गाजीपुर।गुरुवार की रात मुहम्मदाबाद पुलिस ने क्षेत्र के बालापुर मोड़ के पास से एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने सफलता हासिल की है। उसके पास से हेरोइन बरामद किया।बतादें की उपनिरीक्षक राजीव कुमार त्रिपाठी क्षेत्र के बालापुर मोड़ के पास देर रात संदिग्ध वाहन और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मलिकपुरा जाने वाली गली से एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। जैसे ही उसकी नजर पुलिस पर पड़ी, भागने लगा। इस पर पुलिस कर्मियों ने उसे दौड़ाकर दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 33 ग्राम हेरोइन बरामद हुआ। उपनिरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति बलिया सदर कोतवाली क्षेत्र के जीरा बस्ती निवासी रिजवान खान है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक के साथ कां राजू यादव और कां जितेंद्र गुप्ता शामिल थे।
Category Archives: Crime
लूट की घटना को देने जा रहा था अंजाम
ग़ाज़ीपुर।शुक्रवार को सुहवल थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान तमंचा लहराते हुए भाग रहे अपराधी को ताड़ीघाट रेलवे क्रासिंग के पास गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूट की बाइक सहित असलहा और कारतूस बरामद किया।
मालूम हो कि प्रभारी निरीक्षक तारावती उपनिरीक्षक राम कुमार दुबे, उपनिरीक्षक दिग्विजय नाथ तिवारी और पुलिस कर्मियों के साथ मेदिनीपुर तिराहा पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गाजीपुर की तरफ से एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। पास आने पर जैसे ही पुलिस ने रुकने का इशारा किया, बाइक सवार तमंचा लहराते हुए जमानिया की तरफ भागने लगा। इस पर पुलिस टीम ने उसका पीछा करने लगी। ताड़ीघाट रेलवे क्रासिंग के पास उसे दौड़ा कर गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार में आया बदमाश इजरी गांव निवासी निखिल यादव है। यह शातिर किस्म की अपराधी है। इसके पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो तारतूस और एक बाइक बरामद हुआ है। पूछताछ में अभियुक्त ने उसके पास जो बाइक बरामद हुई है, उसे उसने महीनों पहले वाराणसी से लूटा था। आज भी लूट की घटना को अंजाम देने के लिए जा रहा था।
बिजली गिरने से तीन की मौत
बिजली गिरने से तीन की मौत
गाजीपुर। भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के मस्तीपुर भड़ेवर गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसको उपचार के लिए मऊ रेफर कर दिया गया । बता दें कि मस्तीपुर भड़ेवर गांव निवासी अभिषेक सरोज (12) पुत्र मोती सरोज, मुकेश सरोज (12) पुत्र सुरेंद्र सरोज, सागर सरोज (15) पुत्र शीतल सरोज और अभिषेक पुत्र जितेंद्र सोमवार की शाम मंगई नदी के किनारे गाय चरा रहे थे। इसी दौरान मूसलाधार वर्षा होने के साथ ही बिजली कड़कने लगी। इससे चारों एक पेड़ के नीचे छिप गए, लेकिन तभी अचानक दूसरी बार बिजली गिर गई और उसकी चपेट में आ गए। बिजली गिरने की खबर सुन लोगों ने चारों को आनन-फानन में जखनियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने अभिषेक, मुकेश और सागर सरोज को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे अभिषेक की हालत गंभीर होने पर उसे मऊ रेफर कर दिया। आकाशीय बिजली गिरने से तीन किशोरो की मौत से सन्नाटा छा गया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस विभाग के साथ राजस्व टीम भी पहुंच गई।
मां को पुत्र ने मारी गोली
गाजीपुर।शुक्रवार को दिन में करंडा थाना क्षेत्र के बासुचक गांव में सौतेले पुत्र ने किसी बात को लेकर मां को गोली मारकर फरार हो गया।परिजनों ने घायल को उपचार के लिए वाराणसी ले गए।
घटना के संबंध में बताया गया है कि करंडा क्षेत्र के बासुचक गांव निवासी पूर्व ग्राम प्रधान मनोज सिंह की पत्नी को अनुपमा सिंह को शुक्रवार को दिन में उनके सौतेले पुत्र ने किसी बात को लेकर किसी अवैध असलहे से पेट में गोली मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद पुत्र फरार हो गया। परिवार के लोग आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए वाराणसी ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया गया है कि बासुचक निवासी पूर्व प्रधान मनोज सिंह की पहली पत्नी से दो लड़के हैं। पहली पत्नी के निधन के बाद मनोज ने अनुपमा से दूसरी शादी की। मनोज सिंह की पहली पत्नी से दो लड़के थे तथा दूसरी पत्नी अनुपमा से एक चार वर्ष का बेटा है। इस संबंध में एसपी रोहित पी बोत्रे ने बताया कि पारिवारिक विवाद को लेकर सौतेले पुत्र शिवांश सिंह ने अपनी मां को गोली मारकर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लिया। तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।
शिक्षा माफिया की 3 करोड़ 10 लाख की संपत्ति कुर्क
गाजीपुर। शुक्रवार को जिलाधिकारी के आदेश पर प्रशासन ने सदर कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुर छावनी लाइन स्थित शिक्षा माफिया राजेंद्र सिंह कुशवाहा उपरोक्त व जीउत कुशवाहा के नाम रजिस्ट्री कराई गई बेनामी करोड़ों की भूमि को को मुनादी बीच कुर्क करने की कार्रवाई किया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रोहित पी बोत्रे ने बताया कि अपराध और अपराध नियंत्रण के दृष्टिगत गैंगेस्टर एक्ट के मुकदमें पंजीकृत किए जा रहे थे और बहोत सारे अभी भी पंजीकृत किए जा रहे हैं। गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के अंतर्गत शिक्षा माफिया राजेंद्र सिंह कुशवाहा की रघुनाथपुर छावनी लाइन स्थित शिक्षा भूमि को मुनादी के बीच कुर्क किया गया। उन्होंने बताया कि लगभग 3 करोड़ 10 लाख की कार्रवाई आज पूरे दिन में इन शिक्षा माफियाओं के खिलाफ कराई जाएगी। अन्य जगह भी इन लोगों की प्रापर्टी है। सभी प्रापर्टी का धारा 14 (1) जिलाधिकारी द्वारा आदेश दिया गया था। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अभिषेक कुमार, एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, सदर कोतवाली विमलेश मौर्या, गोराबाजार चौकी प्रभारी सुनील शर्मा सहित भारी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
गंगा में डूबा युवक
गाजीपुर।सोमवार को गहमर थाना के नरवा घाट पर गंगा में नहाते समय एक युवक डूब गया। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरु कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार गहमर थाना क्षेत्र के खुदरा पथरा गांव निवासी सुमित कुमार अपने मित्र के साथ नरवा गंगा घाट पर नहाने आया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया। वह डूबने लगा। अपने साथी को डुबता देख मित्र निखिल उसे बचाने लगा। वह भी डुबने लगा। दोनों को डूबता देख वहां स्नान कर रहे लोगों ने किसी तरह निखिल को बचा लिया। लेकिन सुमित डूब गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ और एसडीएम भी वहां पहुंच गये। पुलिस गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कर रही है।
दो तस्कर गिरफ्तार,350 किलो गांजा बरामद
दो तस्कर गिरफ्तार,350 किलो गांजा बरामद
गाजीपुर। गहमर थाना पुलिस और एसओजी टीम को गाजीपुर-बिहार बार्डर कर्मनाशा पर चेकिंग के दौरान शनिवार की सुब उसने लाइव न्यूज लिखे ओवी वैनरूपी एक वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को दबोच लिया है। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक रोहन पी. बोत्रे ने बताया कि फंदे आए अभियुक्त शातिर किस्म से तस्कर है। इनके कब्जे से लाखों रुपए के सैकड़ों कुंटल गांजा, असलहा के साथ ही फर्जी प्रेस आईडी बरामद की गई है।
एसपी ने बताया कि नशीले तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजीपुर-बिहार बार्डर पर कर्मनाशा नदी पुल के पास गहमर थानाध्यक्ष एसओजी टीम के साथ सुबह चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बक्सर बिहार राज्य की तरफ से एक चार पहिया वाहन आती हुई दिखाई दी, जिस पर प्रेस का बोर्ड लगा हुआ था। जैसे ही चालक की नजर पुलिस फोर्स पर पड़ी, रफ्तार बढ़ा दिया। पुल पर आते ही बैरियर लगाकर पुलिस टीम ने वाहन के घेर लिया। आवाज देने पर वाहन में सवार दो व्यक्ति घबराहट में बाहर निकले, जिन्हे पुलिस ने पकड़ लिया। नाम-पता पूछते हुए तलाशी ली गई तो चालक ने अपना नाम मोकीबुल हुसैन निवासी नगर मार्ग पो. हौंली थाना हौंली जिला बरपेटा असम राज्य बताया। उसके पास 12 बोर का एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुआ। दूसरे ने अपना नाम महिदुल इस्लाम निवासी नगरझार थाना हौंली जिला बरपेटा असम बताया। दोनो व्यक्तियों के असम राज्य का होने पर व वाहन पर प्रेस लिखा होने के कारण पुलिस टीम को शंका हुई तो वाहन की तलाशी की जाने लगी। तलाशी लेने पर वाहन के आगे चालक के केबिन के पास 01 मीडिया माईक मिला। इसके बाद वाहन के पिछले भाग की चेंकिग की गई तो वाहन के अंदर काफी बंडल पड़े हुए मिले, जो टेप से रैंपर किए हुए थे। । बंडलों को थोड़ा-थोड़ा काट के देखा गया तो गांजे की गंध आ रही थी। कुल 33 बंडल बरामद किया गया। तस्करों के कब्जे से 350 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 30 लाख, फर्जी नम्बर प्लेट व प्रेस का लोगो लगा हुआ वाहन, प्रेस का फर्जी आईडी कार्ड, एक मीडिया माइक और एक मोबाइल बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि यह गांजा हम लोग असम राज्य से लेकर आ रहे है, जो रकीब डोमारी निवासी उदलपुरी जिला उदलपुरी द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलो में ऊंचे दामों पर सप्लाई किया जाता है। आज हम लोग गांजा लेकर बलिया ले जा रहे थे। गाड़ी व प्रेस आईडी, माइक के बारे में बताया कि यह गाड़ी हम लोगो को रकीब डोमारी ही उपलब्ध कराया था। हम लोग रास्ते भर चेंकिग के दौरान प्रेस बताकर निकल आते थे। गिरफ्तार करने वाली टीम में गहमर निरीक्षक विश्वनाथ यादव, एसओजी प्रभारी रामआसरे राय, उपनिरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद तिवारी, उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार पटेल, हे.कां. सुजीत कुमार सिंह, कां. संजय कुमार, कां. संजय प्रसाद, कां. सतीश, कां. प्रमोद कुमार, कां. विनोद कुमार गौड़, कां. प्रमोद कुमार, कां. रोहित यादव, कां. शैलेश कुमार, कां. अनुज कुमार मौर्या, कां. हरिशंकर पटेल और कांस्टेबल रत्नेश कुमार शामिल थे।
ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
गाजीपुर।गुरुवार को पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए वाराणसी गए एक युवक की घर लौटते समय ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार गहमर कोतवाली क्षेत्र के सायर गांव निवासी द्वारिका चौधरी आयु 20 वर्ष पुत्र महेंद्र चौधरी अपने पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए वाराणसी गया था।वेरिफिकेशन के बाद रात में घर लौटते समय ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने की वजह से वह गेट के पास खड़ा होकर यात्रा कर रहा था।इसी दौरान कछमन रेलवे स्टेशन के पास वह अनियंत्रित होकर ट्रेन से गिर गया।जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।मृतक के पास मिले पासपोर्ट के दस्तावेज के आधार पर उसकी पहचान करते हुए घरवालों को दुर्घटना की जानकारी दी गई ।सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने लिखा-पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था।
कुंडी से लटकता मिला विवाहिता का शव
गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय गांव के पांडेय टोला में बुधवार की देर शाम एक गर्भवती विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में छत की कुंडी से लटकता मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गहमर के पांडेय टोला निवासी रामजी पांडेय के पुत्र नवीन पांडेय की शादी करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के महेंद गांव निवासी हृदयनारायण की पुत्री अनीता से चार वर्ष हुई थी। बुधवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में अनीता का शव कमरा के छत की कुंडी से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी होने पर मायके के लोग भी पहुंच गए। लोगों ने बताया कि मृतका अनीता सात माह की गर्भवती भी थी। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पिता हृदय नारायण ने पति, ससुर, सास और ननद के साथ दहेज हत्या की तहरीर दी है। मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कब्र से निकाला गया शव
गाजीपुर ।सदर कोतवाली के डीलिया गांव में कोतवाली पुलिस व तहसील प्रशासन पहुंचा। प्रशासन की टीम ने कोर्ट ने आदेश पर आठ माह पूर्व कब्र में दफनाएं शव के कंकाल को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे लोगों में अफरा-तफरी मची रही। मामले में मृतक 55 वर्षीय शब्बीर के भाई ने पत्नी और उसके दो भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है।चंद्रावती गांव निवासी शब्बीर पत्नी नूरजहां व सात बच्चों के साथ डीलिया ग्राम सभा के करीमाबाद ससुराल में रहता था। बीते 23 नवंबर को घर में फांसी के फंदे से लटककर उसकी मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही शव को दफना दिया। इधर मौत की सूचना दो दिन बाद शब्बीर के भाई इस्लाम व शोभा को मिली तो आनन-फानन मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए शव के पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग करने लगे, लेकिन पुलिस उनकी एक न सुनी। अंत में उसने कोर्ट का सहारा लिया और नूरजहां एवं उनके भाई मान सिंह और ईशु पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। फरियादी की फरियाद को सुनते हुए कोर्ट ने शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। इसके बाद यह कार्रवाई की गई। सदर तहसीलदार अभिषेक राय, सीओ सिटी गौरव सिंह, कोतवाल विमलेश मौर्या, ग्राम प्रधान अनिल बिंद आदि रहे।