आत्मसम्मान के लिए किस तरह कार्य कर रहा है विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित मिशन शक्ति कार्यक्रम बहुत ही प्रभावी और ज्ञानवर्धक रहा है। कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दिलदारनगर, राजकीय हाई स्कूल बहलोलपुर, राजकीय हाई स्कूल बिरनो और समस्त राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापिकाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरण किया।धन्यवाद ज्ञापन के साथ  छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में, समस्त विकास खंड  के विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरुकता रैली,गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें  महिलाओं सुरक्षा सम्मान  और स्वावलंबन के  दृष्टिगत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों- 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा), एवं 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) की जानकारी दी गई। इस अवसर पर महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं उनके अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।उन्हें समाज में सशक्त भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम की महिलाएं उपस्थित रहीं। मिशन शक्ति अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

पूर्व विधायक अवधेश राय शास्त्री के श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए अजय राय

पूर्व विधायक अवधेश राय शास्त्री के श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए अजय राय,बोले- कांग्रेस पार्टी सदैव इस परिवार के साथ खड़ी रहेगी

अजय राय ने पत्रकार वार्ता में कहा जीएसटी कम करना मोदी सरकार का ढोंग,बोले- गुजरातियों को इस बार घर भेजेंगे

गाजीपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने रविवार को गाजीपुर में पूर्व कांग्रेस विधायक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पुत्र स्व. अवधेश राय शास्त्री के त्रयोदशाह पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उनके साथ राघवेंद्र प्रताप सिंह, ओम प्रकाश ओझा, फसाहत हुसैन बाबू, जिलाध्यक्ष सुनील राम, शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा के साथ सैकड़ो कार्यकर्ता और नेता साथ रहे, श्रद्धांजलि सभा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव इस परिवार के साथ खड़ी रहेगी।
पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने जीएसटी को “फ्रॉडगिरी और जनता को बेवकूफ बनाने की नीति” बताया। कहा कि “कपड़े पर जीएसटी घटा दिया गया लेकिन धागे पर बढ़ा दिया गया, कॉपी किताब पर जीएसटी घटा दी गई लेकिन पेपर पर बढ़ा दी गई, यह गुजरातियों की चालाकी है। जनता को बेवकूफ समझ रहे है ये लोग। जनता उन्हें अब उन्हें गुजरात भेजेगी।”
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि “केजरीवाल बीजेपी की बी-टीम की तरह काम कर रहे हैं और पूरी तरह से एक्सपोज हो चुके हैं।”
बरेली की घटना पर उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि “महंगाई और भ्रष्टाचार से ध्यान भटकाने के लिए ऐसी घटनाएं कराई जा रही हैं।” चुनावों पर सवाल उठाते हुए अजय राय बोले, “मोदी जी दिन में एक बजे तक चुनाव हार रहे थे, फिर अचानक जीत कैसे हो गई, ये एक बड़ा सवाल है? जनता एक दिन सब सच्चाई जान लेगी।”
बिहार चुनाव का प्रभारी बनाए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि “उत्तर प्रदेश बड़ा भाई है और बिहार छोटा भाई, कांग्रेस बिहार में अच्छा प्रदर्शन करेगी और इन गुजरातियों को घर भेजेगी, उन्होंने कहा कि बिहार में हम पिछली बार से ज्यादा मजबूती से लड़ेंगे । भाजपा को उखाड़ फेंकेंगे, बरेली और सम्भल मुद्दे पर योगी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि एजेंडे के तहत ये सरकार काम कर रही है, हिंदू मुस्लिम में भेद किया जा रहा है योगी के लिए कहा कि “गेरुआ पहनकर झूठ बोला जा रहा है और जनता को ठगा जा रहा है। सरकार डरी और घबराई हुई है।”
बिहार के एसआईआर प्रकरण पर भी अजय राय ने कहा कि “हमने मांग की है कि नाम काटने का कारण साफ किया जाए।”
कुल मिलाकर अजय राय ने गाजीपुर से केंद्र और प्रदेश सरकार पर करारा वार करते हुए कहा कि जनता अब महंगाई, भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी का जवाब चुनाव में देगी।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश सचिव आनंद राय, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, अजय सिंह, इरफान बशर, लाल साहब यादव, जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, मुन्ना हामिद अली, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, जनार्दन राय, महबूब निशा, कुसुम तिवारी, उषा चतुर्वेदी, पुष्पा यादव, किरण भारती, राशिद, धर्मेंद्र, आशुतोष गुप्ता, दिव्यांशु पांडे, ओम प्रकाश यादव, रईस अहमद, सतीश उपाध्याय, हर्ष पांडे, राघवेंद्र पांडे सहित सैंकड़ों लोग उपस्थित रहे।

जीएसटी सुधारो के प्रति जागरूकता के लिए भाजपा द्वारा सम्मेलन आयोजित

गाजीपुर। हटी जीएसटी मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार के नारे के साथ आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान अंतर्गत जीएसटी बचत उत्सव मे रविवार को जीएसटी सुधारो के प्रति जागरूकता के लिए गाजीपुर सदर विधानसभा व जहुराबाद विधानसभा मे भाजपा द्वारा सम्मेलन आयोजित किया गया। गाजीपुर सदर विधानसभा मे नगर के परसपुरा मुहल्ले स्थित जायसवाल धर्मशाला में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद डा. दर्शना सिंह ने कहा कि 2014 से पहले भारत को गांव ,गरीब, सपेरों का देश कहा जाता था किसी ने सपनों में भी कल्पना नहीं की थी कि भारत कभी विकसित भारत बनने का लक्ष्य लेना तो दूर सपना भी देख सकता है। लेकिन आज सबका साथ, सबका विकास की भावना से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही भाजपा सरकार के द्वारा देश की तेज गति से हो रहे विकास से देश विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर बढ रहा है। उन्होंने कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान किसी भी मनुष्य के जीवन के लिए महत्वपूर्ण व जरूरी है‌। जिसके लिए सरकार ने जीवन यापन की कुछ जरूरी बस्तुओं को जीएसटी मुक्त कर दिया गया है। जीएसटी दरों मे भारी कटौती से हमारे देश के लोगों को बहुत सारी बचत हुई है। उन्होंने कहा कि यह लाभ सिर्फ ग्राहक को नहीं बल्कि व्यापारियों को भी है सामान जब सस्ता होगा तो व्यापार भी बढ़ेगा जब व्यापार बढ़ेगा तो मैन्युफैक्चर करने वाले लोगों की आर्थिक उन्नति भी होगी जिससे रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। यह देश के लिए बड़ी बात है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बहुत सी नकारात्मक ताकते देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, अपरिपक्व सोच के विपक्षी नेता देश की जनता को गुमराह करना चाहते हैं । भ्रष्टाचार रहित सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में काम करते हुए बिना भेदभाव के बहुत बड़े साहसिक निर्णय लिया है। उन्होंने धारा 370 ,राम मंदिर, महाकाल कॉरिडोर सहित विभिन्न उपलब्धियों का वर्णन करते हुए कहा कि कोरोना काल में हमारे देश के वैज्ञानिकों ने वैक्सीन का निर्माण किया जो सिर्फ देश के लोगों के लिए नहीं बल्कि कई देशों के जीवन रक्षा मे उपयोगी हुआ।उन्होंने कहा कि विगत दस वर्षों मे सरकार ने 60% राष्ट्रीय राजमार्ग में वृद्धि, दोगुना हवाई अड्डे का निर्माण ,144 बंदे भारत ट्रेनो के अलावा देश की निर्यात क्षमता में तीन गुना वृद्धि हुई, 3 करोड़ 80 लाख गरीबों में आवास वितरण के साथ आज 25 करोड लोग जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन जी रहे थे उनका जीवन समृद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तेज गति से बढ़ रहा है विपक्ष बोल नहीं पा रहा है।
विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने कहा कि बिना किसी व्यापारी संगठनों, राजनैतिक दलो के मांग के सरकार ने जनता की जरूरतों को समझते हुए स्व निर्णय से जीएसटी स्लैब मे सुधार किया है जो भारत की अर्थव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है,और आम जनता के लिए एक बड़ा सहारा है।जीएसटी सुधार से भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। यह सुधार न केवल व्यापार को बढ़ावा देगा, बल्कि आम जनता के जीवन को भी आसान बनाएगा। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि जीएसटी के सुधार से भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और विकास की गति बढ़ेगी।उन्होंने नाम लेकर बताया कि जीएसटी की घटी दरो से कई जीवन रक्षक वस्तुओं से दरें कम की गई हैं, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी। और लोगों को अधिक खरीदारी करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले महिलाएं और व्यापारी वर्ग अत्यंत भयभीत रहा करते थे, किसान लाचार, युवा बेरोजगार था लेकिन व्यवस्था की उत्तम पारदर्शिता के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा लिए गए निर्णय से आज समाज का प्रत्येक वर्ग खुशहाल और समृद्ध है। उन्होंने व्यापारियों से आवाहन किया कि जीएसटी के घटे हुए स्लैब को अपने दुकानों पर चस्पा करें ताकि प्रत्येक व्यक्ति इससे अवगत हो सके।
जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सबके प्रति धन्यवाद आभार प्रकट करते हुए कहा कि जीएसटी सुधारो सहित देश के समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कोई कमजोर दिल, दिमाग का व्यक्ति इतना बड़ा निर्णय नहीं ले सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के अंदर सुरक्षा की मजबूत कानून व्यवस्था पर उत्तर प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
इसके बाद राज्यसभा सांसद डॉ दर्शना सिंह, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, सरोज कुशवाहा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय आदि ने नगर की दुकानों पर जाकर जीएसटी से जुडी जानकारी साझा किया।
सम्मेलन का संचालन पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर सम्मेलन के आयोजक अच्छेलाल गुप्ता, भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, सरिता अग्रवाल,प्रो शोभनाथ यादव, रामनरेश कुशवाहा, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अखिलेश सिंह, ब्लाक प्रमुख राजन सिंह,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, साधना राय, सुरेश बिन्द, संतोष वर्मा, आनंद जायसवाल, विजय शंकर वर्मा, विजय विश्वकर्मा, श्री प्रकाश केसरी, ओमप्रकाश तिवारी बच्चा सहित सैकड़ों व्यापारिक मौजूद थे।

चारों भाइयों का मिलन देखकर दर्शक हुए भाव विभोर‌‌

चारों भाइयों का मिलन देखकर दर्शक हुए भाव विभोर‌‌

गाजीपुर। अति प्राचीन श्री रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की भाति इस वर्ष भी 3 अक्टूबर शुक्रवार को सकलेनाबाद में रामलीला के क्रम जिले का ऐतिहासिक भरत मिलाप लीला देखकर दर्शक भाव विभोर हुए।
मालूम हो कि श्री राम के वनवास काल का शेष एक दिन रह गया था कि भरत अपने राज्य अयोध्या में प्रभु श्री राम के आने की राह निहार रहे थे और चिंतित थे। इसी बीच हनुमान जी ब्राह्मण का भेष बनाकर श्री राम की आज्ञा के अनुसार दूत बनकर अयोध्या आए और महाराज भरत से प्रभु श्री राम के आने का संदेश भरत को सुनाते हैं। श्री राम के आने की सूचना पाकर भरत जी आए हुए ब्राह्मण से पूछते हैं –
को तुह्म तात कहां ते आए। मोहि परम प्रिय बचन सुनाए। हभाई तुम कौन हो और कहां से आए हो जो तुम मुझे परम प्रिय वचन सुना रहे हो इतना सुनते ही हनुमान जी कहते हैं कि मारुति सुत मैं कपि हनुमान नाम मोरी सुनु कृपा निधाना। मैं जाति का वानर हूं मेरा नाम हनुमान है इसके बाद हनुमान जी अपने असली रूप में आकर के भरत जी के चरणों में प्रणाम करते हैं तो भरत जी उन्हें अपने गले से लगा कर कहते हैं कि कपि तव दरश सकल दुख बीते। मिले आजु मोहि राम पिरिते। हे हनुमान जी आपका दर्शन पाकर मुझे ऐसा मालूम होता है कि हमारे सामने भैया राम उपस्थित हो ऐसा मुझे महसूस हो रहा है।
उसके बाद हनुमान जी भरत जी से विदा होकर वापस भारद्वाज मुनि के आश्रम पर चले जाते हैं।
उधर प्रभु श्री राम के आगमन की सूचना पाकर भरत जी वशिष्ठ जी और शत्रुघ्न जी के साथ अयोध्या से प्रयागराज के लिए श्री राम से मिलने रथ पर सवार होकर चल देते हैं। आगे जाने पर भारद्वाज मुनि के आश्रम के निकट अपने रथ को रोक करके गुरु वशिष्ट जी से निवेदन करते कि आप आईए।इसके बाद भरत और शत्रुघ्न भारद्वाज मुनि के आश्रम पर पहुंकर श्री राम के चरणों में साष्टांग दंडवत करते हैं भरत को साष्टांग दंडवत करते देखकर श्री राम जी उन्हें उठाकर भाई भरत को गले से लगाते हैं। भरत राम के मिलाप देख कर उपस्थित जन समुदाय जय श्री राम के नारों से पूरा मेला क्षेत्र गूंजाय मान कर दिया। चारों भाइयों के प्रेम को देखकर उपस्थित जन समुदाय के आंखों से आंसू छलक उठते हैं। इसके बाद श्री राम लक्ष्मण भरत शत्रुघ्न का रथ वापस अयोध्या के लिए प्रस्थान कर देता है। श्री राम आते समय श्रृंगवेरपुर केराजा तथा अपने मित्र निषाद राज से भेंट करते हैं उसके बाद उनका रथ अयोध्या के लिए प्रस्थान कर देता है।
अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से महाराज भरत जी का रथ झु्न्न लाल चौराहा, आमघाट, राजकीय महिला महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महुआ बाग, चौराहा, पहाड़ खां पोखरा स्थित श्री राम जानकी मंदिर पर आकर मेला समाप्त हुआ।
इस अवसर पर कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, संयुक्त मंत्री लव कुमार त्रिवेदी, प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी ,उप प्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल ,अनुज कुमार अग्रवाल, प्रमोद कुमार गुप्ता ,अजय कुमार अग्रवाल ,सुधीर कुमार अग्रवाल ,धीरज अग्रवाल, कृष्णांश त्रिवेदी, राम सिंह यादव, राजेश गुप्ता उपस्थित रहे। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन द्वारा अधिक संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए थे।

डीएम ने तहसील मोहम्मदाबाद का किया निरीक्षण,दिए निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने तहसील मोहम्मदाबाद का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिकार्ड रूम,अधिष्ठान एवं अन्य पटलो का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फाईलो का रख-रखाव अव्यवस्थित ढ़ग से पाए जाने पर  पटल सहायक (आर0के0बाबू ) अशोक तिवारी मु0 बाद का स्पष्ट्रीकरण जारी करने का निर्देश देते हुए कहा कि जब तक इनका संतोषजनक स्पष्ट्रीकरण प्राप्त होने तक वेतन वाधित करने का निर्देश दिया। उन्होने परिसर की साफ सफाई के साथ फाईलो का रख रखाव का निर्देश दिया। उन्होने उपजिलाधिकारी मु0 बाद को निर्देशित किया कि कोई भी लाभार्थी एवं किसान अपनी समस्या लेकर आता है तो तत्काल उनकी बात सुनकर उनके आवेदनो का निस्तारण किया जाएगा। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही एवं शिकायत पाए जाने पर विभागीय कार्यवाही की जाएगाी। उन्होने समस्त उपजिलाधिकारी एवं समस्त विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है कि अपने आफिस के फाईलो के रख रखाव के साथ-साथ साफ-सफाई का विशेष ध्यान देते हुए आवेदकों का तत्काल निस्तारण मौके पर किया जाए।