गाजीपुर। (जंगीपुर) खेत पर पिता के लिए खाना देकर घर के लिए निकले दो युवक व दो युवतियों का घर न पहुंचने पर घर में कोहराम मच गया। परिजनों द्वारा आस पास सहित नाते रिश्तेदारों के यहां भी पता करने के बाद भी जब लापता बालक बालिकाओ का कुछ पता नहीं पता चला तब थक हार परिजन इसकी सूचना पुलिस को दिए। पुलिस ने तहरीर लेकर तलाश में जुट गई हैं। जंगीपुर थाना क्षेत्र के बघोल गांव निवासी मुन्ना मुसहर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीते 15 जुलाई की दोपहर पुत्री लीलमी (17), पुत्र किशन (12), राजन (8) और चचेरे भाई श्यामदेव की पुत्री आरती (17) के साथ घर से खाना देने के लिए खेत पर आई थी। खेत से खाना देने के बाद बच्चे घर नहीं पहुँचे। शाम को जब परिजन खेत से घर पहुंचे तो चारों बच्चे घर नहीं मिले। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो कुछ पता नहीं चला। पड़ोसियों एवं रिश्तेदारों के यहां भी काफी तलाश की गई लेकिन चारों बच्चों की जानकारी नहीं मिल पाई। इधर बच्चों के दो दिन से लापता होने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मुन्ना मुसहर की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर चारों बच्चों की तलाश में जुट गई है लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी है तहरीर पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्जकर बच्चों की तलाश की जा रही है। जल्द ही पुलिस पता लगा लेगी।
Category Archives: Crime
शादी में चली गोली, कई घायल
गाजीपुर। शहर कोतवाली के एक निजी पैलेस में शादी में डीजे बजाने के समय हंगामा हो गया। घरातियों और बारातियों ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया। इसी विवाद को लेकर गोली चली जिससे दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। आरोप है कि विवाद के चलते एक व्यक्ति अपने तीन साथियों के साथ असलहे से फायर कर दिया जिसमें कुल 6 लोग बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। साथ ही लड़के पक्ष से मिली तहरीर के मुताबिक एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिरनो थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव निवासी नरेंद्र कुशवाहा के भतीजे अनिल कुशवाहा की बारात सदर कोतवाली क्षेत्र के आलम पट्टी स्थित एक मैरेज हाल में आई हुई थी। लड़की पक्ष नोनहरा थाना क्षेत्र के नगवा उर्फ नवापुर के रहने वाले है। लड़की के पिता सोनभद्र में सिपाही है। उनके साथी सिपाही रविंद्र नाथ सिंह यादव भी शादी में आया था। जो नशे में होने के कारण डीजे बजाने को लेकर हंगामा करने लगा। बराती और घराती पक्ष द्वारा समझा बूझाकर उन्हें एक कमरे में बैठा दिया गया। तहरीर के आरोप है कि कमरे से निकलने के 2 घंटे बाद रविंद्र नाथ सिंह यादव शादी के कार्यक्रम में अपने तीन साथियों के साथ पहुंचा, जो असलहे से फायर कर दिए। जिससे 6 लोग बुरी तरह घायल हो गए। वही फायर करने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए। उनमें से एक व्यक्ति की पहचान लोगों ने अरविंद सिंह यादव के रूप में की, जो वाराणसी जनपद में डायल 112 में ड्राइवर के पद पर नियुक्त है। घायल धर्मेन्द्र कुशवाहा, अनिल सिंह कुशवाहा, पंकज, निखिल तिवारी, बिकेन्द्र कुशवाहा,अंकित कुशवाहा को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां तीन की हालत गंभीर होने पर वाराणसी भेजा गया है। पीड़ित के परिजनों ने कोतवाली में कर्रवाई हेतु तहरीर दी। इस संबंध को कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि परिजनों के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
24 घंटे में हत्यारे गिरफ्तार
गाजीपुर। 27 जून को भुड़कुड़ा क्षेत्र के ग्राम घटारो में हुए हत्या का 24 घंटे में खुलासा करते हुए क्राइम ब्रांच और भुड़कुड़ा थाना पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी एसपी ओमवीर सिंह ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर दिया। उन्होंने कहा कि मृतक विमलेस चौहान हत्या उसके ही भतीजे ने किया था। एसपी ने बताया कि कल 27 जून को थाना भुडकुड़ा क्षेत्र के ग्राम घटारो मे मृतक विमलेस चौहान पुत्र शंकर चौहान की हत्या के प्रकरण में स्वाट/सर्विलांस व थाना भुड़कुड़ा की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मृतक विमलेश की हत्या से संबंधित चार अभियुक्तों को शुक्रवार को जखनियां रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि हम लोगो के बीच जमीन का विवाद था इसलिए हम लोगो ने मिलकर विमलेश चौहान की हत्या कर दिया। गिरफ्तार अभियुक्त में बिट्टू चौहान पुत्र इन्द्रदेव चौहान उम्र 24 वर्ष, पिन्टू चौहान पुत्र इन्द्रदेव चौहान उम्र 19 वर्ष, बिन्दू देवी पत्नी इन्द्रदेव चौहान उम्र 41 वर्ष और पूजा चौहान पुत्री इन्द्रदेव चौहान उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम घटारो थाना भुडकुड़ा शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक देशी तमंचा 315 बोर व 1 खोखा कारतूस. 315 बोर, दो सूखे बास का डंडा बरामद किया गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक थाना भुड़कुड़ा मय टीम और प्रभारी स्वाट/सर्विलांस मय टीम शामिल रहे।
एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को किया गिरफ्तार
एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को घूस लेते हुए रंगे हाथ किया गिरफ्तार
जमीन का मुआवजा दिलाने के नाम पर मांगा था पांच हजार का घुस
गाजीपुर। बुधवार को मोहम्मदाबाद तहसील में रिकॉर्ड कीपर लेखपाल को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ घुस लेते गिरफ्तार किया। मालूम हो कि शिकायतकर्ता शिवकुमार सिन्हा पुत्र स्व रविंद्र नाथ सिन्हा ग्राम पोस्ट थाना करीमुद्दीनपुर के शिकायत के आधार पर तहसील परिसर के बरामदे से संपत्ति राजस्व लेखपाल सुरेंद्र सिंह यादव पुत्र स्व रामायण सिंह यादव को पांच हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि जमीन के मुआवजा से संबंधित पत्रावली को आगे बढ़ाने के एवज में लेखपाल द्वारा पांच हजार रुपए की की गई थी। इस मामले की जानकारी हम लोगों ने एंटी करप्शन टीम को दी। जिसके बाद यह कार्रवाई आज बुधवार को एंटी करप्शन टीम द्वारा की गई है। लेखपाल को गिरफ्तार करने वाले एंटी करप्शन टीम में टीम प्रभारी सदबीर सिंह, नीरज सिंह, प्रमोद कुमार, मैनेजर सिंह, शैलेंद्र कुमार राय, विनोद कुमार अजय यादव, आशीष शुक्ला, मिथिलेश यादव, सूरज गुप्ता, अश्वनी पांडे और विनय कुमार शामिल रहे।
शोरूम में आग लगाने वाला शख्स गिरफ्तार
शोरूम में आग लगाने वाला शख्स गिरफ्तार
नौकरी से निकालने पर लगाई थी आग
गाजीपुर। क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस ने बीते दिनों 13 जून को लाल दरवाजा स्थित ओम प्रकाश अग्रवाल के कपड़े की दुकान (बेबी लैण्ड) में आग लगाने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी एसपी ने मंगलवार को अपने कार्यालय में पुलिस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि 13 जून को थाना कोतवाली क्षेत्र के लाल दरवाजा में अभियुक्त संजय कश्यप उर्फ श्याम पुत्र कालीचरन उर्फ गोपी निवासी अंजही घाट मारकीनगंज थाना कोतवाली द्वारा ओम प्रकाश अग्रवाल की बेबी लैण्ड नाम की दुकान में आग लगा दी गई। जिस संबंध में थाना कोतवाली में इस मामले में संजय कश्यप के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। मुकदमे के बाद फरार चल रहा है संजय कश्यप को मंगलवार को सुबह 7.30 बजे क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस ने राजकीय सिटी स्कूल के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त संजय कश्यप ने बताया कि मैं ओम प्रकाश अग्रवाल के कपड़े की दुकान में पिछले 7-8 वर्षों तक कार्य किया था। परन्तु ओम प्रकाश अग्रवाल ने मुझे 6 महीने पहले ही बेइज्जत करके दुकान से निकाल दिया था। तभी से मुझे आत्मग्लानि महसूस हो रही थी। जिसके बाद मैं इनका नुकसान करने की फिराक में था। इसी रंजिश में मैंने 13 जून को मौका देखकर इनकी दुकान में आग लगा दिया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक सरिया लम्बाई करीब डेढ़ फुट, एक आरी ब्लेड और एक पेंचकस बरामद किया गया। अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल पाण्डेय और क्राइम ब्रांच टीम के प्रभारी रामाश्रय राय, चंदन मणि त्रिपाठी शामिल रहे।
बीते महीनों हुए हत्या का पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस ने किया हत्या का खुलासा
शादी ना होने पर की थी हत्या
गाजीपुर। क्राइम ब्रांच और सैदपुर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 23 मई को हुए हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी सपा में मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने कहा कि क्राइम ब्रांच और सैदपुर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 23 मई को सैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चकिया खतीब (मनसुखवाँ) में विनोद पुत्र बृजनाथ की हत्या का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को क्राइम ब्रांच और सैदपुर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को 5 बजे ग्राम कटया थाना सादात के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक अपाचे मोटर साइकिल (UP50CU9215 ) बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि जिस लड़की से मेरी शादी तय थी, विनोद उस लड़की पर दबाव बनाता था कि मुझसे वह शादी न करे और उसके दबाव बनाने के कारण मेरी शादी टूट गई । जिससे मैं उससे रंजिश रखता था, उसी रंजिश में मैंने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम- कुन्दन उर्फ मोहित राजभर पुत्र महेन्द्र राजभर निवासी ग्राम कटया थाना सादात उम्र 29 वर्ष है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम सैदपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक और क्राइम ब्रांच प्रभारी रामाश्रय राय, चंदनमणि त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।
आभूषण और पैसे लेकर कर हुए फरार
गहनें और पैसे लेकर चोर हुआ फरार
गाजीपुर। रेवतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामबृक्षकापुरा में बीते सोमवार की देर रात को चोरों ने छत के सहारे मकान में प्रवेश कर कमरें का ताला तोडकर अटैची, ब्रीफकेश में रखा सोने व चांदी के करीब दो लाख का आभूषण व उन्नीस हजार नगदी लेकर फरार हो गये। अटैची, ब्रीफकेश को मकान के बगल में एक खेत में फेंक दिया। इसकी जानकारी पिडित परिवार को मंगलवार की सुबह हुई। जब वह शौच के लिए छत से नीचे उतरे तो देखा कि कमरें का दरवाजा टूटा पडा हुआ है, कमरें के अंदर प्रवेश करते ही उसके होश उड गये। उसमें रखा अटैची, ब्रीफकेश समेत उसमें रखा सोने का मंगलसूत्र, चांदी की करधनी, नाक, कान में का सोने का आभूषण जिसकी कीमत करीब दो लाख और उन्नीस हजार नगद गायब था। इसकी सूचना पिडित ने लिखित रूप से पुलिस को दी, चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच छानबीन में जुट गई।पिडित मोती लाल शर्मा ने बताया की वह बढई का काम करता है, वह अपने परिजनों के साथ रोज की तरह भोजन करने के बाद परिवार समेत रात को कमरा बंद कर छत पर सोने चले गये। उन्होंने बताया कि जब वह भोर में शौच के लिए छत से नीचे उतरे तो देखा कि कमरें के दरवाजा का ताला टूटा हुआ है, शक होने पर जब वह अंदर गया तो देखा कि अटैची, ब्रीफकेश गायब था। जिसमें उसकी पत्नी का सोने व चांदी का आभूषण के अलावा 19 हजार नगदी था। बताया कि चोरों ने आभूषण व नगदी लेकर बाकी सामान मकान के बगल में फेंककर फरार हो गये, पिडित ने पुलिस से मांग किया कि जल्द इस चोरी का पर्दाफाश कर चोरों को सलाखों के पिछे भेंजा जाए।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। बताया कि मौके पर पुलिस बल भेंज कर उसकी छानबीन की जा रही है। जल्द ही इसका पर्दाफाश कर दिया जाएगा ।
मुख्तार का बेटा अब्बास कासगंज जेल के लिए गाजीपुर से हुआ रवाना
गाजीपुर। मुख्तार अंसारी के बेटे और मऊ विधायक अब्बास अंसारी को गुरुवार की सुबह 5:00 बजे पुलिस कस्टडी में गाजीपुर जिला जेल से कासगंज के लिए रवाना किया गया। मालूम हो कि कोर्ट के आदेश पर अब्बास अंसारी को तीन दिनों की पैरोल मिली थी, जिसके क्रम में बीते 9 जून की सुबह अब्बास अंसारी कासगंज से गाजीपुर जिला जेल लाया गया था। पेरोल के तहत लगातार 10, 11 और 12 जून को जिला जेल से पैतृक आवास मोहम्मदाबाद फाटक ले जाया गया। अब्बास अंसारी को सुप्रीम कोर्ट से 10 से 12 जून तक पिता की मौत के बाद आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल होने और घर पर परिजनों से मुलाकात करने के लिए कस्टडी पैरोल मिली थी। अब्बास अंसारी को कोर्ट से 10 से 12 जून तक दिन मे अपने घर पर परिजनों के साथ रहने की पेरोल मिली थी। लेकिन हर दिन शाम को उसे वापस गाजीपुर जेल वापस लाने और रात मे अब्बास अंसारी को गाजीपुर जेल मे ही रखने का आदेश था। ये रूटीन 12 जून तक रहा। पैरोल खत्म होने के बाद अब्बास अंसारी को आज 13 जून को वापस कासगंज जेल के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना किया गया।
तीन दिनों की मिली पैरोल के पहले दिन बीते सोमवार को मुख्तार अंसारी का बेटा विधायक अब्बास अंसारी मुहम्मदाबाद के कालीबाग कब्रिस्तान पहुंचा था। कब्रिस्तान मे पहुंच कर अब्बास अपने पिता मुख्तार अंसारी के मिलाद कार्यक्रम मे शरीक हुआ था। इस दौरान अब्बास ने अपने पिता मुख्तार अंसारी की कब्र पर चादरपोशी कर फतिहा पढा। इसके बाद अगले दो दिन तक अब्बास अंसारी को पुलिस कस्टडी में जिला जेल से पैतृक घर मोहम्मदाबाद पहुंचाया गया।
सवा करोड के हेरोइन के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सवा करोड़ के हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार
गाजीपुर। स्वाट/सर्विलांस व जमानिया पुलिस की संयुक्त टीम ने (हेरोइन) की तस्करी करने वाले दो अंतर्राज्यीय अभियुक्तों को 670 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय कीमत 1 करोड़ 25 लाख रुपये है। इसकी जानकारी एसपी ऑफिस में एसपी ओमवीर सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि 11 जून यानी मंगलवार को स्वाट/सर्विलांस व जमानिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अन्तर्राज्यीय मादक पदार्थ (हेरोइन) की अवैध तस्करी करने वाले गिरोह के दो अभियुक्तों को 670 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन (जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय कीमत लगभग 01 करोड़ 25 लाख रूपये है) उसके साथ जमानियाँ गंगापुल के पास से समय करीब रात 8 बजे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तो द्वारा बताया गया कि हम लोग चितरा झारखण्ड से कम कीमत पर नशीले पदार्थ को खरीदकर राजस्थान, कोटा, दिल्ली में ले जाकर ऊँची कीमतों पर बेचते हैं। उनसे मिलने वाले पैसों को आपस में बाँट लेते हैं और उसी पैसे से अपना व अपने परिवार का भरण-पोषण व शौक पूरे करते हैं।

गिऱफ्तारशुदा अभियुक्तों में शुभम उर्फ राजू सिंह पुत्र शम्भू सिंह निवासी ग्राम कुर्रा पोस्ट अकोढी थाना मोहनियाँ जनपद कैमूर भभुआ (बिहार) उम्र 28 वर्ष और विनोद कुमार प्रजापति पुत्र नथुना प्रजापति निवासी रामपुर पोस्ट रामपुर थाना राजपुर भभुआ बिहार उम्र करीब 31 वर्ष शामिल हैं। इस सभी के पास से एक दो पहिया वाहन भी बरामद किया गया जिसकी संख्या UP67A 3456 है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जमानियां की पुलिस टीम और प्रभारी स्वाट/सर्विलांस की पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस ने हत्यारों के घर चस्पा की कुर्की की नोटिस, दिया अल्टीमेटम
पुलिस ने हत्यारों के घर चस्पा की कुर्की की नोटिस, दिया अल्टीमेटम
अनंत राय के हत्या के मामले में फरार चल रहे हैं दोनों आरोपी
कुर्ती की नोटिस चस्पा होने के बाद भी हाजिर नहीं होते हैं तो अगली कार्रवाई कुर्की की होगी: सुहवल थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी

रेवतीपुर। सुहवल निवासी प्रॉपर्टी डीलर अनंत राय उम्र करीब तीस वर्ष के चार साल पहले हत्या कर शव गायब करने के मामलें में फरार चल रहे रामनरेश राय के घर मिश्रबाजार व शिवजी राय हाटा मुहम्दाबाद के घर सहित अन्य सार्वजनिक जगहों पर आज बुधवार को सुहवल पुलिस ने सीजेएम कोर्ट के आदेश पर डुगडुग्गी पिटवा कर धारा 82 के तहत कुर्की के वारंट की नोटिस चस्पा कर दिया।पुलिस की इस कार्यवाई के चलते आरोपियों के परिजनों, गाँव एवं उनके शरणदाताओं में हडकंम्प मच गया है।साथ ही पुलिस ने चेताया कि अगर आरोपी जल्द न्यायालय में हाजिर नहीं होते है, तो अगली कार्यवाई कुर्की की होगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अनंत राय की हत्या कर शव गायब करने के मामलें में कुल पांच आरोपी है, जिसमें से दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर उनका चालान कर चुकी है, जबकि एक आरोपी को हाईकोर्ट से इस मामलें में उसकी गिरफ्तारी पर स्टे मिल चुका है, शेष दो वांछित आरोपितो की पुलिस को अभी तक तलाश है जो घटना के बाद से ही फरार चल रहे है। प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि करीब चार साल पहले सुहवल गाँव के अनंत राय पुत्र शम्भू नाथ राय तीस वर्ष जो प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था, वह इन लोगों के सम्पर्क में किसी तरह आ गया। बताया कि मामलें में आरोपितो ने अनंत राय की गाजीपुर स्थित जमीन व मकान पर कब्जा कर लिया। उन्होंने बताया कि जब अनंत राय ने आरोपितो से जमीन खाली करने को कहा तो सभी ने मिलकर अनंत राय को जमीन देने की बात कह गाजीपुर बुलाकर उसकी हत्या कर शव को गायब कर दिया। जिसके बाद मृतक युवक की मां ने सुहवल थाने में पांच आरोपितो के खिलाफ पुत्र की हत्या कर शव गायब करने का मुकदमा पंजीकृत कराया था। प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि अब अगर आरोपी इसके बाद भी न्यायालय या पुलिस के समक्ष सरेंडर नहीं करते है तो अगली कार्यवाई कुर्की की होगी।
